Punjab News: पानी के टैंक में गिरे नंदी महाराज, 4 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, देखें वीडियो

Written by

in

मोहालीः सेक्टर-82 स्थित एक निर्माणाधीन भवन के वाॅटर टैंक में देर रात नंदी महाराज पानी के टैंक में गिर गए। घटना की सूचना मिलने पर गौं सेवा की टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया। देर रात 4 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद नंदी महाराज को बाहर निकाला गया। दरअसल, समिति को 9 बजे अपनी टोल-फ्री हेल्पलाइन पर सूचना मिली कि एक नंदी गहरे वाॅटर टैंक में गिर गया है और बाहर नहीं निकल पा रहा है। समिति की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। दरअसल, समीति को बताया गया कि साइट पर पानी का एक गहरा टैंक खुला पड़ा था। रात के समय अंधेरा होने के कारण नंदी का संतुलन बिगड़ गया और वह टैंक में गिर गया।

इसके बाद वह पूरी रात वहीं फंसा रहा। टैंक काफी गहरा होने के कारण नंदी को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। रेस्क्यू टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सावधानीपूर्वक बचाव अभियान शुरू किया। रस्सियों और अन्य उपकरणों की सहायता से करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद नंदी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू टीम ने इस दौरान विशेष सावधानी बरती, ताकि नंदी को किसी तरह की गंभीर चोट न पहुंचे। घटना के बाद लोगों ने निर्माणाधीन साइट्स पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि खुले पड़े गहरे टैंक और गड्ढे आवारा पशुओं के साथ-साथ इंसानों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकते हैं।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निर्माणाधीन साइट्स पर खुले टैंकों और गड्ढों को ढकने या उनके आसपास सुरक्षा बैरिकेड लगाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। गौ ग्रास सेवा समिति ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी इलाके में घायल, दुर्घटनाग्रस्त या बेसहारा गोवंश दिखाई दे, तो तुरंत समिति की हेल्पलाइन पर सूचना दें। जरूरत पड़ने पर समिति की एंबुलेंस और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंचती है। गंभीर मामलों में गोवंश को फेज-1 स्थित गौ अस्पताल एवं गौशाला में भर्ती कर इलाज उपलब्ध कराया जाता है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *