पंजाब : तेजधार हथियार से भाई ने किया भाई का कत्ल, महिला घायल

बठिंडा: स्थित गांव गोनियाना कला में रंजिश के चलते तेजधार हथियार से हमला कर आरोपी ने मौसेरे भाई की हत्या कर दी। बचाव में आई मौसी पर भी आरोपी ने तेजधार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। जानकारी के अनुसार गोनियाना कला निवासी वीजा सिंह का मौसेरे भाई रेशम सिंह के साथ एक महीने पहले झगड़ा हुआ था।

इस दौरान वीजा सिंह ने रेशम के साथ मारपीट की थी। झगड़े के बाद से ही रेशम सिंह वीजा से रंजिश रखे हुए था। मंगलवार को रेशम सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर वीजा सिंह के घर में घुस गया। जब तक वह कुछ समझ पाता आरोपी ने तेजधार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान बीच-बचाव में आई मौसी अंग्रेज कौर पर भी आरोपियों ने तेजधार हथियार से हमला किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर एकट्ठे हुए। साथ ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और समाज सेवी संस्था सहारा जनसेवा की टीम मौके पर पहुंची। समाज सेवी संस्था के वॉलंटियर्स ने घायल अंग्रेज कौर को बठिंडा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहीं, पुलिस ने वीजा सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिसके बाद पुलिस ने घायल अंग्रेज कौर के बयानों के आधार पर आरोपी रेशम सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *