पंजाब: लॉरेंस की निजी चैनल पर इंटरव्यू को लेकर जेल अधीक्षक ने किया खुलासा, देखें वीडियो 

बठिंडा: सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मुख्य आरोपी लॉरेंस बिश्नोई का एक इंटरव्यू सामने आया है। हत्या, फिरौती, अपहरण सहित कई अपराधों के कुल 36 मुक़दमों में नामजद लॉरेंस बिश्नोई 2014 से ही बठिंडा जेल में बंद है। इस मामले को लेकर बठिंडा जेल अधीक्षक एन डी नेगी ने कहा कि लॉरेंस बीटीआई जेल में बंद है और इस जेल से ऐसा कोई इंटरव्यू नहीं दिया गया है। पंजाब की किसी जेल में ऐसा होना संभव नहीं है। लॉरेंस का इंटरव्यू पुराना हो सकता है। बता दें कि बीते दिन एक न्यूज़ चैनल ने लारेंस का इंटरव्यू लिया था। इसके बाद से पंजाब पुलिस और वहां की जेल-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इंटरव्यू में लॉरेंस बिश्नोई ने सिद्धू मूसेवाला मामले में अपनी बात रखी।  उसने आरोप लगाए कि मूसेवाला ने लुधियाना में एक व्यक्ति को मारा था और हत्या की ज़िम्मेदारी किसी और के सिर डाल दी थी। बिश्नोई ने इस बात की पुष्टि की है कि मूसेवाला की हत्या की प्लैनिंग उसके कनाडा स्थित सहयोगी गोल्डी बराड़ और उसके चचेरे भाई सचिन बिश्नोई ने ही की थी। अपने ‘भाइयों’ विक्की मिद्दुखेरा और गुरलाल बराड़ की हत्या का बदला लेने के लिए। इंटरव्यू में आरोपी लॉरेंस ने पीले रंग की शर्ट पहनी हुई है। लेकिन ये साफ़ नहीं हो पा रहा कि वो बैठा कहां है। बैकग्राउंड में अंधेरा है।

इस इंटरव्यू के टीवी पर ऑन-एयर होते ही पंजाब सरकार ने एक प्रेस रिलीज़ जारी की। इसमें साफ़ तौर पर कहा गया कि वीडियो न तो बठिंडा जेल का है और न ही पंजाब की किसी और जेल का। पंजाब पुलिस के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, “अफ़वाहें हैं कि साक्षात्कार बठिंडा जेल के अंदर से रिकॉर्ड किया गया था। हमारे संज्ञान में ये मामला आया है और हम स्पष्ट करते हैं कि ये अफ़वाहें निराधार हैं। बंदी अभी बठिंडा जेल के हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में बंद है, जहां उसकी गतिविधियों पर 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जाती है। अगर कोई पंजाब जेल प्रशासन की छवि ख़राब करने वाली फ़र्ज़ी ख़बरें फैलाता पकड़ा गया, तो उस पर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी।” वहीं मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने मीडिया से कहा है कि वो अभी इस बारे में बात नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि वो इंटरव्यू सुन चुके हैं और सिद्धू मूसेवाला की पुण्यतिथि पर सब कुछ साफ़ कर देंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *