Punjabi University में कर्मचारी ने की आत्महत्या, पंखे से लटकता मिला शव

पटियालाः पंजाबी यूनिवर्सिटी में वीरवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब यूनिवर्सिटी के वारिस भवन में काम करने वाले एक डेलीवेज कर्मचारी का शव उसके कमरे में पंखे से लटकता मिला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची व शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही है। पुलिस के मुताबिक फिलहाल इसके पीछे के कारणों का खुलासा मृतक के परिजनों का बयान लेने बाद ही हो सकेगा। मृतक की पहचान 28 साल के रोहताश कुमार के तौर पर हुई है।

वह मूलरूप से हरियाणा के जाखल के नजदीक का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक पटियाला में वह अपने फूफा के पास रहकर यूनिवर्सिटी में नौकरी कर रहा था। वारिस भवन के जिस कमरे में रोहताश ने फंदा लगाया, उसे जांच पूरी होने तक पुलिस द्वारा सील कर दिया गया है। उधर, पंजाबी यूनिवर्सिटी के चीफ सिक्योरिटी अधिकारी कैप्टन गुरतेज सिंह ने बताया कि रोहताश कुमार वारिस भवन की किचन में मसालची के तौर पर साल 2016 से काम कर रहा था। पिछले कुछ समय से वह ठीक नहीं था। किसी बात को लेकर वह परेशान रहता था।

उन्होंने बताया कि रोहताश कुमार की ड्यूटी रात 10 बजे से लेकर सुबह छह बजे तक की थी।  वीरवार सुबह ड्यूटी बदलने पर जब दूसरा कर्मचारी पहुंचा तो इस घटना के बारे में पता चला। संबंधित थाना अर्बन इस्टेट के प्रभारी अमृतवीर सिंह ने बताया कि रोहताश के हरियाणा स्थित परिवार वालों को घटना के बारे में सूचना दे दी है। उनके बयान के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि रोहताश विवाहित था और उसकी एक साल की बेटी भी है। उधर, पीयू के वीसी प्रोफेसर अरविंद का कहना है कि यूनिवर्सिटी कैंपस में ऐसी घटना का होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। दुख की इस घड़ी में यूनिवर्सिटी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *