जालंधरः 70 से ज्यादा पंजाबी फिल्मों में काम कर चुकी दलजीत कौर का निधन

जालंधर/वरुणः मशहूर पंजाबी अदाकारा दलजीत कौर का आज सुबह कस्बा सुधार बाजार में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि दलजीत कौर (69) पिछले लंबे समय से बीमार थी। आज दोपहर 12 बजे दलजीत कौर का अंतिम संस्कार किया जाएगा। दलजीत ने पंजाबी फिल्म सिंग विस कौर में गिप्पी ग्रेवाल की मां का किरदार निभाया था। बता दें कि दलजीत कौर ने 10 से ज्यादा हिंदी और 70 से अधिक पंजाबी फिल्मों में काम किया था। दिल्ली के लेडी श्री राम कॉलेज ग्रेजुएट दलजीत कौर ने पुणे फिल्म इंस्टीट्यूट से अदाकारी की शुरुआत की।

उन्होंने 1976 में पहली फिल्म दाज सहित पुत्त जट्टां दे, मामला गड़बड़ है, की बणु दुनिया दा, सरपंच और पटोला में हीरोइन की मुख्य भूमिका निभाई है। दलजीत कौर के पति हरमिंदर सिंह देओल की सड़क हादसे में मौत हो गई थी उसके बाद उन्होंने फिल्मों में काम करना बंद कर दिया था। उनकी कोई संतान नहीं थी। लेकिन 2001 में उन्होंने दोबारा फिल्मी दुनिया में प्रवेश किया और उम्र के हिसाब से मां और अन्य भूमिका में नजर आईं। उन्होंने पंजाबी फिल्म सिंह वर्सेस कौर में गिप्पी ग्रेवाल की मां का किरदार निभाया।

दलजीत कौर कबड्डी और हॉकी की नेशनल खिलाड़ी भी रहीं। वे पिछले कुछ सालों से दिमाग की गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं। इसी के चलते वे मुंबई से लुधियाना आकर कस्बा गुरुसर सुधार बाजार में अपने एक रिश्तेदार के घर रहने लगी थीं। उन्हें अपनी पिछली जिंदगी के बारे में कुछ भी याद नहीं रहा था। अंतिम दिनों में उन्होंने बहुत शारीरिक कष्ट सहा और गुरुवार को उनकी मौत हो गई। 

दलजीत कौर का परिवार मूल रूप से जिला लुधियाना के गांव एतिआणा का रहने वाला था, लेकिन उनका कारोबार पश्चिम बंगाल में था। दलजीत कौर का जनम 1953 में  सिलीगुड़ी में हुआ था। वे पिछले 12 साल से कस्बा गुरुसर सुधार बाजार में अपने चचेरे भाई हरजिंदर सिंह खंगूड़ा के पास रह रही थी।  



Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *