राहतः पंजाब में सरकारी बसों की हड़ताल हुई खत्म

चंडीगढ़ः पंजाब में रोडवेज के ड्राइवर-कंडक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रोडवेज-पनबस कॉन्ट्रेक्ट वर्कर यूनियन को उनकी मांगों पर विचार विमर्श के लिए 10 जुलाई को मीटिंग का टाइम दे दिया है। टाइम मिलने के बाद यूनियन ने बुधवार की हड़ताल का अपना फैसला वापस ले लिया है। यूनियन के नेताओं ने कहा कि हड़ताल के दौरान बीते दिन ही दोपहर को मुख्यमंत्री के कार्यालय से प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से संदेश आया कि उन्हें मीटिंग का समय दे दिया गया है।

साथ ही सीएमओ से आए संदेश में यह भी कहा गया है कि रोडवेज पनबस कर्मचारियों की सभी मांगों को पूरा करने की भी कोशिश की जाएगी। पंजाब में करीब 3 हजार रोडवेज पनबस और पेप्सू बसों के पहिए जाम रहने के कारण लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। रोडवेज के ड्राइवर-कंडक्टरों ने दो दिन 27 और 28 जून को हड़ताल का ऐलान किया था। यूनियन के पदाधिकारियों की पिछले दिनों लगातार मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ-साथ विभाग के MD से लेकर अन्य अधिकारियों के साथ मांगों पर विचार विमर्श के लिए बैठकें हुईं, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला था।

कर्मचारियों ने रात 12 बजे के बाद से बसों को बस अड्डों या फिर रोडवेज के डिपो में खड़ा कर दिया था। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि उन्हें पता है कि उनके इस कदम से लोगों को परेशानी होगी, लेकिन वह भी मजबूर हैं। इसके लिए सीधे तौर पर सरकार जिम्मेदार है। यदि सरकार न मानी तो उन्हें हाइवे रोकने जैसे कदम भी उठाने पड़ सकते हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *