दामाद ने सास पर किया चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

Written by

in

गोपालगंजः एक दामाद द्वारा अपनी सास की हत्या करने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। इस घटना में सास गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। घायल की पहचान 55 वर्षीय तेतरी देवी के रूप में हुईं है। घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला के पति और बेटी हरियाणा गए हुए थे।

जानकारी देते हुए तेतरी देवी ने बताया कि शुक्रवार को उसका दामाद बिजेंदर राय अपने ससुराल आया था जिसके बाद महिला ने उसका सम्मान किया और खाने में मीट-रोटी खिलाई। खाना खाने के ढाई घंटे बाद जब तेतरी देवी सो रही थीं तो बिजेंदर उनके बेड पर आ बैठा और अचानक नींद खुलने पर तेतरी देवी डर गईं और बाहर भागने की कोशिश की।

इसी दौरान बिजेंदर ने उन्हें पकड़ लिया और गला दबाने लगा। किसी तरह तेतरी देवी ने शोर मचाया। पड़ोस की एक महिला के आने से पहले आरोपी ने उनके पेट में चाकू घोंप दिया और फरार हो गया। घायल तेतरी देवी को पहले हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मीरगंज थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि जख्मी महिला के बयान के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को घटना के 5 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *