जालंधरः सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह इंसाफ मार्च के लिए हुए रवाना

जालंधर/वरुणः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह इंसाफ मार्च के लिए रवाना हो गए है। आज वह फिल्लौर के बड़ा पिंड से इसकी शुरुआत कर रहे है। यह रुड़का कलां होते हुए शनिवार को जालंधर के रामामंडी तक जाएगा। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर लोगों से अपील की है कि वह उनके बेटे को इंसाफ दिलाने के लिए इस मार्च में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल हों। बलकौर सिंह ने कहा कि जालंधर में उपचुनाव होना है और सरकार आपके घर द्वार पर है। वैसे तो वह हर रविवार को इंसाफ के लिए अपील करते हैं, लेकिन आज वह इंसाफ के लिए लोगों के बीच आ रहे हैं।

उन्होंने इसका रूट बीते दिन ही जारी कर दिया था और लोगों से शामिल होने की अपील की। वहीं, आम आदमी पार्टी की इससे मुसीबत बढ़ गई है क्योंकि संगरूर उपचुनाव में आप की हार की बड़ी वजह मूसेवाला की हत्या को माना जाता है। इस हत्या से लोगों में काफी रोष था। संगरूर उपचुनाव के दौरान भी पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को इंसाफ और उसके दोषियों को जल्द पकड़ने की मांग उठी थी। साथ ही लोगों में रोष था कि सरकार के सुरक्षा घटाते ही मूसेवाला का मर्डर हो गया। बलकौर सिंह विधानसभा के बाहर भी धरना दे चुके हैं। विधानसभा में भी यह मामला उठा था। लिहाजा, जालंधर लोकसभा उपचुनाव आप सरकार के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना है। ऐसे में बलकौर सिंह का मार्च निकालने से आप की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *