पंजाब: कार और बाइक की भयानक टक्कर, 3 की मौत

दो दिन पहले पिता की हुई मौत

फरीदकोट: पंजाब के फरीदकोट जिले में एक परिवार पर विपदाओं का पहाड़ टूट पड़ा। दो दिन पहले पिता की मौत से बेटा और परिवार अभी उबरा भी नहीं था कि तीन मौतों की खबर से पूरे गांव में कोहराम मच गया। हर किसी के जुबां पर यही था कि हे भगवान ! यह क्या किया। दरअसल, फिरोजपुर जिले में फिरोजपुर रोड पर गांव गोलेवाला के पास एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत गई। मृतकों में 11 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। बच्चे की दवा लेने परिवार गांव गोलेवाला जा रहा था।

बच्चे के 42 वर्षीय पिता गुरलाभ सिंह की दो दिन पहले ही ह्रदय गति रुकने से मौत हो चुकी है और अब एक साथ तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार दो दिन पहले 26 अक्तूबर को गांव झाड़ीवाला निवासी 42 वर्षीय गुरलाभ सिंह की अचानक मौत हो गई थी और उनकी मौत के बाद 11 वर्षीय पुत्र संतप्रीत सिंह बीमार हो गया था। शुक्रवार को उसकी ज्यादा तबीयत खराब होने पर चाची सरबजीत कौर (45) व चचेरा भाई गुरकीरतन सिंह (18) उसे दवा दिलाने गांव झाड़ीवाला से गोलेवाला बाइक पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से गलत साइड से आ रही तेज रफ्तार आई-20 कार ने टक्कर मार दी और उन्हें घसीटते काफी दूर तक लेकर गई।

इस घटना में 11 वर्षीय संतप्रीत सिंह व उसके चचेरे भाई 22 वर्षीय गुरकीरतन सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि चाची सरबजीत कौर पत्नी चंद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं और समय पर अस्पताल तक न पहुंच पाने के कारण उनकी भी मौत हो गई। हादसे में कार सवार को भी गंभीर चोट आई है लेकिन वह मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। इस मामले में थाना सदर पुलिस ने हरजीत सिंह नामक कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *