किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी जल्द करवाएं अपना आधार सत्यापन

ऊना/सुशील पंडित: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पंजीकृत किसानों का ई-केवाईसी सत्यापन करने का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बताया कि योजना के तहत पंजीकृत किसान पीएम किसान पोर्टल या ऐप के माध्यम से ई-केवाईसी सत्यापन विकल्प द्वारा स्वयं अपना आधार प्रमाणीकरण निःशुल्क कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में आधार से लिंक मोबाईल पर ओटीपी आएगा जिसका उपयोग कर आधार सत्यापन पूर्ण होगा।

राघव शर्मा ने कहा कि यदि किसी किसान का आधार मोबाईल से लिंक नहीं है या ओटीपी नहीं आ रहा है तो वह नजदीकी लोकमित्र केंद्र से सम्पर्क कर बायोमैट्रिक मशीन द्वारा भी आधार प्रमाणीकरण करवा सकते हैं। इसके लिए सरकार द्वारा 15 रूपये शुल्क तय किया गया हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया 20 जुलाई तक पूर्ण की जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना के तहत आगामी किश्त का लाभ ई-केवाईसी करवाने के बाद ही संभव है। इसके अलावा योजना के लाभार्थी की भूमि संबंधी जानकारी भी अनिवार्य कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अपने क्षेत्र के पटवारी से सम्पर्क स्थापित करके अपनी भूमि संबंधी जानकारी पूर्ण करवाएं ताकि उसे पीएम किसान पोर्टल पर अपडेट किया जा सके।

डीसी ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना की किश्त आधार नंबर पर आधारित प्रणाली के माध्यम से जारी की जा रही है जोकि सीधे किसानों के आधार से लिंक बैंक खाते में प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि आगामी किश्त का लाभ प्राप्त करने के लिए अपने बैंक खाते को 15 जुलाई तक आधार से लिंक करवाना सुनिश्चित करें।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *