Blog

  • हरोली कॉलेज को मिली पीजीडीसीए की मंजूरी, इसी सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं

    हरोली कॉलेज को मिली पीजीडीसीए की मंजूरी, इसी सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं

    ऊना सुशील पंडित : हरोली विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक और महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि जुड़ गई है। डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशंस (पीजीडीसीए) की कक्षाएं शुरू होंगी। इसके लिए 30 सीटों के लिए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने महाविद्यालय को प्रोविजनल एफिलिएशन प्रदान कर दी है।
    उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह उपलब्धि हरोली को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान देने के साथ-साथ युवाओं को आधुनिक एवं रोजगारोन्मुखी कंप्यूटर शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

    उल्लेखनीय है कि लगभग 12.70 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय महाविद्यालय हरोली का नया भवन लगभग तैयार है। कॉलेज परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक स्टेज, ओपन जिम, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कैंपस कैफेटेरिया का भी निर्माण किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में महाविद्यालय में बीए, बी.कॉम, बीसीए, बीबीए, बी.एससी. (मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल), एम.कॉम तथा राजनीति शास्त्र, अंग्रेज़ी, इतिहास एवं हिंदी विषयों में एम.ए. की पढ़ाई करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी शैक्षणिक सत्र से पीजीडीसीए के साथ-साथ बी.एससी. कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं भी आरंभ की जाएंगी। इसके अतिरिक्त बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स तथा जूलॉजी विषयों के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर साइंस लैब्स स्थापित करने की भी स्वीकृति प्रदान की गई है।

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन नई शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं से विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध होगी। साथ ही, उन्हें कंप्यूटर एवं विज्ञान आधारित उच्च शिक्षा के लिए अन्य स्थानों पर जाने की आवश्यकता भी काफी हद तक कम होगी।

  • Punjab News: अल्टो कार छीनकर अज्ञात व्यक्ति हुए फरार

    Punjab News: अल्टो कार छीनकर अज्ञात व्यक्ति हुए फरार

    गुरदासपुर: थाना कोटली सूरत मल्ली के अंतर्गत आने वाले गांव डेरा पठाना के नजदीक बीती रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा एक अल्टो कार छीनकर फरार होने की सूचना मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मसीह पुत्र इकबाल मसीह, निवासी गांव दुबीवाल, जो बीती रात गांव दारापुर से अपनी अल्टो कार नं. PB05 AK 1520 पर सवार होकर गांव डेरा पठाना आ रहा था, जब वह कोटली सूरत मल्ली और डेरा पठाना के बीच पहुंचा तो चार-पांच अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोककर उसकी कार छीन ली और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष नाकेबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।

  • बारिश का कहरः डूबने से 2 बच्चों की मौत, पानी में डूबे वाहन, देखें वीडियो

    बारिश का कहरः डूबने से 2 बच्चों की मौत, पानी में डूबे वाहन, देखें वीडियो

    जलमग्न हुई रेल पटरियां, ट्रेनों का संचालन ठप

    गुजरातः सूरत में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सरथाणा इलाके में स्थित आदर्श निर्वासित स्कूल में पानी भर जाने के कारण वहां 37 बच्चे और स्कूल का स्टाफ फंस गया था, जिन्हें सूरत पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसी तरह, व्रजचौक इलाके में भारी जलजमाव के कारण एक एसटी (ST) बस बीच रास्ते में फंस गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बस में सवार 26 यात्रियों को ट्रैक्टर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं सूरत के सचिन महावीर सोसायटी के कॉमन प्लाट में बारिश के पानी में डूबकर 2 बच्चों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार खेलते-खेलते गड्ढे में गिरने से यह हादसा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग और पुलिस की टीम द्वारा तलाशी अभियान जारी है। बता दें कि पिछले 24 घंटों में जिले में 7 इंच बारिश दर्ज की गई है। सूरत के कई इलाके में जलभराव की हालात हैं और फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आगामी 24 घंटों के दौरान सूरत और दक्षिण गुजरात में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। हालांकि, 9 जुलाई से बारिश में कमी आएगी। मनपा के आंकड़ों के मुताबिक, सेंट्रल जोन में सबसे ज्यादा 105 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे चिंताजनक तस्वीरें शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल सहारा दरवाजा रेलवे अंडरपास से सामने आईं, जो भारी जलभराव के कारण तालाब में तब्दील हो गया। भारी बारिश के कारण शहर के कोट विस्तार, रांदेर, कतारगाम समेत कई निचले इलाके जलमग्न हो गए। हजारों लोग ट्रैफिक में फंस गए। विजिबिलिटी घटकर महज 500 मीटर रह गई थी। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर मोपेड, बाइक और कार पानी में बंद हो गईं। वाहन चालकों को अपने वाहनों को धक्का मारकर बाहर निकालने के लिए मजबूर होना पड़ा। दक्षिण गुजरात में भारी बारिश के अलर्ट के चलते प्रशासन ने नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी आपदा या परेशानी की सूचना तुरंत जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर दें और अफवाहों से दूर रहें। मौसम विभाग से हर 3 घंटे मिलने वाले मौसम अपडेट के आधार पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। सूरत के वसई-विरार क्षेत्र में कुछ ही घंटों में करीब 300 मिमी बारिश होने से सफाले, केलवे रोड, वसई रोड और नालासोपारा स्टेशनों के बीच रेल पटरियां जलमग्न हो गईं। इसके चलते मुंबई की ओर जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन ठप हो गया।  
  • Punjab News: 328 पावन स्वरूप मामले में गुरुद्वारा साहिब में पहुंची SIT, 3 घंटे चली जांच, देखें वीडियो

    Punjab News: 328 पावन स्वरूप मामले में गुरुद्वारा साहिब में पहुंची SIT, 3 घंटे चली जांच, देखें वीडियो

    अमृतसरः 328 पावन स्वरूपों के मामले की जांच के लिए गठित की गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) के चेयरमैन डीआईजी नानक सिंह के नेतृत्व में टीम ने आज अमृतसर में गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब और श्री गुरु ग्रंथ साहिब भवन का दौरा किया। इस दौरान 3 घंटे तक चली जांच में टीम ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों की छपाई, संभाल और संगत को सौंपने की संपूर्ण प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया। जांच के दौरान एसआईटी ने यह भी देखा कि पावन स्वरूपों की छपाई किस तरीके से की जाती है।

    छपाई के बाद उन्हें कहां और कैसे सुरक्षित रखा जाता है और संगत को पावन स्वरूप जारी करने की प्रक्रिया कैसे अमल में लाई जाती है। इसके साथ ही भेंट जमा करवाने और स्वरूप सौंपने से संबंधित प्रबंधों का भी जायजा लिया गया। एसआईटी ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के मौजूदा पदाधिकारियों से विस्तृत बातचीत की और पावन स्वरूपों की छपाई और वितरण से संबंधित रिकॉर्ड भी हासिल किया। डीआईजी नानक सिंह ने बताया कि एसजीपीसी द्वारा एसआईटी की मांग के अनुसार जरूरी रिकॉर्ड लगातार मुहैया करवाया जा रहा है और जांच इसी रिकॉर्ड के आधार पर आगे बढ़ रही है।

    उन्होंने कहा कि मामले में नामजद व्यक्तियों से पूछताछ की जा चुकी है। इसके अलावा उस समय के पदाधिकारियों और मौजूदा पदाधिकारियों से भी औपचारिक और अनौपचारिक तौर पर पूछताछ की गई है। जांच के हर पहलू को बारीकी से परखा जा रहा है ताकि किसी भी तथ्य को अनदेखा न छोड़ा जाए। डीआईजी नानक सिंह ने बताया कि एसआईटी की जांच अब काफी एडवांस चरण पर पहुंच चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच को जल्द तर्कसंगत और ठोस नतीजे तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एसआईटी द्वारा जब भी किसी दस्तावेज या रिकॉर्ड की मांग की जाती है तो शिरोमणि कमेटी द्वारा उसमें पूरा सहयोग दिया जा रहा है।

     

  • Punjab News: 5 हथियारबंद बदमाशों ने युवक से लूटी Car

    Punjab News: 5 हथियारबंद बदमाशों ने युवक से लूटी Car

    बटालाः सीमावर्ती क्षेत्र बटाला में मंगलवार देर रात एक छीना छपटी का मामला सामने आया है। जिसमें एक युवक को हथियारों के बल पर उसकी कार लूट ली गई। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

    जानकारी के अनुसार पीड़ित अजय मसीह मंगलवार रात अपनी सिल्वर रंग की आल्टो कार से डेरा पठाना-ढलवां मार्ग से गुजर रहे थे। रात करीब 10 बजकर 40 मिनट पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने उनकी कार को बीच रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने हथियारों के बल पर चालक को डराया और कार छीनकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी कार लेकर बटाला की दिशा में भाग निकले।

     

  • Jalandhar News: तैयारियों का जायजा पहुंचे केंद्रिय मंत्री रवनीत बिट्टू, PM Modi करेंगे उद्घाटन, देखें वीडियो

    Jalandhar News: तैयारियों का जायजा पहुंचे केंद्रिय मंत्री रवनीत बिट्टू, PM Modi करेंगे उद्घाटन, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू आज कैंट स्टेशन पर उद्घाटन समारोह में शामिल होने और अंतिम तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहुंचे। इस दौरान रेलवे बोर्ड के अधिकारी और बीजेपी नेतृत्व ने स्टेशन पर उन्हें फूल भेंट करके स्वागत किया। दरअसल, कैंट स्टेशन का निर्माण ₹98.89 करोड़ की लागत से पूरा होने वाला है और अभी इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है।

    बिट्टू ने कहा कि रेलवे इस उद्घाटन की तैयारी कर रहा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। देश के प्रधानमंत्री को हर देश अवार्ड देकर सम्मानित कर रहा है। उन्होंने कहाकि भाजपा की लीडरशीप कुछ दिनों तक यहां पर रहेंगी। उन्होंने कहाकि 17 तारीख तक पार्टी और प्रशासन द्वारा पंजाब के लिए तैयारियां की जा रही है। पंजाब दौरे को लेकर लोगों में भी भारी उत्साह दिखाई दे रहा है।

    उन्होंने कहाकि बड़े कामों में कमियां रह जाती है और उनकी कोशिशें है कि कमियों को दूर किया जाए। उन्होंने कहाकि 100 साल से अधिक 1500 रेलवे स्टेशन बनाने का काम किया जा रहा है। ऐसे में कैंट रेलवे स्टेशन को भी 100 साल हो गए हैं। रवनीत बिट्टू ने कहाकि 17 तारीख तक जितने भी स्टेशन तैयार होंगे उन सभी रेलवे स्टेशन का पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा उद्धाघटन किया जाएगा। बिट्टू ने साफ किया है कि पीएम मोदी जालंधर दौरे पर आएंगे और स्टेशन का उद्धाघटन करेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि तारीख में जरूर बदलाव हो सकता है, वह तारीख को लेकर अभी कुछ नहीं कह सकते।

  • Delivery Boy पर तेंदुए ने किया हमला, लोगों में दहशत, अलर्ट जारी, देखें CCTV

    Delivery Boy पर तेंदुए ने किया हमला, लोगों में दहशत, अलर्ट जारी, देखें CCTV

    इंदौरः कनाड़िया थाना क्षेत्र के बिचौली मर्दना एरिया में डिलीवरी बॉय पर तेंदुए ने हमला कर दिया। रिहायशी एरिया में इस घटना को लेकर इलाका निवासियों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलते ही इलाके के लोग घरों से बाहर निकल आए। सड़क पर घूम रहे तेंदुए ने पहले एक डिलीवरी बॉय पर हमला किया और फिर भागकर एक मकान के बाथरूम में जा छिपा। घटना की सूचना लोगों द्वारा वन विभाग को पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक तेंदुए को पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
    डिलीवरी बॉय बाइक से वहां से गुजर रहा था। तेंदुआ कुछ पल के लिए रुका और फिर अचानक बाइक सवार की ओर दौड़ पड़ा। उसने छलांग लगाकर डिलीवरी बॉय पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराकर युवक बाइक छोड़कर भाग निकला और अपनी जान बचाई। हमले की पूरी घटना पास में बने एक बंगले में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के समय वहां से एक अन्य बाइक सवार भी निकला, लेकिन तेंदुए ने उस पर हमला नहीं किया। डिलीवरी बॉय पर हमला करने के बाद तेंदुआ पास के एक मकान में घुस गया और बाथरूम में जाकर छिप गया। कुछ स्थानीय युवकों ने मोबाइल फोन से उसके वीडियो बनाना शुरू कर दिए। तेंदुए के घर में घुसने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और मकान के बाहर भीड़ जमा हो गई। हालांकि तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए मकान के बाहर जाल लगाया गया। इसके अलावा उसे बेहोश करने के लिए ट्रैंक्विलाइज़र गन भी मंगाई गई। हालांकि काफी देर तक तेंदुआ बाथरूम से बाहर नहीं निकला और वन विभाग की टीम को लगातार छकाता रहा। पुलिस का कहना है कि तेंदुआ बाद में गांव की तरफ निकल गया। एहतियात के तौर पर आसपास की कॉलोनियों और गांवों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोगों से अपील की गई है कि रात के समय बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें। यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे या उसकी कोई गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना दें।
  • Badrinath चढ़ावा चोरी मामलाः प्रमोद नौटियाल की बढ़ी मुश्किलें

    Badrinath चढ़ावा चोरी मामलाः प्रमोद नौटियाल की बढ़ी मुश्किलें

    उत्तराखंडः श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले के बाद अब बद्रीनाथ धाम चढ़ावा चोरी मामला तेजी से तूल पकड़ रहा है। बीकेटीसी की शिकायत पर व्यक्तिगत सहायक प्रमोद नौटियाल पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में बदरीनाथ थाने में बीएनएस की धारा 306 और 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

    2 जुलाई को सोशल मीडिया के माध्यम से बद्रीनाथ मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितता की सूचना मिलने के बाद मंदिर समिति ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की थी।

    प्रारंभिक जांच में संबंधित कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा प्रथम दृष्टया सुबह करीब 9 बजे से 9:30 बजे के बीच मंदिर से धनराशि उठाए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सात जुलाई को बीकेटीसी ने प्रमोद नौटियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।

    समिति ने माना था कि उन्हें पद पर बनाए रखने से निष्पक्ष जांच प्रभावित होने की आशंका है। अब बीकेटीसी की ओर से पुलिस में तहरीर दिए जाने के बाद मामला विभागीय जांच से आगे बढ़कर आपराधिक जांच के दायरे में पहुंच गया है। मंदिर समिति के सीईओ रांगड ने कहा कि बद्रीनाथ थाने में आरोपित वैयक्तिक सहायक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।

  • टला हादसाः Airport पर एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए 2 विमान

    टला हादसाः Airport पर एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए 2 विमान

    मुबंईः महाराष्ट्र के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर देर रात को बड़ा हादसा होने से टल गया। दरअसल, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए थे। एयर इंडिया का विमान दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था और एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान लैंडिंग के बाद रनवे से हटा नहीं था, जिससे बड़ी चूक हुई। सूत्रों के अनुसार, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) से निर्देश मिलने के बाद एअर इंडिया के विमान ने उड़ान भरने की प्रक्रिया (टेक-ऑफ रन) को बीच में ही रोक दिया, जिससे एक संभावित दुर्घटना टल गई।

    इस घटना को लेकर एअर इंडिया ने एक बयान जारी किया है। एअर इंडिया ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा, ‘सात जुलाई को मुंबई से दिल्ली जाने वाली उड़ान संख्या AI816 के चालक दल ने एअर ट्रैफिक कंट्रोल से निर्देश मिलने के बाद टेक-ऑफ रन को रोक दिया और विमान को वापस बे (पार्किंग क्षेत्र) में ले आए। मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुसार अब विमान की आवश्यक जांच की जाएगी।

    इस बीच, यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।’ सूत्रों ने बताया कि सिलीगुड़ी से आया एअर इंडिया एक्सप्रेस का विमान लैंडिंग के बाद रनवे से पूरी तरह हटा भी नहीं था कि उसी रनवे से दिल्ली जाने वाला एअर इंडिया का विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। सूत्रों ने बताया कि, मुंबई से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI816 में बड़े आकार का बोइंग 777-300 ईआर विमान इस्तेमाल हो रहा था। वहीं, सिलीगुड़ी से मुंबई आई एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या AIX1547 में छोटे आकार का बोइंग 737 मैक्स 8 विमान शामिल था।

    बता दें कि आमतौर पर टेक-ऑफ रन का मतलब विमान के उड़ान भरने की गति हासिल करने से पहले रनवे पर दौड़ने की प्रक्रिया से होता है। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि एटीसी के निर्देशों के बाद ही उड़ान भरने की प्रक्रिया को रोका गया था। हालांकि, इस घटना से जुड़ी अन्य खास जानकारियां अभी सामने नहीं आई हैं। दोनों विमानों में कुल कितने यात्री सवार थे, इस बात का पता तुरंत नहीं चल सका है।

     

  • Punjab News: भीषण आग लगने से 2 दुकानें जलकर खाक, हुआ भारी नुकसान, देखें वीडियो

    Punjab News: भीषण आग लगने से 2 दुकानें जलकर खाक, हुआ भारी नुकसान, देखें वीडियो

    अमृतसरः जंडियाला गुरु के मुख्य बाजार में देर रात करीब 2 बजे उस समय हड़कंप मच गया जब शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लगने से दो दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग ने देखते ही देखते एक बर्तन स्टोर और एक फ्रूट-जूस की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटों को देखकर इलाके के लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले अपने स्तर पर आग को काबू करने की कोशिश की। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

    घटना की सूचना मिलते ही नगर काउंसिल के प्रधान सतविंदर सिंह, वाइस प्रधान अमन विर्क और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से बातचीत करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया और नुकसान का जायजा लिया। बर्तन स्टोर के मालिक तरुण जैन ने भरे मन से बताया कि यह दुकान उनके परिवार की कई पीढ़ियों की मेहनत का नतीजा थी, पर कुछ ही मिनटों में सब कुछ राख हो गया। उन्होंने कहा, “मेरी सारी उम्र की कमाई मिनटों में जल गई। पिता और दादा के समय से चल रहा कारोबार पूरी तरह तबाह हो गया है।” उन्होंने प्रशासन से वित्तीय सहायता की मांग की।

    दूसरी ओर फ्रूट और जूस की दुकान के मालिक संदीप ग्रोवर ने बताया कि रात करीब एक बजे उन्हें बाजार के लोगों की ओर से फोन आया कि दुकान में आग लग गई है। जब वह मौके पर पहुंचे तो आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था। उन्होंने कहा कि फ्रिज, जूस मशीनें और बाकी सारा सामान जल गया है। “अब मैं अपने परिवार का भरण-पोषण कैसे करूंगा,” यह कहते हुए उन्होंने भी सरकार से मुआवजे की मांग की। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि बाजार में बिजली की पुरानी और खुली तारें लंबे समय से हादसों को न्योता दे रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बिजली व्यवस्था को जल्द सुधारा जाए ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके। इस घटना से इलाके के व्यापारियों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।