सावन के पहले सोमवार पर मंदिर में मची भगदड़, 2 की मौत

सावन के पहले सोमवार बाबा महेंद्र नाथ शिव मंदिर से दुखद ख़बर सामने आई है। बिहार के सिवान जिले स्थित बाबा महेंद्र नाथ शिव मंदिर में भगदड़ मचने से 2 महिलाओं की मौत हो गई। सावन के पहले सोमवार को हुए इस हादसे में अन्य श्रद्धालु घायल भी हुए हैं। फिलहाल उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोरोना काल के बाद पहली बार सावन के सोमवार भारी भीड़ उमड़ी

इस घटना के बाद मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। यह घटना सिसवन प्रखंड के बाबा महेंद्रनाथ धाम प्रसिद्ध मंदिर में जलाभिषेक के दौरान हुई। दरअसल, मंदिर में कोरोना काल के बाद पहली बार सावन के सोमवार पर अल सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। इस बीच, शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए धक्का-मुक्की होने लगी और फिर भगदड़ मच गई।

लोगों ने प्रशासन पर बदइंतजामी के लगाए आरोप

बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं की इसी भागदौड़ में कुछ महिलाएं जमीन पर गिर पड़ीं और उन्हें उठने का मौका तक नहीं मिला. पैरों से दबने-कुचलने के चलते दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य दो बुरी तरह घायल हो गईं। जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कोरोना काल में श्रद्धालुओं के लिए मंदिर खुला नहीं था। दो साल बाद अब सावन के पहले सोमवार को मंदिर में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और हादसा हो गया। अब इसको लेकर लोगों ने प्रशासन पर बदइंतजामी के आरोप लगाए हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *