पंजाबः सुखबीर बादल ने सीएम मान पर साधा निशाना, जाने मामला

कहा- सीएम मान या तो माफी मांगे नहीं तो मानहानि के मुकद्दमे के लिए तैयार रहे

चंडीगढ़ः शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पेंशन मामले को लेकर सीएम भगवंत पर निशाना साधा है। जानकारी के अनुसार सुखबीर बादल ने सीएम मान से पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल द्वारा 5 पेंशन लेने का रिकॉर्ड सार्वजनिक करने या फिर झूठ बोलने के लिए मानहानि के मुकदमे का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा। एक बयान में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री आम आदमी पार्टी द्वारा 7 साल पहले शुरू किया गया बदनाम करने का अभियान चला रहे हैं और अब वे झूठ और झूठे वादों से गुजरात के मतदाताओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भगवंत मान भले ही सोचते हों कि वह झूठ बोलकर लोगों को गुमराह कर सकते हैं लेकिन उन्होंने जो बयान दिया है उसके लिए हम उन्हें जवाबदेह ठहराएंगे। अब मान को अपने दावों के पक्ष में सार्वजनिक तौर पर सबूत पेश करने होंगे, नहीं तो उन्हें अपने बयानों के लिए माफी मांगनी होगी। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं या अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगते हैं तो उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। सुखबीर सिंह बादल ने तथ्य पेश करते हुए कहा कि सच्चाई यह है कि 5 बार मुख्यमंत्री रहे प्रकाश सिंह बादल ने 2022 का विधानसभा चुनाव हारने के तुरंत बाद स्पीकर को पत्र लिखकर कहा था कि उनके 10 बार विधायक बनने की पेंशन का भुगतान न किया जाए।

बादल ने अनुरोध किया था कि यह पैसा लोक कल्याण, खासकर लड़कियों की शिक्षा पर खर्च किया जाना चाहिए। सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह पत्र विधानसभा के रिकार्ड का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि उन्हें अपने जीवन में कभी भी पूर्व विधायक के रूप में पेंशन नहीं मिली। यह स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री जानबूझकर शरारतपूर्ण टिप्पणी कर रहे हैं ताकि वह अकाली दल को बदनाम कर सकें और खुद को एक मसीहा के रूप में पेश कर सकें जो हर महीने करदाताओं के 5 लाख रुपए बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वास्तव में जो हो रहा है वह इसके विपरीत है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *