मोमोस में देरी को लेकर बदमाशों ने की दुकानदार से मारपीट, छुड़वाने गए पुलिस कर्मी को किया किडनैप

मुरैनाः मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में बदमाशों ने मोमोस में देरी होने पर पहले तो दुकानदार को पीटा। इस दौरान वहां मोमोस खाने आए पुलिसकर्मी ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उक्त बदमाशों ने पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की और फिर उसे किडनैप कर सुनसान इलाके में ले गए। पुलिसकर्मी किसी तरह बदमाशों के चंंगुल से जान बचाकर मौका-ए-वारदात से भागने में सफल रहा। घटना की सूचना पर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घटना मुरैना जिले के न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की है।

मामले की जानकारी देते हुए कॉन्सटेबल रामकुमार ने बताया कि वह इलाके में बने एक फूड स्टॉल पर मोमोज खाने पहुंचे थे। इतने में स्कॉर्पियो में सवार होकर कुछ युवक आए। उन्होंने दुकानदार को मोमोज लाने के लिए कहा। कथित तौर पर दुकानदार को थोड़ा देर हो गई तो स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार बदमाशों ने दुकानदार को पीटना शुरू कर दिया।

कॉन्स्टेबल रामकुमार ने विरोध किया तो बदमाशों ने गुस्से में उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। बदमाश यहीं नहीं रुके, उन्होंने कॉन्स्टेबल रामुकमार को किडनैप कर अपनी गाड़ी में डालकर सुनसान इलाके में ले गए और वहां भी उसके साथ मारपीट की। बदमाशों ने मारपीट करने के साथ कॉन्स्टेबल रामकुमार के कपड़े फाड़ दिए और मोबाइल फोन भी छीन लिया।

रामकुमार किसी तरह बदमाशों के चंगुल से खुद की जान बचाकर भागने में कामयाब रहा। इसके बाद कॉन्स्टेबल रामकुमार यादव ने अपने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। रामकुमार सिंह इलाके के सिविल लाइन थाने में कार्यरत हैं। मुरैना के एक पुलिस अधिकारी अतुल सिंह ने घटना की पुष्टि की। पुलिस ने सिविल थाने में कॉन्स्टेबल की शिकायत पर 6 बदमाशों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर दी है। पुलिस बदमाशों की धरपकड़ में लगी हुई है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *