Punjab: Railway Station से 7 महीने की बच्ची हुई चोरी

लुधियानाः रेलवे स्टेशन से 7 महीने की बच्ची चोरी होने की घटना सामने आई है। लड़की का नाम खुशी पटेल बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बच्ची के परिजन और पूरा परिवार देर रात माता वैष्णो देवी से लौट आया। रात अधिक होने के कारण परिवार स्टेशन पर ही सो गया। सुबह वह उठे तो देखा कि बच्ची गायब है। काफी देर तक तलाश करने के बाद जब बच्ची नहीं मिली तो इसकी सूचना रेलवे पुलिस चौकी को दी गई। पुलिस ने लड़की की तलाश के लिए टीमें गठित कर शहर और आसपास के इलाकों में तलाश शुरू कर दी है।

लड़की खुशी पटेल के पिता चंदन कुमार ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन करने गये थे। बीती रात करीब 2 बजे वह हेमकुंट एक्सप्रेस ट्रेन से वापस लुधियाना पहुंचे। इस दौरान उनके 3 बच्चे और उनके रिश्तेदार भी उनके साथ थे। उन्होंने कहा कि 10-12 लोग एक साथ यात्रा से लौट रहे थे। लड़की के पिता चंदन कुमार ने बताया कि रात 2 बजे बज जाने के चलते और सुरक्षा कारणों से वे रातभर स्टेशन पर ही सो गए। उन्होंने कहा कि सुबह उन्होंने अपने गांव वापिस जाना था।

उन्होंने बताया कि बच्चे को दूध पिलाने के बाद खुशी पटेल की मां भी लेट गईं और उन्हें भी नींद आ गई। बच्ची अपनी मां के बीच लेटी हुई थी। चंदन कुमार ने बताया कि सुबह 5 बजे जब सफाईकर्मी ने उन्हें स्टेशन के प्लेटफार्म पर उठाया तो उनकी आंख खुल गयी, इसी बीच उन्होंने देखा कि बच्ची गायब है। पीड़ित लड़की के पिता ने बताया कि उसके परिवार वालों ने लड़की को काफी खोजा और बाद में जीआरपी को सूचना दी गई। गौरतलब है कि इससे पहले भी रेलवे स्टेशन से 2 साल की बच्ची की चोरी का मामला सामने आया था। पुलिस 7 महीने की बच्ची की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे की भी जांच कर रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *