पंजाब: पड़ोसी पर व्यक्ति ने लोहे की रॉड से किया वार, मौत

मुक्तसरः मलोट के हरजिंदर नगर में रुपयों के लेनदेन को लेकर पड़ोसियों में विवाद हो गया। दोनों में मामला इतना बढ़ गई कि एक व्यक्ति ने पड़ोसी पर लोहे की रॉड से सिर पर वार कर दिया। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मनजीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपी मौके से फरार है। उधर, सूचना मिलने पर सिटी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक की पत्नी के बयान कलमबद्ध कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मनजीत सिंह नामक व्यक्ति पड़ोस में ही रहने वाले एक व्यक्ति के साथ मिलकर पशुओं को खरीदने-बेचने का व्यापार करता था। उसी के रुपयों के लेनदेन को लेकर दोनों में झगड़ा चल रहा था। शुक्रवार दोनों एक साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे। इस दौरान दोनों में किसी बात को लेकर तकरार हो गई। पड़ोसी ने तैश में आकर मनजीत सिंह के सिर पर पास पड़े गोबर इकट्ठा करने वाले लोहे के रॉड से कई वार किए, जिस कारण मनजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *