जालंधरः कार में बैठ हेरोइन पी रहे 7 लोग गिरफ्तार

जालंधर/वरुणः नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एकता विहार में कार के अंदर बैठकर हेरोइन पी रहे 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना रामामंडी के एसएचओ नवदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों से हेरोइन के साथ-साथ पीने वाला सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपियों की कार भी जब्त कर ली है।

आरोपियों की पहचान एकता नगर निवासी सतिंदर सिंह उर्फ छिंदा, होशियारपुर निवासी मनदीत सिंह, गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू निवासी मनीष कुमार, सेंट्रल टाउन निवासी रोहित उर्फ नन्नू, बेअंत नगर निवासी अमरदीप शर्मा, सागर एंक्लेव निवासी रणजोत सिंह और चंडीगढ़ मोहल्ला बस्ती दानिशमंदा निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है। थाना रामामंडी के प्रभारी नवदीप सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एकता विहार के पास कुछ लोग हेरोइन लेकर आए हैं। पुलिस ने मौके पर छापामारी की तो कुछ लोग कार में बैठकर हेरोइन पी रहे थे। उनके पास से 3 ग्राम हेरोइन और पीने वाला सामान बरामद किया।

नवदीप सिंह ने बताया कि सातों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी हेरोइन सप्लाई भी करते थे। गिरफ्तार किए गए सतिंदर सिंह के खिलाफ पहले भी थाना रामामंडी और लोहियां में नशे के मामले दर्ज हैं। आरोपी सतिंदर ही वहां पर हेरोइन लेकर आया था। आरोपियों को रिमांड पर लेकर पता लगाया जाएगा कि वह हेरोइन कहां से लेकर आए थे। 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *