बारिश को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, सभी स्कूल बंद

Written by

in

शिमलाः हिमाचल प्रदेश में अगले 2 दिन मौसम को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 20 जुलाई और कल 21 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बहुत भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, मलबा आने, निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि और फ्लैश फ्लड का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में संभावित प्राकृतिक आपदा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आनी और निरमंड उपमंडलों के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों को मंगलवार, 21 जुलाई को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम सामान्य होने तक सतर्कता बरती जाएगी। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुराग चन्द्र शर्मा ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 तथा 34(एम) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किए हैं। आदेश के दायरे में सरकारी और निजी स्कूलों के अलावा डाइट, आंगनवाड़ी केंद्र, महाविद्यालय, आइटीआइ, पालिटेक्निक, इंजीनियरिंग तथा फार्मेसी कॉलेज भी शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार यह निर्णय आनी और निरमंड के उपमंडल अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है।

लगातार हो रही वर्षा, भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम आवश्यक माना गया। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों और अधिकारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि रेड अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के समीप न जाएं और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने कहा कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *