मकान से मां-बाप व बेटी का शव मिला, इलाके में फैली दहशत

Written by

in

बीकानेरः बल्लभ गार्डन के मकान में एक ही परिवार के 3 लोगों का शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। एक बिजनेसमैन का शव कमरे की छत पर लगे हुक से लटका मिला है, जबकि उसकी पत्नी और बेटी की लाश फर्श पर पड़ी थी। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया सामूहिक आत्महत्या का मामला लग रहा है। शव 10 दिन से ज्यादा पुराने हैं बिजनेसमैन की बॉडी तो कंकाल बन चुकी है और मां-बेटी के शव गल चुके हैं। जब मोहल्ले वालों को दुर्गंध आनी शुरू हुई तो पड़ोसियों ने पुलिस को फोन किया। फिलहाल तीनों शवों को जयनारायण व्यास कॉलोनी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

बल्लभ गार्डन में चिराग होटल के सामने वाली सड़क पर करीब 300 मीटर अंदर नितिन खत्री (50) का मकान है। इसी मकान में वह अपनी पत्नी रजनी (45) और बेटी जेसिका (18) के साथ रहते थे। मकान से बदबू आने पर पड़ोसियों ने बुधवार की रात पुलिस को खबर दी। पुलिस ने देखा कि नितिन का शव फंदे पर लटका है और पत्नी व बेटी के शव नीचे पड़े थे। फौरन एफएसएल और एमओबी की टीम मौके पर बुलाई गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में इलाके के लोग इकट्‌ठे हो गए।

एसपी कावेंद्र सिंह सागर, सीओ सदर आईपीएस विशाल जांगिड़ सहित तमाम पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। व्यास कॉलोनी पुलिस थाना एसएचओ सुरेंद्र पचार ने बताया- तीनों शवों को पीबीएम हॉस्पिटल में रखवाया गया है। आशंका है कि पति-पत्नी, बेटी ने सामूहिक आत्महत्या की है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि पहले पत्नी और बेटी को नितिन खत्री ने मार डाला होगा। इसके बाद खुद फंदा लगा लिया होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।

नितिन खत्री पानी और बिजली दोनों की फिटिंग का काम करते थे। कॉलोनी में ही उनकी पानी-बिजली फिटिंग के सामान की दुकान भी है। वल्लभ गार्डन में गली के ठीक सामने उनका मकान है। पिछले लंबे समय से इसी कॉलोनी में नितिन परिवार सहित रहते थे। नितिन की इसी आमतौर पर उनकी पत्नी रजनी भी दुकान पर बैठा करती थीं। बेटी जेसिका कॉमर्स की स्टूडेंट थी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *