कांग्रेस को एक और बड़ा झटकाः पार्टी अध्यक्ष ने पद से दिया इस्तीफा….

चंडीगढ़। चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चावला ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है। चावला ने शनिवार को पार्टी हाईकमान को इस्तीफा भेजा है। सुभाष चावला करीब सवा साल से पार्टी के अध्यक्ष थे। इससे पहले प्रदीप छाबड़ा को अध्यक्ष पद से हटाकर सुभाष चावला को प्रेसिडेंट पद की जिम्मेदारी सौंपी थी। चावला ने खुद इस्तीफे देने की पुष्टि की है।  

बता दें कि कांग्रेस में लगातार गुटबाजी बढ़ रही थी। इस वजह से कई नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे थे। दो दिन पहले ही कांग्रेस पार्षद गुरचरणजीत सिंह काला भाजपा में शामिल हुए हैं। पार्टी हाईकमान पिछले साल ही सुभाष चावला को प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। जिस समय प्रदीप छाबड़ा को अध्यक्ष पद से हटाकर चावला को प्रेसिडेंट बनाया गया था, उस समय छाबड़ा पार्टी हाईकमान से नाराज थे। इसके बाद वह आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।

पिछले साल दिसंबर में हुए नगर निगम चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन काफी खराब रहा था। कांग्रेस 35 में से सिर्फ 8 सीट ही जीत पाई थी। वहीं अब इन 8 पार्षदों में से दो पार्षद पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। पार्टी के अच्छा प्रदर्शन न करने और गुटबाजी बढ़ने के लिए कई नेता पार्टी अध्यक्ष चावला को भी जिम्मेदार बता रहे थे।

सुभाष चावला साल 1980 से कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल के करीबी हैं। चावला को अध्यक्ष पद से हटाने के बाद अब नए अध्यक्ष को पार्टी हाईकमान द्वारा नियुक्त किया जाएगा। नए अध्यक्ष की दौड़ में एचएस लक्की का नाम सबसे आगे है। लक्की के अलावा पूर्व मेयर कमलेश, भूपेंद्र बरेड़ी, डीडी जिंदल, पवन शर्मा का नाम भी अध्यक्ष पद के दावेदार के तौर पर बताया जा रहा है। सुभाष चावला ने इस्तीफा देने से पहले पार्टी प्रभारी हरीश चौधरी से बात की है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *