पंजाबः शराब कारोबारी के कारिंदे की युवक ने चाकू मार की हत्या, मृतक की डेढ़ साल पहले हुई थी शादी

पटियालाः पंजाब के पटियाला में एक शराब के ठेके के कारिंदे की एक अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से सिर व पेट में वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से पैदल ही फरार हो गया। थाना त्रिपड़ी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके मामले में जांच शुरू कर दी है। मृतक कारिंदे की पहचान विकास कुमार निवासी कांगड़ा के तौर पर हुई है।

घटना पटियाला-भादसों रोड की है। शराब ठेका के मालिक सौरभ सूद ने बताया कि मृतक विकास कुमार करीब चार वर्षों से उनके पास काम करता था। शाम को जब वह ठेके पर अकेला था तो उस समय एक 22 साल का नौजवान पैदल ही ठेके पर पहुंचा। उसने पहले कारिंदे विकास कुमार के सिर पर चाकू से हमला किया। इसके बाद चाकू से पेट में दो वार किए। जिससे खून से लथपथ होकर विकास कुमार जमीन पर गिर गया। वारदात के बाद आरोपी पैदल ही फरार हो गया। नजदीक के दुकानदारों ने इस वारदात की सूचना उन्हें दी।

इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और कारिंदे को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बता दिया। बताया जा रहा है कि कारिंदे विकास कुमार का करीब डेढ़ साल पहले ही विवाह हुआ था। उसकी पत्नी हिमाचल में सास-ससुर के पास रहती थी। उधर, थाना त्रिपड़ी के प्रभारी कर्णवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिवार को वारदात के बारे में सूचित कर दिया है। उनके बयान पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है। इसके बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा होगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *