Blog

  • Punjab News: महज 5 सैकेंड में गाड़ी लेकर चोर फरार, देखें CCTV

    Punjab News: महज 5 सैकेंड में गाड़ी लेकर चोर फरार, देखें CCTV

    लुधियानाः जिले के मोचपुरा बाजार गोकुल रोड इलाके में चोरी की घटना सामने आई है। जहां चोर टाटा इंट्रा (छोटा हाथी) लेकर महज 5 सेकंड में फरार हो गए। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले की जानकारी देते हुए अजीत कुमार जनता नगर निवासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी सफेद रंग की टाटा इंट्रा V-30 (PB04AE-8746) गाड़ी उनका ड्राइवर आशु कुमार चलाता है। आशु ने रोजाना की तरह गोकुल रोड पर स्थित लायलपुर स्वीट्स के पास खड़ी की हुई थी।

    ड्राइवर ने रात को गाड़ी लॉक करके सही सलामत खड़ी की थी, लेकिन जब सुबह ड्राइवर मौके पर गाड़ी लेने गया तो गाड़ी वहां से गायब थी। काफी तलाश करने के बाद भी जब गाड़ी नहीं मिली तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो फुटेज में दिखा कि एक अज्ञात व्यक्ति जिसने संतरी रंग का ट्रैक सूट और लाल रंग का मफलर पहना हुआ है गाड़ी के पास आता है।

    वह गाड़ी के इर्द-गिर्द चक्कर लगाता है जैसे ही उसे मौका मिलता है वह मात्र 5 सेकंड के अंदर बड़ी सफाई से गाड़ी का लॉक खोलता है और उसे लेकर रफूचक्कर हो जाता है। थाना नंबर 01 की पुलिस ने अजीत कुमार के बयानों के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है हमने घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर गाड़ी बरामद कर ली जाएगी।

  • Jalandhar News: पुलिस और बदमाशों में हुई मुठभेड़ में एक घायल, 2 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: पुलिस और बदमाशों में हुई मुठभेड़ में एक घायल, 2 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: शाहकोट में सोहल जागीर के पास पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। वहीं पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अंग्रेज सिंह पुत्र करणैल सिंह निवासी गांव मरेहाना, थाना चोला साहिब, जिला तरनतारन और करणवीर पुत्र नाइब निवासी गांव मरेहाना थाना चोला साहिब, जिला तरनतारन के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल, एक कारतूस, एक खाली कारतूस का खोल, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद किया गया।

    मामले की जानकारी देते हुए हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि 11 जनवरी, 2026 को गांव सोहल जागीर के रहने वाले सुखचैन सिंह पुत्र लाल सिंह के घर गोलीबारी की घटना हुई थी। इस मामले के संबंध में, भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की धाराओं 109 और असला एक्ट की धाराओं 25/27-54-59 के तहत थाना शाहकोट में एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसके बाद पुलिस टीमों का गठन किया गया। एसएसपी ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली कि गोलीबारी के मामले में शामिल 2 आरोपी हथियारबंद होकर सोहल जागीर के पास घूम रहे है। आरोपी एक अन्य अपराधी कार्यवाही करने का इरादा रखते है। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी करके मोटरसाइकिल पर सवार 2 संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया।

    आरोपियों ने रूकने की बजाय पुलिस पार्टी पर गोलीबारी कर दी, जिससे जनता की सुरक्षा और पुलिस कर्मियों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया। जवाब में पुलिस ने संयम बरता और स्वयं रक्षा में सख्ती से जवाबी कार्रवाई की। इस गोलीबारी के दौरान आरोपी करणवीर के पेट में गोली लगी और उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दूसरा आरोपी अंग्रेज सिंह को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी ने बताया कि जांच में गोलीबारी की घटना किसी विदेशी षड्यंत्र का हिस्सा होने का खुलासा हुआ है। मुख्य साजिशकर्ता, बलवंत सिंह उर्फ बंत, निवासी गांव सोहल जागीर और वर्तमान में अमेरिका में रह रहा है और शिकायतकर्ता का मामा भाई है।

    जांच के परिणामस्वरूप, बलवंत सिंह ने चरणजीत सिंह उर्फ चन्ना, पुत्र कुलदीप सिंह, से संपर्क किया, जो इस समय फिलीपींस में रह रहा है। इन निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए, चरणजीत सिंह ने गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के लिए अंग्रेज सिंह और करणवीर को नौकरी पर रखा। एसएसपी जालंधर जिले ने बताया कि विदेशों से काम कर रहे आरोपियों के खिलाफ एफआईआर शुरू करने की प्रक्रिया कानूनन उचित औपचारिकताओं के साथ की जा रही है। मामले की आगे की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है।

  • Punjab News: 16 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या, घर में पंखे से लटका मिला शव, देखें वीडियो

    Punjab News: 16 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या, घर में पंखे से लटका मिला शव, देखें वीडियो

    लुधियानाः शहर के थाना कूम कलां के अधीन आते मानगढ़ इलाके में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की द्वारा घर के अंदर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान प्रतिभा के रूप में हुई है। घटना के समय लड़की घर पर अकेली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    जानकारी देते मृतका के पिता दिनेश जो लोहा प्लांट में मजदूरी करते हैं, ने बताया कि उनके 4 बच्चे हैं जिनमें प्रतिभा दूसरे नंबर की थी। रोजाना की तरह वह सुबह काम पर चला गया था। घर के बाकी बच्चे भी स्कूल चले गए थे और उसकी माता भी काम पर चली गईं। शाम के समय अचानक साथ के घर वाले बेटे का फोन आया कि दीदी की तबीयत खराब है जिस पर वह तुरंत काम छोड़कर घर भागा। जब घर पहुंचा तो प्रतिभा के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जब काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने दरवाजा खोला। अंदर देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। प्रतिभा का शव छत वाले पंखे से चुनी से लटका हुआ था। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

    परिजनों के मुताबिक प्रतिभा पहले काम पर जाया करती थी लेकिन पिछले कुछ महीनों से उसके पेट में लगातार दर्द रहता था, जिसके चलते उसने काम पर जाना छोड़ दिया था और अक्सर घर पर ही रहती थी। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी से परेशान होकर या किसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।

    घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। थाना पुलिस के अनुसार परिजनों के बयानों के आधार पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

  • Jalandhar News: साइकिल चला रहे 9 वर्षीय बच्चे की चाइना डोर से कटी गर्दन, हालत गंभीर, देखें वीडियो

    Jalandhar News: साइकिल चला रहे 9 वर्षीय बच्चे की चाइना डोर से कटी गर्दन, हालत गंभीर, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: वेस्ट हलके के 66 फीट रोड पर स्थित सोसायटी में साईकिल चला रहे बच्चे के साथ हादसा हो गया। दरअसल, साईकिल चला रहे 9 वर्षीय बच्चे की चाइना डोर से गर्दन कट गई। बच्चे को तुरंत लोगों ने गाड़ी में बिठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां बच्चे का डॉक्टरों द्वारा डेढ़ घंटे तक ऑपरेशन किया गया और बच्चे की जान को बचाया गया। डॉक्टरों का कहना है कि अभी भी बच्चे की हालत क्रिटिकल है। डॉक्टर ने कहा कि जैसे ही हालत स्थिर होगी तो उसे आईसीयू से शिफ्ट कर दिया जाएगा। वही बच्चे के पिता गुरु सिमरन संधू ने कहा कि पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है। पिता ने अपील की है कि चाइना डोर बेचने या खरीदने वालों के खिलाफ अटेम्प्ट टू मर्डर की धारा लगाकर मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

    बता दें कि पिछले दिनों पुलिस ने 50 पेटी के करीब चाइना डोर के गट्टू पकड़े थे और आरोपियों पर मामला भी दर्ज किया था। लेकिन उसके बावजूद भी चाइना डोर धड़ल्ले से बिक रही है। मीडिया से बातचीत करते हुए बच्चे के पिता गुरु सिमरन संधू ने बताया कि उनका बच्चा बाकी बच्चों के साथ साइकिल चला रहा था और जालंधर के 66 फीट रोड पर स्थित इको होम सोसाइटी में उनके बच्चे की चाइना डोर के कारण गर्दन कट गई। जिसके बाद सोसाइटी के लोग उनके बच्चे को कार में बिठाकर इलाज के लिए अस्पताल ले आए। बच्चे का अस्पताल में ऑपरेशन हो गया है, लेकिन अभी भी हालत क्रिटिकल बनी हुई है।

    उन्होंने बताया कि इस हादसे से उनके बेटे की जान भी जा सकती थी, लेकिन सही समय पर उसके बच्चे का अस्पताल में इलाज किया गया, जिस कारण अभी तक उसकी जान बच गई है। गुरु सिमरन संधू ने कहा कि हवा में फहराती चाइना डोर तलवार से कम नहीं है और जैसे उनके बेटे के गर्दन पर यह डोर लगी है। ऐसे लगता है जैसे कि किसी तलवार ने उनके बेटे का गला काट दिया हो। उन्होंने कहा कि जो लोग चाइना डोर बेचते हैं या खरीदते हैं उनके खिलाफ अटेम्प्ट टू मर्डर का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर सरकार एक्शन करें उनके फोटो सहित होर्डिंग बोर्ड पर लगाकर शहर में लगाएं जाए ताकि बाकी लोगों को भी जागरूक किया जा सके। उन्होंने कहा कि उनका बच्चा जैसे ही ठीक होगा तो वह इस चाइना डोर के खिलाफ अभियान चलाएंगे।

    वहीं ग्लोबल अस्पताल के डॉक्टर राजीव सूद ने बताया कि लगभग डेढ़ घंटा बच्चे का ऑपरेशन चलाया गया। इस घटना में बच्चे की गर्दन पर गहरा कट लगा है। उन्होंने कहा कि यह बचाव रहा की बच्चे की सांस की नली में यह डोर नहीं लगी, जिस कारण वह ऑपरेशन करके बच्चे की जान बचा पाए। डॉक्टर ने कहा कि अभी बच्चे की हालत क्रिटिकल है और 48 घंटे तक उसे आईसीयू में रखा गया है, हालत स्थिर होने पर उसे शिफ्ट किया जाएगा। डॉक्टर ने कहा कि सरकार और प्रशासन को ऐसे लोगों के खिलाफ अटेम्प्ट टू मर्डर का मामला दर्ज किया जाना चाहिए ताकि लोगों में यह संदेश जा पाए और वह अपने बच्चों को सुरक्षित कर पाए।

  • Punjab News: धूप ने दी सर्दी से राहत, लोगों के खिले चेहरे, रात को घनी धुंध की संभावना, देखें वीडियो

    Punjab News: धूप ने दी सर्दी से राहत, लोगों के खिले चेहरे, रात को घनी धुंध की संभावना, देखें वीडियो

    लुधियानाः पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदलने वाला है। एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस पहाड़ों पर पहुंच गया है, जबकि दो उसके पीछे आ रहे हैं। इस वजह से आज (मंगलवार) रात और कल घने कोहरे का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। वहीं, गुरुवार से बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने की संभावना है।

    हालांकि, राज्य में आज सुबह धुंध न होने के कारण मौसम साफ है और शीतलहर से भी राहत है। अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। अब यह सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 2.9 से लेकर 9 डिग्री तक दर्ज किया गया है। सबसे कम तापमान अमृतसर में 2.9 डिग्री दर्ज किया गया है।

    लुधियाना में भी आज मौसम पूरी तरह साफ रहा और धुंध न के बराबर दिखी। शहर में सुबह से ही साफ आसमान और खिली धूप देखने को मिली, जिससे ठंड में भी कमी आई है। धूप निकलने के कारण लोगों को सर्दी से काफी राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक आज 7 जिलों अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और संगरूर में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं मौसम शुष्क रहेगा।

  • Jalandhar News: सीवरेज और वाटर लाइन टूटी, जमीन के धंसने का बड़ा खतरा, देखें वीडियो

    Jalandhar News: सीवरेज और वाटर लाइन टूटी, जमीन के धंसने का बड़ा खतरा, देखें वीडियो

    दुकानों और घरों में घुस रहा गंदा पानी

    जालंधर, ENS: वेस्ट के बस्ती दानिशमंदा इलाके में सीवरेज और वाटर सप्लाई लाइन टूटने से हालात बेहद गंभीर हो गए। सड़कों पर तेज़ बहता पानी, जमीन के धंसने का खतरा, दुकानों और घरों में घुसता गंदा पानी लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी ठप कर रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों और खबरों के बावजूद नगर निगम, ठेकेदार और जनप्रतिनिधि मौके पर न तो स्थायी समाधान कर रहे हैं और न ही फोन उठा रहे हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बढ़ गई है। जालंधर वेस्ट के बस्ती दानिशमंदा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से सीवरेज लाइन और वाटर सप्लाई पाइपलाइन टूटने की समस्या बनी हुई है। मौके पर हालात ऐसे हैं कि सड़कों पर लगातार पानी बह रहा है और सड़क की जमीन नीचे धंसती हुई दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है, क्योंकि बिना किसी चेतावनी के वाहन और राहगीर उसी रास्ते से गुजर रहे हैं। तेज पानी के दबाव के कारण कई दुकानों और घरों में पानी घुस चुका है। दुकानदारों का आरोप है कि उनकी दुकानें बंद करने की नौबत आ गई है और रोज़ी-रोटी पर सीधा असर पड़ा है। कुछ दुकानों में फर्श के नीचे मिट्टी बह जाने से ढांचे को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बना हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह समस्या नई नहीं है। पहले भी इस इलाके में सीवरेज और सड़क को लेकर शिकायतें की गई थीं। ठेकेदार द्वारा काम शुरू तो किया गया, लेकिन पाइप टूटने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया। न तो सड़क को बंद किया गया और न ही किसी तरह की बैरिकेडिंग की गई, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ गई। लोगों का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारी, एक्सईएन और संबंधित ठेकेदार को कई बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने फोन उठाना जरूरी नहीं समझा। स्थानीय पार्षद पर भी लोगों ने नाराजगी जताई और कहा कि आवाज उठाने के बावजूद मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
  • Punjab News: गुरुद्वारा साहिब में भिड़े 2 पक्ष, उतरी पगड़ियां, देखें वीडियो

    Punjab News: गुरुद्वारा साहिब में भिड़े 2 पक्ष, उतरी पगड़ियां, देखें वीडियो

    कपूरथलाः सुल्तानपुर लोधी के पास मोखे गांव में एक बुरी दुखद मामला सामने आया है, जिससे इंसानियत के साथ-साथ धार्मिक भावनाओं को भी ठेस पहुंची है। जहां, गांव के गुरुद्वारा साहिब सिंह सभा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज की पावन हजूरी में मारपीट करने और पगड़ियां तक उतरने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें गुरु घर के अंदर दोनों पक्षों की पगड़ियां उतरती हुई दिख रही हैं और गाली-गलौज भी हो रही है। गुरु घर की सेवा में तैनात ग्रंथी सिंह ने कहा कि उन्हें बुरी तरह पीटा गया। पीड़ित ग्रंथी सिंह का सिविल अस्पताल, सुल्तानपुर लोधी में इलाज चल रहा है। पीड़ित ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से भी इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है।

    दूसरी तरफ, सिविल अस्पताल में इलाज करवा रहे गांव मौखे के रहने वाले मेहर सिंह पुत्र लछमन सिंह ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया और ग्रंथी सिंह पर सेवा में लापरवाही का आरोप लगाया। उसने यह भी कहा कि उसने कई बार ग्रंथी सिंह को सेवा में लापरवाही करते हुए पकड़ा था और एक दिन पहले ग्रंथी सिंह ने उसके घर आकर गाली-गलौज भी की थी। इस मामले पर बात करने के लिए गुरुद्वारे में मीटिंग हुई थी, जिसमें ग्रंथी ने उन पर हमला कर दिया और उनके बेटे की पगड़ी उतारी और उसके और मेरे बालों की भी बेअदबी की है। वहीं मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी देते ग्रंथी सिंह गुरनाम सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव के कुछ लोगों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसी झगड़े को सुलझाने के लिए गुरु घर में ही पूरे गांव की पंचायत बुलाई गई थी और जब बातचीत चल ही रही थी, तो दूसरे पक्ष ने उन पर हमला कर दिया। ग्रंथी सिंह का आरोप है कि इस दौरान उन्होंने न तो गुरु साहिब की मौजूदगी की परवाह की और न ही गांव की पंचायत की। गुरुद्वारा साहिब के दरबार के अंदर ही आरोपी ने उनकी पिटाई की। इस दौरान उनकी पगड़ी भी उतारी गई, जिससे माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया। गांववालों ने घायल ग्रंथी सिंह गुरुनाम सिंह को तुरंत सुल्तानपुर लोधी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

    दूसरी ओर मेहर सिंह ने बताया कि ग्रंथी सिंह को कई बार गुरु साहिब की सेवा को लेकर कोताही बरती जाती थी, जिसका उन्होंने विरोध किया था। इसी बात को लेकर ग्रंथी सिंह ने उसके घर आकर गुंडागर्दी की और कहा था कि तलवार लेकर उसकी गर्दन काट देगा। तब लोगों ने बात को शांत करवा दिया था, लेकिन बाद में जब गुरु घर में पंचायत हुई तो वह अभी वहां पहुंचे ही थे कि ग्रंथी ने उनके भतीजे को थप्पड़ मार दिया जिससे उसकी पगड़ी उतर गई और बाद में उसने उनके साथ भी मारपीट की जिसकी सारी वीडियो वहां लगे सीसीटीवी में कैद है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी के आधार पर देखा जाए कि कौन गलत है कौन सही।

    डॉक्टरों के मुताबिक, ग्रंथी सिंह की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन उन्हें अभी भी CT स्कैन के लिए भेजा जा रहा है, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो जाएगी। इस घटना के बाद गांववालों में भारी रोष है। गांववालों ने इसे बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों की मांग है कि धार्मिक स्थल पर हुई इस शर्मनाक घटना के दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। इस बीच, पुलिस को इस पूरी घटना की जानकारी दे दी गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

  • Sensex और Nifty में आई गिरावट, Tata Capital में तेजी

    Sensex और Nifty में आई गिरावट, Tata Capital में तेजी

    नई दिल्ली: शेयर बाजार में मंगलवार को सपाट शुरुआत हुई। विश्वभर के निवेशक बढ़ते भूराजनीतिक तनावों को लेकर सतर्क हैं। जबकि घरेलू मोर्चे पर निवेशक अमेरिका और भारत के बीच ट्रेड डील को लेकर स्पष्टता से पहले सतर्क रुख अपना रहे हैं। जापान के शेयर बाज़ार भी दबाव में रहे। क्योंकि प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने अगले महीने जल्दी चुनाव कराने का आधिकारिक ऐलान किया है। वहीं, सोमवार को मार्टिन लूथर किंग जूनियर डे की वजह से वॉल स्ट्रीट बंद रहा। दोनों प्रमुख इंडेक्स Sensex-Nifty लाल रंग पर खुले।

    बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती कारोबार में धीमे कारोबार करते नजर आए। सेंसेक्स 0.05% फिसलकर 83,207 पर खुला जबकि निफ्टी ने 0.02% की गिरावट के साथ 25,580 पर सत्र शुरू किया। शुरुआती कारोबार में एशिया-पैसेफिक बाजार ज्यादातर कमजोर रहे। जापान का निक्केई 225 लगभग 0.7% फिसल गया और टॉपिक्स इंडेक्स 0.52% गिर गया। दक्षिण कोरिया में, कोस्पी में 0.41% की गिरावट आई, जबकि कोस्डेक में गिरावट आई।

    एनरिच मनी के सीईओ पोनमुदी आर. के मुताबिक, 25,600 के अहम सपोर्ट से नीचे मजबूती से फिसलने के बाद निफ्टी फिलहाल कमज़ोरी के दौर में है।निफ्टी 25,500 से 26,000 के दायरे में ही घूम रहा है और 20, 50 व 100 दिनों के औसत (EMA) से नीचे कारोबार कर रहा है, जिससे तेज़ी की रफ्तार कमजोर दिख रही है। अभी निफ्टी के लिए तुरंत सपोर्ट 25,500 पर है। अगर यह स्तर टूटता है, तो अगला सहारा 25,400 (जो पहले ऊपरी स्तर था, अब सपोर्ट बन गया है) और उसके बाद 25,125 पर दिखता है। पोनमुदी के अनुसार, एक्सपायरी के चलते बिकवाली बढ़ने या विदेशी निवेशकों (FII) की नई बिकवाली आने पर निफ्टी इन निचले स्तरों तक जा सकता है।

     

  • Jalandhar News: विधायक के रिश्तेदार के घर में लगी आग, झुलसने से युवती की मौत, देखें वीडियो

    Jalandhar News: विधायक के रिश्तेदार के घर में लगी आग, झुलसने से युवती की मौत, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: विजय नगर में सोमवार रात कांग्रेसी विधायक बिक्रम चौधरी के घर के साथ लगते उनके रिश्तेदार के घर में आग लग गई। कमरे में पीवीसी शीटें लगी होने के कारण चंद मिनटों में आग ने भयानक रूप ले लिया। आग लगने के दौरान कमरे में मौजूद मानसिक रूप से अस्वस्थ 30 वर्षीय युवती बेड पर आराम कर रही थी, लेकिन वह मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वह शोर नहीं मचा सकी और आग की चपेट में आ गई। परिवार को आग लगने की सूचना का पता चला तो उन्होंने फायर ब्रिगेड और थाना 4 की पुलिस को सूचित किया और खुद आग पर काबू पाने में जुट गए।

    सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन आग पर काबू पाए जाने तक कमरे के अंदर पड़ा सामान जलकर राख हो चुका था और आग से झुलसने के कारण 30 वर्षीय रुबिका की मौत हो गई, वहीं आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार विजय नगर में कांग्रेसी विधायक बिक्रम चौधरी का है और उनके घर के साथ उनके रिश्तेदार के बेटे का घर है। कुछ समय पहले ताया के बेटे मोहित की मौत गई थी। उनकी पत्नी सिमरत कौर दोनों बच्चियों के साथ घर रहती हैं और उनका पालन पोशन करती थी। वह सोमवार रात वह घर में मौजूद थी लेकिन रात को शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई।

    कमरे की दीवारों पर पीवीसी शीटें लगी हुई थीं। प्लास्टिक होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। पीवीसी के जलने से निकले जहरीले धुएं और भड़कती लपटों ने रुबिका को बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं छोड़ा। जिस समय कोठी में आग लगी, तब रूबिका कमरे में बेड पर लेटी हुई थी क्योंकि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। इसलिए वह खतरे को भांपने के बावजूद न तो शोर मचा सकी और न ही समय रहते बेड से उठकर बाहर भाग पाई।

    आग इतनी तेजी से फैली कि युवती को संभलने का मौका तक नहीं मिला और आग में फंस गई। आग से झुलसने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिवार का रो-रो-कर बुरा हाल था, वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना 4 की टीम जांच में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव गृह में रखवा दिया। थाना 4 के प्रभारी अनु ने बताया कि उनकी टीम मामले की जांच में जुट गई है और वह परिवार के बयानों पर बनती कार्रवाई करेंगे।

     

     

  • आज का राशिफल, 20 जनवरी 2026

    आज का राशिफल, 20 जनवरी 2026

    मंगलवार का दिन ग्रह-नक्षत्रों की दृष्टि से बेहद खास रहने वाला है. 20 जनवरी 2026, को कई राशियों के लिए करियर, कारोबार, धन और पारिवारिक जीवन से जुड़े अहम संकेत मिल रहे हैं. कुछ राशियों को भाग्य का पूरा साथ मिलेगा, जिससे रुके हुए काम पूरे होंगे और नई जिम्मेदारियों के अवसर मिलेंगे. वहीं कुछ राशियों को आर्थिक लेन-देन, खर्च और सेहत के मामलों में अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी. दोनों लेकर आ सकता है, जबकि व्यापारियों को मुनाफे के नए रास्ते दिख सकते हैं. पारिवारिक रिश्तों, वैवाहिक जीवन और सामाजिक संपर्कों में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा.

    मेष राशि: मेष राशि वालों के लिए दिन सुख-सुविधाओं से भरा हुआ होगा. करियर-कारोबार में कुछ नया करने का मौका मिलेगा. कार्यक्षेत्र में आज सहकर्मियों संग बेहतर तालमेल और सहयोग मिलेगा. जो लोग किसी तरह का बिजनेस में हैं उनको आज अच्छा अच्छा मुनाफा अर्जित होगा. जिससे लाभ के अवसरों में वृद्धि होगी. आर्थिक स्थिति में सुखद बदलाव देखने को मिलेगा. आज के दिन पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा. शाम के समय लोगों संग मेल-मिलाप का सिलसिला कायम रहेगा. पारिवारिक जीवन में सुखद पल मिलेंगे. सेहत अच्छी रहेगी.

    वृषभ राशि: वृषभ राशि वालों के लिए मंगलवार का दिन कई तरह के सुखद संकेत है. आय में लगातार इजाफा होगा. भाग्य का भरपूर साथ आपको मिलेगा. कार्यक्षेत्र में आपको अपने वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों का साथ मिलेगा. जो लोग किसी तरह के प्रॉपर्टी में निवेश करने के इच्छुक हैं आज उनको मौका मिल सकता है. पारिवारिक जीवन में घर के सदस्यों संग किसी मामले में संवाद स्थापित हो सकता है. एक दूसरे के प्रति प्रेम और सामंजस्य बढ़ेगा. कुछ नए तरह के संपर्क स्थापित हो सकते हैं जिससे आपके काम का दायरा बढ़ सकता है. धार्मिक गतिविधियों में भाग लेने के अवसर आपको मिलेगा.

    मिथुन राशि: मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा. आपके अधूरे काम पूरे होंगे जिससे मन प्रसन्न रहेगा. लेकिन कार्यक्षेत्र में कुछ उलझनों का सामना और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ सकता है. आपके विरोधी आप के ऊपर हावी हो सकते हैं. काम को लेकर आपको सतर्कता बरतनी होगी. आपको अपनी आय और व्यय को ध्यान में रखते हुए ही किसी काम को करना बेहतर रहेगा. काम में व्यस्तता के चलते आपको मानसिक तनाव हो सकता है. जीवनसाथी सहयोग मिलेगा. आपको अपनी सेहत का विशेष ध्यान देना होगा.

    कर्क राशि: कर्क राशि वालों के लिए मंगलवार का दिन मिलाजुला रहेगा. आपको ज्यादा जोखिम भरे कामों को करने से बचना होगा. साथ ही आपको अपनी मन और भावुकता को नियंत्रण में रखना होगा. जो लोग किसी तरह के सरकारी कामों में लगे हुए उनको आज अच्छी सफलता मिलेगी. लेकिन आज के दिन आपके खर्चों में वृद्दि भी हो सकती है. आर्थिक मामलों में आपको लाभ मिलेगा. ससुराल पक्ष की तरफ से आपको लाभ और सहयोग मिलेगा. निवेश के मामले में आपको बजकर रहना होगा. जीवनसाथी संग किसी भी तरह के गलफफहमी से आपको बचकर रहना होगा. सामाजिक कार्यो में आपकी रुचि बनी रहेगी.

    सिंह राशि: सिंह राशि वालों के लिए दिन खर्चीला रहेगा. आपके ऊपर काम का दबाव रहेगा ऐसे में आपको कोई भी काम बहुत ही सावधानी और सोच-समझकर करना होगा. जो लोग नौकरी में आज उनके ऊपर किसी तरह का दबाव रहेगा. जो लोग नौकरी में आज उनके मन में नौकरी के बदलने का विचार आ सकता है. मित्रों संग बेहतर तालमेल बनाकर चलना होगा. आपको आज के दिन अपनी सेहत का विशेष रूप से ध्यान रखना होगा. खानपान पर नियंत्रण से ही सेहत अच्छी रहेगी वैवाहिक जीवन में आपसी तालमेल बना रहेगा और साथी संग कहीं बाहर घूमने आदि जा सकते हैं.

    कन्या राशि: कन्या राशि के जातकों के लिए दिन लाभकारी और सुख रहेगा. आज के दिन आपको अपनी किस्मत का भरपूर साथ मिलेगा. ग्रहों की चाल आपके पक्ष में रहेगी जिससे आपको हर एक काम में आपको अच्छी सफलता मिलेगी. आप किसी भी मामले में अपनी बुद्धि और कार्यकुशलता के दम पर अच्छा लाभ मिलेगा. जो छात्र किसी तरह की प्रतियोगिता परीक्षा देंगे आज उनको उसमें आगे बढ़ने का अच्छा मौका मिलेगा. संतान की तरफ से आपको कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है. जो लोग किसी तरह के बिजनेस में हैं उनको आज अच्छा मुनाफा हासिल हो सकता है. लेकिन कुछ मामलों में आपको सावधानी बरतनी होगी. वाहन आदि चलाने में आपको अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी.

    तुला राशि: तुला राशि वालों को आज के दिन कुछ मामलों में कठिनाईयों का सामना करना पड़ सकता है. नौकरी में आपके लिए दिन बहुत ही अनुकूल रहेगा. जो लोग नए तरह का काम या कारोबार शुरू करना चाह रहे हैं उनको आज उसमें सफलता मिल सकती है. आपको कार्यक्षेत्र में किसी तरह की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी जा सकती है. जिसमें आपको बहुत ही सोच-समझकर आगे बढ़ना होगा. सरकारी क्षेत्र में आपको भागदौड़ बनी रहेगी. इसके अलावा आर्थिक लेन-देन में आपको अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी. निवेश संबंधी मामलों में आपको धन के मामलें में सोच-समझकर फैसला लेना होगा.

    वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि वालों के लिए दिन उत्साह से भरा और सकारात्मक रहेगा. कार्यक्षेत्र में आपको अनुभवों का लाभ मिलेगा. आर्थिक मामलों में आपको कुछ नुकसान हो सकता है. लेन-देन के मामले में आपको सतर्कता बरतनी होगी. जो लोग नौकरी में हैं उनको अनुकूल परिणामों की प्राप्ति हो सकती है. कोई पुराना काम पूरा होने आपको खुशी मिलेगी. आपको वैवाहिक जीवन में जीवनसाथी संग बेहतर तामलेमल बनाकर रखना होगा. किसी से बिना बात के वाद-विवाद करने से बचना होगा. जोखिम भरे कामों को करने से बचना होगा.

    धनु राशि: धनु राशि वालों को आज के दिन घर-परिवार और बाहर कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है. आज का दिन भाग्य आपके पक्ष में रहेगा जिससे स्थितियां आपके अनुकूल रहेंगी. कुछ नई तरह की जिम्मेदारी मिलने से आपका मनोबल बढ़ सकता है. आपको अपने अनुभवों का फायदा मिलेगा. आज के दिन आपके खर्चों में वृद्धि हो सकती है. सेहत अच्छी रहेगी. लोगों से मेल-मिलाप का सिलसिला कायम रहेगा. धार्मिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर आपको मिल सकता है. आज के दिन आपको किसी अजनबी पर भरोसा करने से बचना होगा.

    मकर राशि: मकर राशि वालों के लिए आज कार्यक्षेत्र में उन्नति के अवसरों की प्राप्ति होगी. मंगलवार का दिन आपके लिए जोश और उत्साह से भरा हुआ होगा. आपको अपनी वाणी, बुद्धि और कार्यकुलता के करियर में तरक्की के अवसर मिलेंगे. दिन आर्थिक आजादी पाने का है. लाभ के अच्छे और शानदार अवसर आपको मिलेंगे. आपको एक साथ अपनी आय को बढ़ाने के लिए कई मौके मिलेंगे जिसमें आप उसमें कामयाब भी होंगे. करियर-कारोबार में आपको कुछ नया करने का अवसर भी मिलेगा. संतान की तरफ से आपको खुशी भी मिलेगी.

    कुंभ राशि: कुंभ राशि वालों को आज अनचाहे खर्चों से बचकर रहना होगा. दिन काफी व्यस्तता से भरा हुआ होगा. आपके मन में कई तरह की मानसिक उलझनें रह सकती है, ऐसे में आपको बहुत ही सोच-समझकर और संयम के साथ स्थितियों को संभालकर रखना होगा. कोर्ट-कचहरी के मामले में आपको सफलता मिलने के योग हैं जिससे आपका पक्ष मजबूत होगा. दिन खर्चों से भरा हुआ होगा. आपकी आमदनी के मुकाबले खर्चें ज्यादा होंगे. आपके ऊपर काम का दबाव अधिक रहेगा. नौकरीपेशा लोगों को आज के दिन उनके ऊपर कार्य का बोझ ज्यादा हो सकता है ऐसे में आपको बेहतर प्रबंधन क्षमता से काम लेना होगा.

    मीन राशि: मीन राशि वालों को आज उनकी मेहनत का अच्छा फल मिलेगा. भाग्य का भरपूर साथ मिलेगा जिससे आपके सभी काम आसानी और बिना बाधा के पूरा होगा. आज नौकरी में आपकी कार्यकुशलता में वृद्धि होगी. धर्म और अध्यात्म में आपकी रुचि बनी रहेगी. अपने मित्रों और सगे संबंधियों का भरपूर साथ मिलेगा. जो लोग किसी तरह का कारोबार आदि करते हैं उनको आज अच्छा मुनाफा हासिल होगा. लेकिन आपको किसी पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करने से बचना होगा. आपको किसी दूसरे की कहासुनी बातों में आने से बचना होगा.

    .