ऊना में शराब कारोबारियों के साथ पुलिस-आबकारी विभाग की संयुक्त बैठक, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

Written by

in

ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना और आबकारी एवं कराधान विभाग ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय ऊना में जिले के सभी लाइसेंसधारी शराब कारोबारियों के साथ संयुक्त समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक आईपीएस सचिन हिरेमठ ने की, जबकि आबकारी एवं कराधान विभाग के उपायुक्त विशाल गोरला सहित विभाग के सभी सर्कल अधिकारी और जिला पुलिस के राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आबकारी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना तथा अवैध शराब के कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना रहा। बैठक में कारोबारियों को निर्देश दिए गए कि वे केवल लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप ही शराब का भंडारण और बिक्री करें, निर्धारित समय का पालन करें, नाबालिगों को शराब न बेचें तथा दुकानों में सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू रखें। साथ ही अवैध शराब, तस्करी या मिलावटी शराब से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम सहित अन्य संबंधित कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने कहा कि जिला पुलिस वैध कारोबार को पूरी सुरक्षा और सहयोग देना चाहती है, लेकिन कानून तोड़ने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने सभी कारोबारियों से प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखते हुए जिले में शांति और कानून व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करने की अपील की। वहीं, आबकारी एवं कराधान विभाग के उपायुक्त विशाल गोरला ने कारोबारियों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि उनके मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त अभियान चलाएंगे तथा जिम्मेदार व्यापारिक आचरण को बढ़ावा दिया जाएगा।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *