पंजाबः SHO पर विधायक की बधाई फ्लैक्स लगाने के लगे आरोप, रोका तो महिला से की बदसलूकी, देखें वीडियो

फिरोजपुरः मोगा रोड स्थित एक घर की छत पर विधायक का दीवाली व बंदी छोड़ दिवस की बधाई का फ्लैक्स लगाने को लेकर विवाद होने का मामला सामने आया है। घर में रह रहे लोगों का आरोप है कि थाना कुलगढ़ी एसएचओ ने उनके साथ जबरदस्ती करते हुए उनके घर की छत पर फ्लैक्स लगाया है व उनके साथ धक्कामुक्की की है।

परिजनों ने इस पूरे मामले की वीडियो बनाई जोकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। उक्त वीडियो में एसएचओ सरेआम महिला काे गाली देता सुना और देखा जा रहा है। वहीं वीडियो बना रही महिला से उसका मोबाइल झपटने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। पूरा मामला पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर जांच शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता अशोक कुमार पुत्र कश्मीर लाल निवासी गजन सिंह कॉलोनी, मोगा रोड नजदीक बीएसएफ कैंप ने डीजीपी को भेजी गई लिखित शिकायत में कहा कि वह परिवार सहित उक्त पते पर 20 वर्ष से रह रहा है।

गत 23 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे वह अपने घर में मौजूद था तो एसएचओ कुलगढ़ी रूपिंद्र पाल सिंह अपने कुछ साथी कर्मचारियों के साथ धक्के से उनके घर में घुस उनके घर की छत पर फ्लैक्स बोर्ड लगाने लगा। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उक्त एसएचओ ने उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौच की व बदसलूकी की। इस दौरान एसएचओ ने उनके थप्पड़ मारे व झूठा पर्चा दर्ज करने सहित जान से मारने की धमकी दीं। इस घटनाक्रम की उन्होंने वीडियो बनाई है।

इसमें एसएचओ रूपिंद्रपाल सिंह उनके साथ धक्कामुक्की कर रहा है व उसकी पत्नी से मारपीट कर रहा है। एसएचओ ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया व उनके घर की छत पर धक्के से फ्लैक्स बोर्ड लगा दिया। इसके अलावा वह उनके घर में लगे कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गया। इसके अलावा वह एसएचओ इससे पहले भी कई बार उनके घर में दाखिल होकर कुछ लोगों की मिलीभगत से उन्हें परेशान करता रहता है। डीजीपी को उक्त पत्र लिखकर पुलिस कर्मचारी के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई कर इंसाफ की मांग के साथ जान माल की सुरक्षा की भी मांग की है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *