42 साल की उम्र में फिल्म डायरेक्टर का निधन

मुंबई: मलयालम फिल्म निर्देशक और प्रोडक्शन कंट्रोलर बैजू परवूर का निधन हो गया। उन्होंने 42 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। बैजू का बुखार और शारीरिक परेशानी का इलाज चल रहा था। उनके परिवार का कहना है कि निर्देशक के असामयिक निधन का मुख्य कारण फूड पॉइजनिंग है। रिपोर्ट्स के अनुसार बैजू का परिवार का दावा है कि फूड पॉइजनिंग की वजह से उन्हें शारीरिक परेशानी हो रही थी, जिस कारण उनकी मौत हो गई। कथित तौर पर शनिवार, 24 जून को बैजू परवूर एक फिल्म के काम के लिए कोझिकोड में थे और बाद में घर वापस जाते समय उन्होंने एक होटल से खाना खाया। शारीरिक परेशानी का अनुभव करते हुए उन्होंने अपनी पत्नी के घर कुन्नमकुलम जाने का फैसला किया, जहां उनकी हालत और बिगड़ने लगी। इसके बाद रविवार को कुझुपिल्ली के एक निजी अस्पताल में उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया।

बैजू की हालत बिगड़ने पर उन्हें कोच्चि के एक अस्पताल में ले जाया गया। सोमवार को उनका निधन हो गया। उनके परिवार में उनकी पत्नी चित्रा और उनके बच्चे आराध्या और आरव हैं। सोमवार शाम को उनका अंतिम संस्कार किया गया। बैजू के अचानक निधन से इंडस्ट्री में गम का माहौल है और उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बैजू परवूर की आने वाली फिल्म ‘सीक्रेट’ जल्द ही बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली थी और इसी वक्त यह हादसा हो गया। बतौर निर्देशक बैजू की पहली फिल्म ‘सीक्रेट’ अगले महीने जुलाई को रिलीज होगी। निर्देशक होने के अलावा बैजू परवूर ने 45 से अधिक फिल्मों में प्रोडक्शन कंट्रोलर के रूप में भी काम किया था।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *