BCCI के 36वें अध्यक्ष बने रोजर बिन्नी, पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की ली जगह

मुंबईः भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व स्टार और 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रोजर बिन्नी को मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का 36वां अध्यक्ष बनाया गया। मुंबई में बीसीसीआई एजीएम में उनकी नियुक्ति की घोषणा की गई। बिन्नी ने भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की जगह ली है। 67 वर्षीय बिन्नी बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। पदाधिकारियों के अगले समूह का चुनाव केवल एक औपचारिकता थी, क्योंकि सभी का निर्विरोध चुना जाना तय था। बिन्नी अपने हालिया कार्यकाल में कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष थे और अब राज्य निकाय में अपना पद छोड़ देंगे।

मध्यम तेज गेंदबाज 1983 में भारत की ऐतिहासिक विश्व कप जीत के हीरो हैं। मध्यम गति के गेंदबाज रहे बिन्नी ने 1983 के विश्व कप में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने तब आठ मैचों में 18 विकेट लिए थे जो उस टूर्नामेंट का रिकॉर्ड था। बेंगलुरु के रहने वाले 67 वर्षीय बिन्नी पद के लिए नामांकन भरने वाले अब तक एकमात्र उम्मीदवार थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए बीसीसीआई सचिव बने।शाह के इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के बोर्ड में भी गांगुली की जगह भारतीय प्रतिनिधि बनने की उम्मीद है।

बिन्नी अतीत में संदीप पाटिल की अध्यक्षता वाली सीनियर चयन समिति के सदस्य रह चुके हैं। जब भी भारतीय टीम में चयन के लिए उनके बेटे स्टुअर्ट बिन्नी के नाम पर चर्चा होती थी तो वह खुद को इससे अलग कर लेते थे। बीसीसीआई के कहा,‘‘ रोजर एक अच्छे इंसान हैं जिन्होंने भारत की तरफ से खेलते हुए देश का मान बढ़ाया। वह विश्व कप के नायक हैं और उनकी छवि साफ-सुथरी है। लोढा समिति ने जब हितों के टकराव की बात कही थी तो उन्होंने चयन समिति से इस्तीफा दे दिया था।’’ 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *