20 स्कॉर्पियो गाड़ियों में आए बदमाश, ठेकेदार का आरोप गैंगस्टर के नाम पर मांगी रंगदारी, देखें वीडियो

Written by

in

गुरुग्राम: सेक्टर-108 थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन साइट पर कथित रंगदारी मांगने और ठेकेदार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ठेकेदार मनीष दहिया ने राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। दबंग 20 स्कॉर्पियो गाड़ियों सवार होकर पहुंचे थे। मनीष दहिया के पास सेक्टर-108 और 106 में दो बिल्डर साइट पर पानी व मिट्टी का ठेका है। ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि उसकी निर्माण साइट पर कई स्कॉर्पियो गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे दर्जनों लोगों ने न सिर्फ शक्ति प्रदर्शन किया, बल्कि काम जारी रखने के लिए हिस्सेदारी और पैसे देने का दबाव भी बनाया।

विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि इस घटना के बाद निर्माण स्थल पर भय का माहौल बन गया। पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना निर्माण स्थल पर लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है। मनीष दहिया ने सेक्टर-108 थाना पुलिस को दी गई शिकायत में दविंदर उर्फ सुक्कू, दिनेश दहिया समेत कई अन्य लोगों के नाम दर्ज कराए हैं।

साथ ही उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है। उन्होंने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि नामजद आरोपी कथित रूप से कौशल चौधरी गैंग से जुड़े हुए हैं। हालांकि, इस दावे की पुष्टि अभी नहीं हुई है और इसकी सत्यता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। वहीं, सेक्टर-108 थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *