ऊनाः हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में पंजाब से सटे मैहतपुर में एक शराब के ठेके पर जमकर हंगामा देखने को मिला। दरअसल, देर रात कारोबारी और पुलिस के बीच हाथापाई हो गई। जहां शराब कारोबारी और पुलिस ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस शराब ठेके पर पहुंची थी, जहां सेल्समैन और पुलिस में हाथापाई हो गई। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। जिनमें वर्दीधारी और सादे कपड़ों में मौजूद पुलिस कर्मियों तथा शराब ठेके के सेल्समैन के बीच हाथापाई और खींचतान होती दिखाई दे रही है।
वीडियो में शराब की बोतलों के टूटने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं, जिससे घटना को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। एक ओर पुलिस ने शराब ठेके के कर्मचारियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों से मारपीट करने और शराब की बोतलें तोड़ने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया है, वहीं दूसरी ओर शराब कारोबारी ने पुलिस कर्मियों पर बिना अधिकार ठेके में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जबरन ताला लगाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया।
घटना के बाद शराब कारोबारी टीएन द्विवेदी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि देर रात उनके सेल्समैन ने उन्हें फोन कर बताया कि कुछ लोग ठेके पर आकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। जब उन्होंने पुलिस को सूचना देने की बात कही तो सेल्समैन ने बताया कि मारपीट करने वाले स्वयं पुलिस अधिकारी और कर्मचारी हैं। टीएन द्विवेदी का कहना है कि दिन में उनका एक व्यक्ति के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि पुलिस कर्मचारियों ने ठेके में तोड़फोड़ की गई।
शराब कारोबारी ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने बिना किसी वैधानिक आदेश या कानूनी प्रक्रिया के उनके शराब ठेके पर ताला लगा दिया। जिसके बाद अब आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में ठेके का ताला खुलवाया गया, जिसके बाद कारोबार दोबारा शुरू हो सका। वहीं एसपी पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने बताया कि पुलिस की ओर से शराब ठेके के कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस कर्मियों से मारपीट करने तथा उन पर शराब की बोतलें तोड़ने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस के पास दूसरे पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई हैं।

Leave a Reply