Blog

  • योग हमारी संस्कृति एवं जीवन जीने की पद्धतिः वीरेंद्र कंवर 

    योग हमारी संस्कृति एवं जीवन जीने की पद्धतिः वीरेंद्र कंवर 

    अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ग्रामीण विकास मंत्री ने थाना कलां व बंगाणा में बच्चों संग किया योग

    ऊना (सुशील पंडित)। ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थाना कलां तथा इको पार्क बंगाणा में स्कूली बच्चों के साथ योगाभ्यास किया। 

    अपने संबोधन में वीरेंद्र कंवर ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग हमारी पुरातन सनातन संस्कृति का हिस्सा है। योग जीवन जीने की पद्धति है, जो हमें रोगों से बचाने में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि योगाभ्यास केवल एक दिन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमें योग को जीवन में अपना कर इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। योगासानों का अभ्यास शारीरिक व मानसिक विकास में अहम है तथा योग हमें तनाव से लड़ने में भी मदद करता है।

    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से ही आज पूरा विश्व योग दिवस मना रहा है। अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर नरेंद्र मोदी ने योग को नई पहचान दिलाई है। कंवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र संघ की बैठक में साल में एक दिन योग के नाम करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे संयुक्त राष्ट्र महासभा ने स्वीकार कर लिया और प्रति वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का ऐलान कर दिया गया। उन्हीं के प्रयासों के आज पूरा विश्व आठवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। 

    इस अवसर पर जिप उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, बलवंत वर्मा, मास्टर रमेश शर्मा, सूरम सिंह, चरणजीत शर्मा, विजय शर्मा, अजय शर्मा, महिला आयोग की सदस्य इंदु बाला, डाइट प्रधानाचार्य देवेंद्र चौहान, थाना कलां स्कूल के प्रधानाचार्य संजीव पराशर सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। 

  • बठिंडा में गैंगस्टर सारज मिंटू ने सोशल मीडिया पर वायरल की जेल की तस्वीरें, प्रशासन में मचा हड़कंप

    बठिंडा में गैंगस्टर सारज मिंटू ने सोशल मीडिया पर वायरल की जेल की तस्वीरें, प्रशासन में मचा हड़कंप

    बठिंडा: पंजाब के बठिंडा जिले से बड़ी ख़बर सामने आई है। बठिंडा की मार्डन केंद्रीय जेल में बंद गैंगस्टर सारज सिंह सिद्धू उर्फ मिंटू ने इंटरनेट मीडिया इंस्टाग्राम आइडी पर पंजाब की विभिन्न जेलों में बंद के दौरान अपनी जेल की तस्वीरें अपलोड की हैं। इसकी भनक लगते ही पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीआरपीएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त रूप से उस जेल की स्पेशल सेल की तलाशी ली, जहां सारज मिंटू बंद था।

    तलाशी दौरान गैंगस्टर से कुछ भी नहीं मिला 

    तलाशी में गैंगस्टर का मोबाइल फोन समेत कुछ भी आपत्तिजनक सामान नहीं मिला, लेकिन जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना कैंट पुलिस ने गैंगस्टर मिंटू के खिलाफ जेल के निमयों की उल्लंघना करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है और उसका पुलिस प्रोडेक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करने की तैयारी की जा रही है। 

    मूसेवाला की हत्या में वारंट पर लाया गया था सारज 

    गौर हो कि गायक शुभदीप सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी पुलिस द्वारा गैंगस्टर सारज मिंटू को प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाया गया था, चूकिं सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी उसका नाम आता है। कुछ दिन पहले पुलिस ने सारज को वापिस बठिंडा सेंट्रल जेल भेज दिया था।

    पुलिस ने किया मामला दर्ज

    इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर उनके द्वारा अपलोड किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ सुरक्षा कारणों से जेल की तस्वीरों को गलत तरीके से पेश करने का मामला दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले पुलिस को सूचना मिली थी कि बठिंडा जेल को बे्रक कर जेल में बंद गैंगस्टरों को छुड़वाया जाएगा। जिसके बाद पुलिस ने जेल की सुरक्षा कड़ी कर दी थी।


    मिली जानकारी के अनुसार गैंगस्टर साजन उर्फ मिंटू ने जेल में ली गई तस्वीरों को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था, जिसकी शिकायत जेल मंत्री हरजोत सिंह बैंस को भेज दी गई थी। गैंगस्टर ने न सिर्फ बठिंडा सेंट्रल जेल, बल्कि होशियारपुर और फिरोजपुर जेल की भी तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में अपलोड की हैं। पुलिस को संदेह है कि गैंगस्टर ने बठिंडा जेल ब्रेक की साजिश रचने के लिए अपने बाहरी सहयोगियों को तस्वीरें भेजी होंगी। 

    जल्द गैंगस्टर को लाया जाएगा प्रोडक्शन वारंट पर 

    तस्वीरों में सारज मिंटू जेल के बाहर ऊंची दीवार के पास नजर आ रही है। पुलिस को यह भी संदेह है कि जेल ब्रेक के लिए गैंगस्टर मिंटू ने जेल की तस्वीरें अपने साथी गैंगस्टरों को अपने मोबाइल फोन के जरिए वाट्सएप के जरिए भेजी होंगी। थाना कैंट के इंचार्ज व एसआइ कर्मजीत सिंह ने बताया कि बठिंडा सेंट्रल जेल के सुपरिटेंडेंट भूपिंदर सिंह ने शिकायत देकर बताया कि गैंगस्टर सारज मिंटू द्वारा अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें अपलोड किए जाने की सूचना मिलने के बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही गैंगस्टर को प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा और तस्वीरों के मामले में पूछताछ की जाएगी।

  • पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा हो सकते हैं राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष के उम्मीदवार, ट्वीट से बड़ी हलचल

    पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा हो सकते हैं राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष के उम्मीदवार, ट्वीट से बड़ी हलचल

    नई दिल्ली: पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के एक ट्वीट से राजनीतिक जानकारों के बीच काफी हलचल देखने को मिल रही है। इस ट्वीट के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यशवंत सिन्हा राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार हो सकते हैं। यशवंत सिन्हा अटल बिहारी वाजपेयी की एनडीए सरकार में वित्त मंत्री और विदेश मंत्री का कार्यभार संभाल चुके हैं। यशवंत सिन्हा ने 2018 में बीजेपी को छोड़ा था, वह अब तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं।

    यशवंत सिन्हा ने ट्वीट में ममता बनर्जी का किया शुक्रिया

    मंगलवार सुबह टीएमसी के उपाध्यक्ष यशवंत सिन्हा ने ट्वीट में लिखा कि टीएमसी पार्टी में मुझे इतना सम्मान और प्रतिष्ठा देने के लिए मैं ममता जी का शुक्रगुजार हूं। अब समय आ गया है कि मैं एक बड़े राष्ट्रीय हित में पार्टी से अलग होकर विपक्ष की वृहद एकता के लिए काम करूं। इसी ट्वीट के आधार पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि शायद उन्हें विपक्ष का राष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित किया जा सकता है। हालांकि उन्होंने अपने इस ट्वीट के अलावा राष्ट्रपति चुनाव पर कुछ भी कहने से मना कर दिया है।


    तीन विपक्षी उम्मीदवार वापस ले चुके हैं नाम

    बताया जा रहा है कि यशवंत सिन्हा का नाम सामने आने से पहले विपक्ष ने तीन और नेताओं को इस पद के लिए अनुरोध किया था। ये तीन नेता हैं – राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल गोपालकृष्ण गांधी। पहले दो नेताओं के मना करने के बाद सोमवार को गोपालकृष्ण गांधी ने भी विपक्ष के इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

    शरद पवार की अगुवाई में विपक्षी दलों की बैठक

    यशवंत सिन्हा के नाम की इन संभावनाओं के बीच ही विपक्ष मंगलवार को एक बड़ी बैठक कर रहा है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए भाजपा के खिलाफ एक मजबूत गठजोड़ पेश करने के लिए इस बैठक में 17 विपक्षी दल हिस्सा ले रहे हैं। बैठक की अध्यक्षता राकांपा के अध्यक्ष शरद पवार कर रहे हैं। टीएमसी के एक प्रमुख नेता ने कहा कि कुछ विपक्षी दलों ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को विपक्ष का संयुक्त उम्मीदवार बनाने का सुझाव दिया है।

  • शिवसेना ने एकनाथ शिंदे को विधायक दल के नेता के पद से हटाया, उधर शिंदे बोले-वो सत्ता के लिए कभी धोखा नहीं देंगे

    शिवसेना ने एकनाथ शिंदे को विधायक दल के नेता के पद से हटाया, उधर शिंदे बोले-वो सत्ता के लिए कभी धोखा नहीं देंगे

    मुंबईः महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट के बीच शिवसेना ने अपने बागी नेता एकनाथ शिंदे को विधायक दल के नेता पद से हटा दिया है। उधर, एकनाथ शिंदे ने बगावत के बाद पहली बार ट्वीट करके कहा कि हम बालासाहेब के कट्टर शिवसैनिक हैं। बालासाहेब ने हमें हिंदुत्व सिखाया है। उनके विचार और आनंद दिघे साहेब की सीख की वजह से हमने सत्ता पाने के लिए कभी धोखा नहीं दिया और न ही देंगे। वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र में सियासी संकट के बीच कांग्रेस ने कमलनाथ को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया।

    न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया कि शिवसेना ने एकनाथ शिंदे को विधायक दल के नेता पद से हटाने का फैसला किया है और सेवरी विधायक अजय चौधरी को शिवसेना विधायक दल का नेता बनाया जाएगा। 

    महाराष्ट्र में आया राजनीतिक भूचाल

    महाराष्ट्र विधान परिषद के चुनावी नतीजे सामने आने के बाद महाविकास अघाड़ी सरकार की मुश्किलें बढ़ गईं। एक तरफ भाजपा ने महाविकास अघाड़ी गठबंधन को झटका देकर 5 सीटें जीत लीं और फिर एकनाथ शिंदे अन्य 12 विधायकों के साथ गुजरात चले गए। सूत्रों ने बताया कि एकनाथ शिंदे के संपर्क में 26 विधायक हैं लेकिन एकनाथ शिंदे शिवसेना से संपर्क नहीं साध रहे हैं और वो पार्टी से नाराज भी बताए जा रहे हैं। 

    उद्धव ठाकरे ने बुलाई आपात बैठक 

    ऐसे में उद्धव ठाकरे ने आपात बैठक बुलाई। इस दौरान उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेताओं और विधायकों से मुलाकात की। जिसमें प्रदेश के राजनीतिक भविष्य पर चर्चा हुई। इससे पहले शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि एकनाथ शिंदे मुंबई में नहीं हैं, लेकिन उनसे संवाद हो गया है। संजय राउत ने जोर देकर कहा कि शिवसेना वफादारों की पार्टी है और मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरह, एमवीए सरकार को गिराने के भाजपा के प्रयास सफल नहीं होंगे।

  • पंजाब के पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को बड़ा झटकाः गिरफ्तारी को लेकर दायक की याचिका में नहीं मिली हाईकोर्ट से राहत

    पंजाब के पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को बड़ा झटकाः गिरफ्तारी को लेकर दायक की याचिका में नहीं मिली हाईकोर्ट से राहत

    चंडीगढ़ः पंजाब कांग्रेस के पूर्व पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशु को हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। दरअसल, भारत भूषण आशु की ओर से टेंडर घोटाले के मामले को लेकर दायर याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान उन्हें हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। बता दें कि भारत भूषण आशु पर टेंडर घोटाले के आरोप लग रहे है। आशु गिरफ्तारी से बचने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गए थे। उन्होंने याचिका दायर कर कहा था कि अगर उन्हें गिरफ्तार किया जाता है तो इससे पहले 7 दिन का नोटिस दिया जाए।

    2 हजार करोड़ के टेंडर में घोटाले का आरोप

    आशु पर फूड एवं सिविल सप्लाई डिपार्टमेंट में 2 हजार करोड़ के टेंडर में घोटाले का आरोप है। इसकी जांच पंजाब विजिलेंस ब्यूरो कर रहा है। आशु  ने हाईकोर्ट में दायर याचिका में कहा कि उनके खिलाफ अगर कोई शिकायत है तो उसकी सही ढंग से जांच की जाए। राजनीतिक बदलाखोरी के मकसद से पंजाब की आप सरकार कार्रवाई न करे।

    6 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

    हाईकोर्ट में आज आशू की याचीका में सुनवाई थी जिसमें आशु को राहत नहीं मिली। अदालत ने अगली तारीख 6 जुलाई नीयत की है। बता दे कि आशु का कहना था कि विजीलेंस यदि कार्रवाई करती है तो कार्रवाई से पहले उन्हें 1 हफ्ते का नोटिस दिया जाए। वहीं जो जांच है उसमें उन्हें शामिल किया जाए। बता दें कि आशु पर छोटे ठेकेदारों ने आरोप लगाए थे कि पंजाब की मंडियों में लेबर और ट्रांसपोर्टेशन के टेंडर में गड़बड़ी की गई। छोटे ठेकेदारों को नजरअंदाज कर 20-25 लोगों को फायदा पहुंचाया गया। इस मामले में विजीलेंस जांच चल रही है।

  • सिप्पी सिद्धू हत्याकांडः कोर्ट ने जज की बेटी कल्याणी को 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेजा, जाने किस दिन होगी अब सुनवाई

    सिप्पी सिद्धू हत्याकांडः कोर्ट ने जज की बेटी कल्याणी को 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेजा, जाने किस दिन होगी अब सुनवाई

    चंडीगढ़ः राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज और वकील सुखमनप्रीत सिंह उर्फ सिप्पी सिद्धू की हत्यारोपी कल्याणी सिंह को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 14 दिन के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले की अब पांच जून को सुनवाई होगी। सीबीआई को कल्याणी का पहले चार और बाद में दो दिन का रिमांड मिला था। रिमांड खत्म होने पर उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। 

    कल्याणी के वकील ने सीबीआई से मांगे केस के दस्तावेज 

    मामले में कोर्ट में सुनवाई के दौरान कल्याणी के एडवोकेट सरतेज नरूला ने सीबीआई से इस केस से जुड़े सभी दस्तावेज देने की मांग की। उन्होंने सीबीआई की तरफ से 2020 में दायर की गई अनट्रेस रिपोर्ट की कॉपी भी मांगी। हालांकि सीबीआई के एडवोकेट ने कहा कि वह एक हत्या के आरोपी को कागज नहीं सौंप सकते। कल्याणी के वकील की मांग पर कोर्ट जल्द फैसला देगी।

    चार्ज फ्रेम होने के बाद कल्याणी पर चलेगा ट्रायल 

    मामले में अगर कल्याणी के अलावा किसी अन्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाती तो सीबीआई को 90 दिनों में उसके खिलाफ चालान पेश करना होगा। इस बीच अन्य आरोपी को पकड़ सप्लीमेंट्री चालान पेश किया जा सकता है। चार्ज फ्रेम होने के बाद कल्याणी पर ट्रायल चलेगा। हालांकि सीबीआई को अपना केस मजबूत करना होगा। सर्कमस्टांशियल एविडेंस के आधार पर सीबीआई केस को ज्यादा खींच नहीं पाएगी क्योंकि कल्याणी को शक का लाभ मिल सकता है। सीसीटीवी कैमरा फुटेज में भी क्लीयर नहीं है कि कल्याणी ही घटना के दौरान सेक्टर 27 में थी।

    सीबीआई के पास नहीं है कल्याणी के मोबाइल की टावर लोकेशन

    कल्याणी के मोबाइल की टावर लोकेशन भी सीबीआई के पास नहीं है। 7 सालों के लंबे अंतर के बाद हथियार की रिकवरी और गाड़ी बरामद करना भी सीबीआई के लिए आसान नहीं है। हालांकि सीबीआई का दावा है कि उनके पास नए सबूत लगे हैं। सूत्र किसी गाड़ी की रिकवरी की बात भी कर रहे हैं। वहीं एक संदिग्ध से पूछताछ भी सूत्रों के मुताबिक सीबीआई ने की है। इससे पहले सेक्टर 19 के मेंहदी वाले समेत 172 लोगों के बयानों के बावजूद कल्याणी के खिलाफ सीबीआई के पास मजबूत साक्ष्य नहीं था कि उसकी गिरफ्तारी कर सके। ऐसे में दिसंबर 2020 में अनट्रेस रिपोर्ट पेश की गई थी।

    क्या है चीख का राज 

    सिप्पी की जब सेक्टर 27 बी के पार्क में लगभग रात 9.30 बजे हत्या हुई तो 4 गोलियां चली थी। स्थानीय निवासी विक्रम नागपाल और विशाल नागपाल ने अपने घर 1001 नंबर से और 1015 से राजनबीर सिंह और उनकी पत्नी अमृता कौर ने गोलियां सुनने की आवाजें सुनी थी। इस दौरान 5’7 इंच का आदमी और लड़की चीख कर भागती हुई जाती दिखी थी। आदमी ने राजनबीर को पलट कर देखा था और दोनों कार में निकल गए। उनके बयानों के मुताबिक पहले दो गोलियां चली फिर दो और गोलियां चली। साथ ही लड़की ने चीख भी मारी थी। हत्या के इरादे से आए हमलावर अगर प्लानिंग के साथ आए हों तो चीख मारना अस्वाभविक भी प्रतीत होता है।

    जस्टिस सबीना पहुंची थी चंडीगढ़!

    सूत्रों की मानें तो 15 जून को कल्याणी की गिरफ्तारी के बाद जस्टिस सबीना छुट्‌टी लेकर चंडीगढ़ कल्याणी से मिलने पहुंची थी। वह तब हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की एक्टिंग चीफ जस्टिस थी। अब हाईकोर्ट को स्थाई जज मिल चुका है। सूत्र यह भी बताते हैं कि जस्टिस सबीना काफी सीनियर जज हैं और सुप्रीम कोर्ट जज तक बन सकती हैं। हालांकि जब वह एक्टिंग चीफ जस्टिस का पद संभाल रही थी तब करीब 7 साल बाद सीबीआई को कल्याणी के खिलाफ ठोस सबूत लग गया। इसका अभी तक सीबीआई ने खुल कर खुलासा नहीं किया है।

  • जालंधर के शक्ति नगर घर में काम करने के बहाने आई महिलाओं ने करीब 30 लाख रूपए के गहने किए चोरी

    जालंधर के शक्ति नगर घर में काम करने के बहाने आई महिलाओं ने करीब 30 लाख रूपए के गहने किए चोरी

    जालंधरः पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से सरकार के लिए बढ़ रहा क्राइम एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। सूबे में आए दिन चोरी, लूटपाट, गोली चलने के मामले सामने आ रहे है। हालांकि यह मामले पंजाब सरकार के साथ-साथ पंजाब पुलिस के लिए भी सिरदर्द बनते जा रहे है। वहीं आज चोरी का एक मामला महानगर के शक्ति नगर से सामने आया है।

    महिलाओं ने करीब 50 से 60 तोले सोना किया चोरी

    जहां पर 2 महिलाओं द्वारा घर-घर जाकर काम मांगने के बहाने चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। दरअसल, उक्त महिलाओं ने घर-घर जाकर लोगों से काम मांगा। जब उन्हें वहां पर एक परिवार ने घर में काम करने के लिए रखा तो उन्होंने मौका पाते ही करीब 50 से 60 तोले सोना चोरी कर उक्त महिलाएं वहां से फरार हो गई।

    सूचना मिलने के 2 घंटे बाद पहुंची पुलिस

    इस मामले को लेकर घर के मालिक नरेश कुमार ने बताया कि 2 महिलाओं को कुछ दिन पहले ही घर पर काम करने के लिए रखा था और उनके द्वारा आज करीब 50 से 60 तोले सोने की चोरी कर ली गई। हमें घटना का करीब 11:00 बजे पता चला और पता चलते ही हमने पुलिस को सूचित किया और पुलिस करीब 1:30 से 2 घंटे बाद पहुंची है और मामले की जांच कर रही है। उधर, मौके पर पहुंचे थाना 4 के प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि आस-पास लगे सीसीटीवी चैक किए जा रहे है। पुलिस ने 2 महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

  • जालंधर के शेखां बाजार में सरेआम गुंडागर्दी, दुकानदार की अज्ञात युवकों ने की पिटाई, घटना सीसीटीवी में कैद 

    जालंधर के शेखां बाजार में सरेआम गुंडागर्दी, दुकानदार की अज्ञात युवकों ने की पिटाई, घटना सीसीटीवी में कैद 

    जालंधर: पंजाब के क्राइम की वारादातों का ग्राफ दिन-भर-दिन बढ़ता ही जा रहा है। रोजाना राज्य के अलग-अलग जिलों में क्राइम की वारदातों के मामले सामने आ रहे है। हालांकि कुछ मामलों को पुलिस ने सुलझा भी लिया है, लेकिन फिर वारदातें राज्य में कम होने का नाम नहीं ले रही। वहीं ऐसा ही एक मामला शहर के तंग गलियों वाले शेखां बाजार में देखने को मिला है। जहां सरेआम अज्ञात युवकों ने दुकानदार की पिटाई की। इस घटना को अंजाम देने के बाद युवक मौके से फरार हो गए। लेकिन यह सारी घटना शेखां बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। 

    घटना सीसीटीवी में कैद


    ताज्जुब तो यह है कि जब शेखां बाजार में कुछ अराजक तत्व दुकानदार को बाजार बंद होने के बाद पीट रहे थे तो आसपास से कई लोग भी पैदल, साइकिल, मोटरसाइकिल पर पास से गुजर रहे थे लेकिन ने किसी ने भी उन्हें छुड़ाने की जहमत नहीं उठाई। सभी पास से नजर घुमाकर निकलते रहे। सीसीटीवी में कैद हुई घटना के अनुसार मारपीट करने वाले तीन लोग थे। उन्होंने शेखां बाजार के एक शख्स को पकड़ा और उसे पीटना शुरू कर दियाष उसे लात-घूंसों के साथ बाल पकड़क कर पीटा। जब पिटने वाला शख्स अपने आप को उनके चंगुल से बचाकर छूटकर भागने लगा तो एक युवक ने उसे अपनी टांग से अडंगा डाल कर गिरा दियाष लेकिन वह उठकर भाग गया। 

    मामला शेखां बाजार काः वीडियो हो रही खूब वायरल 


    इसके बाद हमलावर उसे खड़े होकर देखते रहे फिर वह भी चले गए। लेकिन कुछ दूर जाने के बाद फिर मुड़े। उन्हें जिस शख्स को पीटा उसका स्कूटर वापस आकर गली में गिरा दिया। उसकी तोड़फोड़ की और जाते-जाते स्कूटर की चाबी भी साथ ही जे जाते हुए नजर आ रहे हैं। बहरहाल अभी तक यह मामला पुलिस के पास नहीं पहुंचा है। ना पुलिस के पास अभी तक इस तरह की कोई शिकायत ही पहुंची है। लेकिन शहर में शेखां बाजार की यह वीडियो खूब वायरल हो रही है।

  • सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस पर बोले सीएम मान, कहा- गैंगस्टर्स का 4 राज्यों में नेक्सस, नहीं बख्शे जाएंगे अपराधी

    सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस पर बोले सीएम मान, कहा- गैंगस्टर्स का 4 राज्यों में नेक्सस, नहीं बख्शे जाएंगे अपराधी

    चंडीगढ़ः पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के मर्डर को लेकर आज भगवंत मान ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला के मर्डर को लेकर 3-4 राज्य मिलकर आरोपियों पर नकेल कसने का काम कर रहे हैं और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा हम नहीं चाहते कि कोई बचकर जा सके। इसलिए केंद्र और राज्यों के साथ मिलकर चल रहे हैं। राजस्थान और हरियाणा पुलिस से भी तालमेल किया है।

    पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति कंट्रोल: मान

    उत्तराखंड से भी एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। मान से दिल्ली पुलिस की तरफ से मूसेवाला को मारने वाले 2 शार्प शूटर प्रियवर्त फौजी और कशिश की गिरफ्तारी को लेकर सवाल हुआ था। मान ने कहा कि पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति कंट्रोल में है। राज्य और यहां के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी मेरी है।

    पंजाब पुलिस ने 11 बदमाश पकड़े

    सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की जांच पंजाब पुलिस कर रही है। पंजाब पुलिस ने 11 बदमाश पकड़े हैं। हालांकि कोई भी शार्प शूटर पंजाब पुलिस के हाथ नहीं लगा। पंजाब पुलिस ने इस मामले में 4 शार्प शूटर्स को संदिग्ध माना है। जिनमें से एक प्रियवर्त फौजी को कल दिल्ली पुलिस गुजरात के मुंद्रा पोर्ट के नजदीक एक घर से पकड़ चुकी है। दिल्ली पुलिस मूसेवाला हत्याकांड में पंजाब पुलिस से एक कदम आगे चल रही है।

  • जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजीटिव

    जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजीटिव

    जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और सीनियर कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री आजाद ने खुद अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी है। गुलाम नबी आजाद ने मंगलवार दोपहर ट्वीट करते हुए लिखा कि उनका कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है, जिसके बाद वो होम क्वारंटीन में हैं। बता दें कि गुलाम नबी आजाद को दूसरी बार कोरोना हुआ है। इससे पहले उन्हें साल 2020 में कोरोना हुआ था।

    सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी हो चुकी कोरोना संक्रमित

    गौर हो कि बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कोरोना संक्रमित हो गई थी। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। प्रियंका ने बताया कि हल्के लक्षणों के बाद कोरोना टेस्ट कराया और उनकी रिपोर्ट पाजिटिव आई। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की कोरोना रिपोर्ट भी पाजिटिव आई थी। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।