पूर्व सरपंच के पति की गोली मारकर हत्या

कन्नौज : सदर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर अमरा गांव में प्रधानी चुनाव को लेकर चल रही रंजिश में वर्तमान प्रधान के पुत्र ने शनिवार रात घर में घुसकर पूर्व प्रधान के पति की गोली मारकर हत्या कर दी जिससे गांव में तनाव व्याप्त है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी और कहा कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। इस घटना में दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, इसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।

सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अजय अवस्थी ने बताया कि शनिवार की रात दीपू राजपूत ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूर्व प्रधान शिव देवी और उनके पति रामदास के घर पर हमला बोल दिया। अवस्थी ने कहा कि दीपू और उसके साथियों ने कई चक्र गोलीबारी करने के बाद घर में घुसकर रामदास की हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर अमरा गांव की पूर्व प्रधान शिव देवी के पति रामदास (45) की हीरा पुरवा गांव निवासी वर्तमान प्रधान रामश्री के पुत्र दीपू राजपूत से चुनावी रंजिश चल रही है।

पूर्व में रामदास की पत्नी शिव देवी प्रधान थीं, लेकिन विगत चुनाव में दीपू राजपूत की मां रामश्री प्रधान बन गईं। एसपी ने बताया कि इस घटना में शामिल दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। एक बदमाश के पैर में गोली लगी है जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीम का गठन किया गया है और शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा।पुलिस ने बताया कि इस घटना में मारे गये रामदास के पुत्र मिथलेश ने छह आरोपियों वर्तमान प्रधान के पुत्र दीपू राजपूत, राम लखन, विनोद, राकेश, रामगोपाल और रामसेवक के खिलाफ सदर कोतवाली में हत्या का मामला दर्ज कराया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *