केंद्रीय मंत्री को मिली जान से मारने की धमकी, जांच में जुटी पुलिस

नई दिल्लीः केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। समाचार एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि नितिन गडकरी के दिल्ली स्थित आवास पर फोन कर धमकी दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक नितिन गडकरी के दफ्तर के अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस को इसकी सूचना दी। दिल्ली पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

5 महीने में तीसरी बार मिली धमकी 

ऐसा नहीं है कि केंद्रीय मंत्री को जान से मारने की धमकी का यह पहला मामला हो। उन्हें पिछले 5 महीनों में तीन बार धमकी मिल चुकी है। इससे पहले पहले 14 जनवरी को महाराष्ट्र के नागपुर स्थित नितिन गडकरी के जनसंपर्क कार्यालय में माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम के नाम से फोन कर धमकी दी गई थी। फोन करने वाले डेढ़ घंटे में तीन बार फोन करते हुए धमकी देने के साथ ही 100 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में नागपुर पुलिस ने धमकी देने वाले के नंबर को कर्नाटक के बेलगांव की एक जेल में ट्रेस किया था। धमकी देने वाले का नाम जयेश पुजारी उर्फ जयेश कांथा बताया गया था।

इस बार दिल्ली आवास पर आया फोन 

वहीं इसके बाद नितिन गडकरी को 21 मार्च को दोबारा फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी भरा फोन फिर से नागपुर ऑफिस में ही किया गया था। तब भी धमकी देने वाले ने अपना नाम जयेश पुजारा ही बताया था। इस बार उनके दिल्ली आवास पर फोन करके धमकी दी गई है। इस मामले को लेकर दिल्ली पुलिस ने बताया है कि अभी तक धमकी देने वाले की जानकारी नहीं मिली है लेकिन जांच को बेहद ही गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है और वह जल्द ही धमकी देने वाले को पकड़ लेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *