मूसेवाला हत्याकांड में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, फरार शूटर पुणे से गिरफ्तार

नई दिल्ली : पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड मामले में बुधवार को पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। इस केस में एक और गिरफ्तारी हुई है। फरार आरोपी सौरभ उर्फ महाकाल को पुणे ग्रामीण की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस केस में पुलिस 8 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस ने मंगलवार को कहा कि आरोपियों को, गायक पर गोली चलाने वाले लोगों को रहने की जगह उपलब्ध कराने, टोह लेने (रेकी) और अन्य प्रकार की सुविधा मुहैया कराने के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह भी कहा कि उन्होंने वारदात को अंजाम देने वाले चार शूटर की भी पहचान की है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हरियाणा में सिरसा निवासी संदीप सिंह उर्फ केकड़ा, बठिंडा के तलवंडी साबो निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना और ढैपई, फरीदकोट के रहने वाले मनप्रीत भाऊ के रूप में की गई है। इसके अलावा अमृतसर के डोडे कलसिया गांव निवासी सराज मिंटू, हरियाणा में तखत मल के रहने वाले प्रभदीप सिद्धू उर्फ पब्बी, सोनीपत हरियाणा के रेवली गांव के रहने वाले मोनू डागर, हरियाणा में फतेहाबाद के निवासी पवन बिश्नोई और नसीब के रूप में की गई है।

गौरतलब है कि 29 मई को पंजाब के मनसा में कुछ अज्ञात हमलावरों ने मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस का कहना है कि इसके पीछे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का हाथ है। हालांकि, हत्या के कुछ देर बाद फेसबुक पोस्ट के जरिए गोल्डी बरार व लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इसकी जिम्मेदारी भी ली थी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *