पटाखा फैक्टरी में लगी भीषण आग, 8 लोगों की मौत, 15 घायल

Written by

in

धमाकों से दहला पूरा इलाका, बिना लाइसेंस चल रही थी फैक्टरी

अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

आग लगते ही होने लगे तेज धमाके
जानकारी के अनुसार, यह हादसा अहमदाबाद के मेहमदपुरा स्थित टैलेंट पटाखा फैक्टरी में हुआ। आग लगने के कुछ ही देर बाद फैक्टरी में रखे पटाखों और विस्फोटक सामग्री में लगातार धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सुरक्षा के लिए आसपास के इलाके को खाली कराया गया।

कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया धुएं का गुबार
आग इतनी भीषण थी कि फैक्टरी से उठता काला धुआं कई सौ मीटर ऊंचाई तक पहुंच गया। धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रहा था। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि आग किस वजह से लगी। इसकी जांच की जा रही है।

बिना लाइसेंस चल रही थी फैक्टरी
जेपीसी क्राइम ब्रांच के अधिकारी शरद सिंघल ने बताया कि हादसे के समय फैक्टरी में करीब 15 कर्मचारी काम कर रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि फैक्टरी बिना लाइसेंस के चलाई जा रही थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस कर रही है जांच
पुलिस और प्रशासन की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आग लगने की असली वजह क्या थी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बिना लाइसेंस फैक्टरी कैसे चल रही थी और सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया।

घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
यह हादसा रामोल-गात्राड रोड स्थित फैक्टरी में हुआ। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के साथ-साथ घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि इस दुख की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। पीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। स्थानीय प्रशासन को सभी प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 

 

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *