टाइल्स लगाने वाले मिस्त्री ने लगाई मर्सिडीज को आग, चौंकाने वाली वजह आई सामने, देखें वीडियो

नोएडाः उत्तर प्रदेश के नोएडा का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है जिसमें एक शख्स द्वारा मर्सिडीज कार में आग लगा देने का मामला सामने आया है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेग भी मिला है जिसमें आरोपी को कार में आग लगाते हुए देखा जा रहा है। इस वीडियो को लेकर यह दावा किया जा रहा है आरोपी को पैसे नहीं मिलने पर उसने जिसके यहां काम किया था उसकी ही मर्सिडीज कार को आग लगा दी है। ऐसे में इस वीडियो को खूब शेयर भी किया जा रहा है और सोशल मीडिया यूजर्स इस पर अलग-अलग रिएक्शन्स भी दे रहे है। 

बाइक पर आए शख्स ने लगाई गाड़ी को आग

32 सेकंड के इस वीडियो में यह देखा गया है कि एक शख्स बाइक पर आता है और उसे कार से कुछ दूर आगे खड़ा कर देता है। इसके बाद आरोपी बाइक पर बंधे पेट्रोल के केन को खोलता है और उसे छिड़क कर आग लगा देता है। वीडियो के अगले हिस्से में यह देखा गया है कि आरोपी घटना को अन्जाम देने के बाद बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो जाता है। पुलिस अब सीसीटीवी के आधार पर इस घटना की जांच कर रही है। यह मामला उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-39 कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर गांव का है। 

आरोपी रणवीर के ये है आरोप 

इस घटना को लेकर यह दावा किया जा रहा है कि आरोपी रणवीर ने एक शख्स के यहां टाइल्स लगाने का काम किया था। ऐसे में रणवीर का उस शख्स पर करीब 2.68 लाख रुपए बकाया था। जब कभी भी रणवीर उससे पैसे मांगता था, वह उसे माना कर देता था। बताया जा रहा है कि इस बात से गुस्सा होकर रणवीर ने शख्स की मर्सिडीज कार में आग लगा दी है। जानकारी के अनुसार, रणवीर मूल रूप से बिहार का निवासी है जो ग्रेटर नोएडा के रोजा जलालपुर गांव में रहता है। 
 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *