बड़ा झटकाः कोर्ट ने कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा का ट्विटर हैंडल ब्लॉक करने का दिया आदेश

नई दिल्लीः बेंगलुरु की एक अदालत ने म्यूजिक कॉपीराइट मामले में कार्रवाई करते हुए कांग्रेस और उसके आंदोलन ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के ट्विटर हैंडल को ब्लॉक करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने यह आदेश एमआरटी म्यूजिक द्वारा दायर की गई याचिका पर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आदेश देते हुए अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया पेश किए गए सबूतों के बाद भी अगर साउंड रिकॉर्ड के कथित अवैध उपयोग को प्रोत्साहित किया गया, तो वादी को नुकसान उठाना पड़ेगा। इससे बड़े पैमाने पर कॉपीराइट उल्लंघन को बढ़ावा मिलेगा।

जाने क्या है मामला?

दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। राहुल गांधी इन दिनों अपनी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। इस यात्रा के प्रचार के लिए सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए कई वीडियोज बनाए गए। इनमें कांग्रेस ने सुपरस्टार यश की फिल्म ‘केजीएफ’ के म्यूजिक का इस्तेमाल किया है, जिसकी वजह से केजीएफ चैप्टर 2 फेम एमआरटी म्यूजिक ने कॉपीराइट एक्ट के तहत शिकायत दर्ज करवाई।

म्यूजिक लेबल की ओर से किया गया दावा

म्यूजिक लेबल की ओर से दावा किया जा रहा है कि इंडियन नेशनल कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए जो मार्केटिंग वीडियोज तैयार किए हैं, उसमें उन्होंने फिल्म के गानों का इस्तेमाल किया है। हालांकि, ऐसा करने के लिए कांग्रेस की तरफ से एमआरटी म्यूजिक की अनुमति/लाइसेंस नहीं मांगा गया था।

इन धाराओं के तहत दर्ज हुई एफआईआर

पार्टी और कांग्रेस के तीनों नेताओं के खिलाफ धारा 403 (संपत्ति का बेईमानी से हेराफेरी), 465 (जालसाजी के लिए सजा), 120 धारा 403, 465 और 120बी आर/डब्ल्यू धारा 34 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66 के तहत और धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम, 1957 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

बिना परमिशन गाने का किया इस्तेमाल

मामले में एमआरटी म्यूजिक की ओर से एम नवीन कुमार ने कहा था कि जब हमने इंडियन नेशनल कांग्रेस (आईएनसी) पार्टी द्वारा पोस्ट किए गए। वीडियो में हमारी मर्जी के खिलाफ केजीएफ के गाने का इस्तेमाल होते देखा तो हम हैरान रह गए। इंडियन नेशनल कांग्रेस ने अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए बिना परमिशन हमारे गाने का इस्तेमाल किया है। आईएनसी जैसी संस्था को भारतीय नागरिकों के लिए एक उदाहरण स्थापित करना चाहिए, लेकिन उन्होंने खुद ही कानून तोड़ दिया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *