Tanishq showroom से ज्वेलरी लूट मामले में बदमाशों का एनकाउंटर

Written by

in

आरा: बिहार के आरा के टाउन थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट को अंजाम दिया। शीशमहल चौक स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में सोमवार हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला और लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने अपराधियों को खदेड़ा। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच गोलीबारी की सूचना मिली है। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस और अपराधियों के बीच दियारा इलाके में मुठभेड़ चल रही है।

हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी सुबह करीब सवा 10 बजे ग्राहक बनकर शोरूम में घुसे। कुछ ही देर में उन्होंने सेल्समैन और गार्ड को गन प्वाइंट पर ले लिया। विरोध करने पर सेल्समैन रोहित कुमार की पिटाई कर दी, जबकि गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड मनोज ठाकुर को धमकाकर उनका लाइसेंसी रायफल छीन लिया। इसके बाद बदमाशों ने दोनों फ्लोर पर करीब 22 मिनट तक जमकर लूटपाट की।

लूटपाट के बाद अपराधी बड़ी ही चालाकी से मौके से फरार हो गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अपराधी छपरा की ओर भागे हैं। इस डकैती में शामिल सात बदमाशों में से एक ने मास्क पहन रखा था, जबकि बाकी अपराधी बिना नकाब के थे। घटना की सूचना मिलते ही भोजपुर एसपी राज, एएसपी परिचय कुमार समेत पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *