पंजाब सरकार ने दी बड़ी राहत : अब यहां बनेगा 360 करोड़ रुपए की लागत से मेडिकल कॉलेज

होशियापुर: शहर के लोगों को जल्दी ही बेहतर सेहत सुविधाएं मिलेगी। गंभीर बीमारी के इलाज के लिए उन्हें जालंधर या लुधियाना नहीं जाना पडे़गा। राज्य सरकार ने मेडिकल कॉलेज के लिए कदम बढ़ा दिया है। 360 करोड़ की लागत से सिविल अस्पताल के अंदर ही मेडिकल कॉलेज व हॉस्टल की इमारत बनकर तैयार होगी। प्रोजेक्ट पीडब्ल्यूडी एंड बीआर द्वारा पूरा किया जाएगा। यह राज्य का 5वां मेडिकल कॉलेज होगा।

राज्य की मान सरकार होशियारपुर में मेडिकल कॉलेज बनाने को लेकर काफी गंभीर है। इस बार मेडिकल कॉलेज के लिए अलग से 412 करोड़ बजट का प्रावधान किया गया था। इसके बाद अब इस दिशा में कदम बढ़ाया गया। जून महीने तक इमारत बनाने का काम शुरू हो जाएगा। हालांकि मेडिकल कॉलेज के लिए जगह की निशानदेही पहले ही कर ली गई थी। 

मौजूदा समय में जिला अस्पताल के अंदर ही 23 एकड़ जगह में कॉलेज स्थापित होगा। यह इमारत पूरी तरह से भूकंप रोधी होगी। कॉलेज में एमबीबीएस की सौ सीटें रहेंगी। सरकार की कोशिश है इस अस्पताल का फायदा जल्दी लोगों को मिले। होशियारपुर के विधायक एवं मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा का कहना है कि यह मेडिकल कॉलेज होशियारपुर नहीं बल्कि दोआबा के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट तय समय में पूरा होगा।

मेडिकल कॉलेज का नाम राज्य सरकार ने शहीद ऊधम सिंह स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस दिया है। यह कॉलेज हिमाचल के कई जिलों के लिए भी वरदान साबित होगा, क्योंकि उस इलाके में भी कोई बड़ा सरकारी संस्थान नहीं है, जबकि निजी अस्पतालों में इलाज मंहगा है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *