पंजाब: अब आप के इस विधायक ने किया बड़ा दावा, भाजपा ने मुझे दिया 100 करोड़ का ऑफर

चंडीगढ़ः पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भाजपा पर ऑपरेशन लोटस के जरिये 100 करोड़ रुपये का लालच देने का आरोप लगाया है। मंगलवार को उन्होंने दावा किया कि भाजपा के एक एजेंट ने उन्हें दिल्ली से फोन करके 100 करोड़ रुपये का ऑफर दिया। उन्होंने कहा कि कॉल करने वाले को उन्होंने साफ तौर पर इन्कार कर दिया कि वह पार्टी के खिलाफ कुछ नहीं करेंगे और आम आदमी पार्टी के साथ ही रहेंगे। पठानमाजरा ने यह बात पंजाब विधानसभा के सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही 29 सितंबर तक स्थगित होने के बाद एक टीवी चैनल से कही।

इससे पहले पंजाब आप के 10 विधायकों ने भाजपा नेताओं और उनके कथित एजेंटों पर 25-25 करोड़ रुपये का ऑफर देने का आरोप लगाया था और इन विधायकों ने इस बाबत पंजाब के डीजीपी गौरव यादव से मिलकर उन्हें लिखित शिकायत भी सौंपी थी। इस शिकायत पर पंजाब विजिलेंस ब्यूरो जांच कर रहा है। गौरतलब है कि हरमीत पठानमाजरा अश्लील वीडियो वायरल होने के मामले में विवाद में रहे हैं। फिलहाल उनके खिलाफ उनकी दूसरी पत्नी ने शिकायत दी है, वहीं पठानमाजरा ने भी अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत देकर केस दर्ज कराया है। पठानमाजरा की शिकायत पर ही पुलिस ने उनकी पत्नी का मोबाइल और गाड़ी जब्त की है और उन्हें पासपोर्ट जमा कराने का निर्देश भी दिया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *