कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता का निधन

नयी दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के प्रमुख मेजर (सेवानिवृत्त) वेद प्रकाश का शनिवार को निधन हो गया। वह 85 साल के थे। उनके पुत्र विपुल प्रकाश ने यह जानकारी दी। विपुल प्रकाश ने ‘न्यूज़ एजेंसी’ को बताया, ‘‘मेरे पिता आज दोपहर करीब एक बजे कांग्रेस मुख्यालय में अचानक गिर पड़े और उनके सिर में चोट लग गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, हालांकि उनका वहां पहुंचने के पहले ही निधन हो गया था।’’

उन्होंने कहा कि वेद प्रकाश का शुक्रवार को जन्मदिन था और 85 साल के हुए थे। विपुल ने कहा, ‘‘मेरे पिता का दिल कांग्रेस के लिए धड़कता था और पार्टी के प्रति उनका इतना लगाव था कि वह इस उम्र में भी प्रतिदिन कांग्रेस मुख्यालय जाते थे।’’ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के कुछ अन्य नेताओं ने वेद प्रकाश के निधन पर दुख जताया।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘कांग्रेस की विचारधारा को समर्पित एवं पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष रहे मेजर वेद प्रकाश जी के निधन का दुखद समाचार मिला। मेजर वेद प्रकाश जी ने अपना पूरा जीवन देश सेवा के लिए समर्पित किया। उनके निधन से कांग्रेस परिवार को एक अपूर्णीय क्षति हुई है। ईश्वर उन्हें श्रीचरणों में स्थान दें एवं इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों को कष्ट सहने का साहस दें।’’

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *