पुलिस ने भाजपा नेता शशि शंकर तिवारी और नरेश अरोड़ा को लिया हिरासत में, देखें वीडियो

चंडीगढ़ः यूटी में लगातार नगर निगम, एस्टेट ऑफिस और चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड(CHB) की अतिक्रमण के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में नेता रुकावट खड़ी कर रहे हैं। आज सेक्टर 29 में सीएचबी की टीम पुलिस सुरक्षा के बीच अवैध रूप से घरों में खड़े किए गए ढांचों को गिराने पहुंची थी। मौके पर चंडीगढ़ भाजपा के कुछ नेता पहुंच गए और सरकारी काम में बाधा खड़ी करते हुए सीएचबी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

मौके पर इंडस्ट्रियल एरिया थाना एसएचओ राम रतन भी पहुंच गए। भाजपा नेता नरेश अरोड़ा और हाल ही में भाजपा में शामिल हुए शशि शंकर तिवारी और अन्यों को पुलिस ने समझाने की कोशिश की, मगर वह लगातार मुर्दाबाद के नारे लगाते रहे। जिसके बाद इन्हें हिरासत में लिया गया। पुलिस इन्हें गाड़ी में बिठा ले गई। जिसके बाद विभाग की अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई चलाई गई। स्थानीय थाना एसएचओ ने बताया कि इन्हें कुछ समय के लिए पकड़ा गया था और बाद में छोड़ दिया गया।

बोर्ड के कर्मियों को अवैध निर्माण के खिलाफ ड्राइव में स्थानीय लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिस की मौजूदगी में यह ड्राइव चलाई गई। बता दें कि शहर में लगातार अवैध रूप से ढांचे खड़े करने वालों को स्थानीय नेताओं की शह मिलती रही है। ऐसे में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करने में रुकावट भी पैदा होती है। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव अफसर(CEO) यशपाल गर्ग ने कहा कि शहर में कई सेक्टरों में अवैध निर्माणों की सूची तैयार की गई है। विभाग की ओर से आगे भी ऐसी ड्राइव चलाई जाएंगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *