जालंधर: आज बदलेगा मौसम, छाएंगे बादल, जाने कब होगी हल्की बूंदाबांदी

जालंधर: शहर में आज भी मौसम का मिजाज सुहावना बना रहेगा। मौसम में बदलाव के चलते शुक्रवार को भी हल्के बादल छाए रहेंगे। हालांकि इस दौरान धूप भी परेशान करेगी। वहीं दिनभर बादल छाए रहने से ठंडक का अहसास होगा। ऐसा मौसम विभाग का पूर्वानुमान है। तापमान में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है। वीरवार तड़के हवा में ठंडक के बीच न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 17.7 डिग्री सेल्सियस रहने के बाद शुक्रवार को भी मौसम इसी तरह रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक दोपहर के समय धूप खिली रहने के चलते अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं तापमान बढ़ने के चलते लोगों को इस दौरान गर्मी महसूस हो सकती है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे के दौरान आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। बादल छाए रहने से लोगों को राहत मिलेगी। अक्टूबर माह के पहले सप्ताह में रोजाना तेज धूप खिली रहने के चलते गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम ही नहीं ले रहा था। माह के मध्यांतर में मौसम का मिजाज एकाएक बदल गया। इससे तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। माह के शुरूआत में 35 डिग्री तक चल रहा अधिकतम तापमान गिरकर 30.7 डिग्री सेल्सियस रह गया है। इस बारे में मौसम विशेषज्ञ डा. विनित शर्मा बताते है कि आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा। 15 अक्टूबर के बाद हल्की बूंदाबांदी के चलते तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *