Punjab News: PAU के बाहर थार और कार में हुई भीषण टक्कर, देखें CCTV

Written by

in

लुधियानाः जिले के पी.ए.यू. थाना क्षेत्र में थार और इंडेवर कार में भीषण टक्कर हो गई। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दोनों वाहन बुरी तरह से टकराए और थार हादसे के बाद कच्चे रास्ते पर उतर गई। वहीं घटना के बाद इंडेवर कार में पुलिस कर्मी बाहर निकला। जिसके बाद अन्य लोग घटना स्थल पर हादसे देख रूक गए और मदद के लिए आगे आए। वहीं पुलिस कर्मी थार सवार की मदद करने की बजाये सड़क किनारे जाकर खड़ा हो गया। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई भी घायल नहीं हुआ।
हादसे में शामिल एक कार के चालक अतुल ने बताया कि वह पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) में फूडटेक का छात्र है। उसने जानकारी दी कि वह अपनी कार से पीएयू के गेट नंबर-5 से बाहर निकल रहा था, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के तुरंत बाद दोनों कारों के चालकों के बीच कुछ देर कहासुनी और बहस हुई। स्थिति को बिगड़ता देख वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और पी.ए.यू. थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों का निरीक्षण करने के बाद चालकों को थाने तलब किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और दुर्घटना के सही कारणों की पुष्टि के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।  

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *