SSRVM वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ऊना में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

Written by

in

ऊना,सुशील पंडित:  SSRVM वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ऊना में रोटरी क्लब ऊना के सहयोग से गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर एवं ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण विषय पर एक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर, इसके कारणों, बचाव तथा एचपीवी टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर लगभग 85 छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. रामपाल, खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ), बसदेहड़ा तथा डॉ. पुष्पिंदर राणा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) थे। उन्होंने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है तथा समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस बीमारी से बचाव का प्रभावी एवं सुरक्षित उपाय है। उन्होंने छात्राओं एवं अभिभावकों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को भी दूर किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब ऊना ने एचपीवी टीकाकरण करवा चुकी छह छात्राओं वंशिका, समीक्षा, गरिमा, प्रियांशी, तन्वी राणा तथा साहिबजोत को सम्मानित किया और उनके इस सराहनीय कदम की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऊना की ओर से शशि शर्मा, रीना वर्मा, महेंद्र वर्मा, अजय शर्मा, अश्वनी ऐरी, हरीश साहनी, राकेश कैलाश तथा प्रभजोत सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर सुमेश कुमार शर्मा ने कहा कि ऐसी जागरूकता पहल समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने अभिभावकों से चिकित्सकीय सलाह के अनुसार एचपीवी टीकाकरण अपनाने तथा इस विषय में जागरूकता फैलाने का आग्रह किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या बृज बाला शर्मा ने रोटरी क्लब ऊना तथा दोनों विशेषज्ञ चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य एवं समग्र विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को सही जानकारी प्रदान कर स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि जो किशोरियाँ एचपीवी टीका लगवाने के लिए सहमत होंगी, उनके लिए विद्यालय परिसर में ही टीकाकरण की समुचित व्यवस्था की जाएगी, जिससे उन्हें यह सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम सभी प्रतिभागियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *