12वीं कक्षा का स्कूल शिक्षा बोर्ड ने रद्द किया English का Paper, आदेश जारी

Written by

in

शिमलाः हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पेपर लीक होने की आशंका के चलते राज्य के सभी परीक्षा केंद्रों पर 12वीं कक्षा की अंग्रेजी की परीक्षा रद्द कर दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी। दरअसल, शुक्रवार को चंबा जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चुवाड़ी परीक्षा केंद्र में अधीक्षक ने 10वीं के अंग्रेजी विषय की जगह 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र 30 विद्यार्थियों में बांट दिए। गलती का पता चलने पर उन्होंने इन्हें एकत्र कर लिया और दसवीं के प्रश्नपत्र बांटे। इस संबंध में शिक्षा बोर्ड के पास ईमेल से सायं साढ़े चार बजे शिकायत प्राप्त हुई। केंद्र में परीक्षा के लिए अधीक्षक सुमन लता, उपाधीक्षक चंद्र मोहन व सुभाष की तैनाती की गई है।

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, सात मार्च को एक गुमनाम शिकायत प्राप्त हुई। इसमें आरोप लगाया गया कि 12वीं कक्षा के अंग्रेजी के पेपर को निर्धारित तिथि और समय से पहले खोल दिया गया। इसके बाद बोर्ड ने इस मामले की तुरंत जांच की और सुरक्षा बढ़ाने के लिए शुरू की गई नई निगरानी प्रणाली ‘एग्जाम मित्र ऐप’ से वीडियो साक्ष्य का उपयोग कर दावे को सत्यापित किया। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव विशाल शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि संगठन ने मामले को गंभीरता से लिया है।

परीक्षा रद्द करने का आदेश
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड परीक्षा विनियम, 1993 (जुलाई 2017 तक संशोधित) की धारा 2-1-2 के तहत दी गई शक्तियों का प्रयोग करते हुए बोर्ड के अध्यक्ष ने राज्य भर में 12वीं कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा को तत्काल रद्द करने का आदेश दिया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि परीक्षा प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिसूचना के मुताबिक, पुनर्परीक्षा की नई तिथि की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे बोर्ड के आधिकारिक संचार के माध्यम से जानकारी लेते रहें।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *