Blog

  • श्रद्धालु आसानी से कर सकेंगे माता चिंतपुर्णी के दर्शन

    श्रद्धालु आसानी से कर सकेंगे माता चिंतपुर्णी के दर्शन

    श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लिफ्ट, स्क्यिोरिटी व ट्रैफिक प्लान किया तैयार – राघव शर्मा

    ऊना/सुशील पंडित : छिन्नमस्तिका धाम माता श्री चिंतपुर्णी जी में दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को माता के आसानी से दर्शन हो सकंे, इस बारे उपायुक्त राघव शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को माईंदास सदन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर के लिए लिफ्ट, स्क्यिोरिटी व ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुलभ दर्शन करवाए जा सकें। 

    डीसी राघव शर्मा ने बताया कि दिव्यांग व 70 वर्ष के आयु से अधिक बुजुर्ग श्रद्धालुओं को माता के दर्शन करने के लिए निशुल्क गोल्फ कार्ट की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए उन्हें माईं दास भवन से पास लेना अनिवार्य होगा। पास लेने के उपरांत ही ऐसे श्रद्धालु लिफ्ट के माध्यम से माता के दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए चीफ स्क्यिोरिटी आॅफिसर को नियुक्त किया गया है।

    इस अवसर पर एसडीएम अंब विवेक महाजन, डीएसपी अंब, मंदिर अधिकारी बलवंत पटियाल, एसडीओ टैम्पल राजेश जसवाल, मंदिर के चीफ स्क्यिोरिटी आॅफिसर लै.कर्नल मुनीष कुमार, एसएचओ अंब, एचआरटीसी के प्रतिनिधि, एमआरसी ग्रुप के जनरल मैनेजर परवेश शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

  • बड़ी खबरः अतीक अहमद और उनके भाई की हत्या मामले में पुलिस को नोटिस जारी 

    बड़ी खबरः अतीक अहमद और उनके भाई की हत्या मामले में पुलिस को नोटिस जारी 

    उत्तर प्रदेशः पूर्व सांसद अतीक अहमद और उनके भाई की हत्या मामले में NHRC ने उत्तर प्रदेश पुलिस को नोटिस जारी किया है। प्रयागराज में अतीक अहमद और अशरफ अहमद की पुलिस कस्टडी में 3 हमलावरों ने हत्या कर दी थी। इसको लेकर अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने यूपी पुलिस के महानिदेशक और प्रयागराज के पुलिस आयुक्त को नोटिस भेजकर 4 हफ्तों में रिपोर्ट मांगी है। इस नोटिस में हत्याकांड का संपूर्ण विवरण मांगा है। जिसमें समय, जगह और गिरफ्तार करने का कारण भी शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ दर्ज की गई शिकायत और एफआईआर की कॉपी भी मांगी गई है। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी उनके घरवालों को दी गई या नहीं इस बात की भी जानकारी मांगी गई है।

    एनएचआरसी ने यूपी पुलिस ने पूरा ब्यौरा देने के लिए कहा है। जिसमें पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के साथ-साथ उसकी वीडियोग्राफी की वीडियो कैसेट या सीडी भी मांगी गई है। खास बात ये है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की टाइप की गई रिपोर्ट मांगी है जिसमें जख्मों का विवरण भी पेश करने के लिए कहा गया है। घटना वाली जगह का पूरा विवरण भी देने के लिए कहा गया है। साथ ही विसरा रिपोर्ट की कॉपी भी देने के लिए कहा गया है। बता दें कि 16 अप्रैल को अतीक और उसके भाई की तीन युवकों ने मीडिया के सामने गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। वहीं अतीक अहमद और उसके पूर्व विधायक भाई अशरफ की हत्या को उनके वकील ने राजनीतिक हत्या करार दिया। अतीक अहमद के वकील विजय मिश्रा ने दावा किया कि ये राजनीतिक मर्डर है, बंद लिफाफे में मरवाने वाले का नाम लिखा है। 

  • लठियानी के पास विधायक सतपाल सत्ती की कार दुर्घटनाग्रस्त, बाल बाल बचे

    लठियानी के पास विधायक सतपाल सत्ती की कार दुर्घटनाग्रस्त, बाल बाल बचे

    ऊना/ सुशील पंडित : ऊना सदर से विधायक व पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती सुबह करीब 9 बजे बाल-बाल बच गए जब उनकी इनोवा गाड़ी लठियाणी से 1 किलोमीटर आगे बीच सड़क पर पलट गई जब वह एक कार्यक्रम के लिए हमीरपुर की तरफ जा रहे थे। हादसे के बाद वहां काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और उन्होंने गाड़ी में फंसे विधायक सतपाल सिंह सत्ती, उनके सुरक्षा कर्मी तथा गाड़ी में जा रही पूर्व सीएम के ओएसडी रहे महेन्द्र धर्माणी की पत्नी शोभा धर्माणी को बाहर निकाला। हादसे के बाद लठियाणी स्थित स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद विधायक व अन्य सवारों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। यहां विधायक का सीटी स्कैन किया गया।  सभी प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई व कुछ समय अस्पताल रखने के बाद छुट्टी दे दी गई।  पीएसओ संदीप कुमार की बाजू पर चोटें आई हैं तथा उन्हें पट्टी बांधी गई है। शोभा धर्माणी को सिर में हल्की चोटें आई हैं और उनका भी सीटी स्कैन किया गया है। सीएमओ डा. मंजू बहल तथा मेडिकल सुपरिन्टैंडैंट रमन शर्मा सत्ती के उपचार के दौरान मौजूद रहे।

    सतपाल रायजादा, वीरेंद्र कंवर ने जाना कुशलक्षेम

    क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में सतपाल सिंह सत्ती का हाल जानने के लिए समर्थकों की काफी भीड़ उमड़ी। सत्ती का हाल जानने कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा भी पहुंचे और वह काफी देर तक उनके साथ रहे।  इस दौरान पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर भी सत्ती का हाल पूछने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना। 

    क्षेत्रीय अस्पताल में सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि हादसे का कारण एक कैंटर टेंपो रहा जो काफी तेज गति से विपरीत दिशा में आया। इस कैंटर से बचने के लिए गाड़ी को दूसरी दिशा में मोड़ा गया और वह टकराकर सड़क पर उलट गई। उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा था कि कैंटर चालक नींद में था और उसका नियंत्रण नहीं था। इस हादसे में वह बाल-बाल बच गए। कुछ लोग उस समय सड़क के दूसरी तरफ खड़े थे जिन्होंने उनकी गाड़ी के शीशे तोड़े और खिड़कियों को खोलकर उन्हें बाहर निकाला।

  • पंजाबः नगर निगम का बिल्डिंग इंस्पेक्टर और क्लर्क रिश्वत लेते गिरफ्तार

    पंजाबः नगर निगम का बिल्डिंग इंस्पेक्टर और क्लर्क रिश्वत लेते गिरफ्तार

    लुधियाना : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने अपनी भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम के दौरान नगर निगम लुधियाना में तैनात बिल्डिंग इंस्पेक्टर विशाल रामपाल और क्लर्क गुरविंदर सिंह गुरी को दो किस्तों में 6000 की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। विशाल रामपाल का तबादला अब एमसी अमृतसर किया गया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त कर्मचारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई लाइन में दर्ज एक ऑनलाइन शिकायत की जांच के बाद मामला दर्ज किया गया है।

    विवरण देते हुए उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता जुगल किशोर, निवासी हैबोवाल, लुधियाना ने आरोप लगाया था कि उक्त अधिकारियों ने उनकी संपत्ति की एनओसी जारी करने के एवज में दो किस्तों में 6,000 रिश्वत के रूप में लिए हैं। शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि आरोपी ने इसके लिए 15,000 रुपये की मांग की थी, लेकिन सौदा 6,000 में तय हुआ था। उन्होंने आगे कहा कि शिकायतकर्ता ने इस संबंध में अपने मोबाइल में हुई बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया है।

  • पंजाबः आप विधायक अमित रत्न और रशिम गर्ग की बढ़ी मुश्किलें

    पंजाबः आप विधायक अमित रत्न और रशिम गर्ग की बढ़ी मुश्किलें

    चंडीगढ़ : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बठिंडा ग्रामीण के विधायक अमित रत्न कोटफत्ता और उसके पीए रशिम गर्ग की मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। दरअसल, आज विजिलेंस ने विधायक अमित रत्न कोटफत्ता और उसके पीए रशिम गर्ग के खिलाफ बठिंडा अदालत में चालान पेश कर दिया गया है। इस सम्बन्धी जानकारी देते हुए विजीलैंस के प्रवक्ता ने बताया कि 16 फरवरी को बठिंडा रेंज विजिलेंस टीम ने बठिंडा ग्रामीण के विधायक के उक्त निजी सहायक को चार लाख रुपए की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों काबू करने के उपरांत भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान उक्त विधायक को भी 20- 02-2023 को इस मामले में गिरफ़्तार कर लिया गया था क्योंकि उसके पीए ने विधायक के नाम पर ही यह रिश्वत वसूल की थी।

    इस मामले सम्बन्धी और जानकारी देते हुये उन्होंने बताया कि सरकार की तरफ से साल 2022-23 के दौरान 15वें वित्त आयोग के अधीन गाँव घुद्दा, ज़िला बठिंडा को 25 लाख रुपए की ग्रांट जारी की गई थी, जो अभी पंचायत को देनी थी परन्तु उक्त प्राईवेट पीए रशिम गर्ग ने गाँव घुद्दा के सरपंच से इस ख़ातिर 5 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। परन्तु विजीलैंस ने 16. 02. 2023 को उसको उक्त ग्रांट जारी करने के एवज़ में 4 लाख की रिश्वत लेते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया था। उक्त सरपंच ने उनकी तरफ से माँगे 50,000 रुपए पहले ही दे दिए थे।

    प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले की जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि उक्त रिश्वत कथित दोषी रशिम गर्ग ने विधायक अमित रत्न के निर्देशों पर वसूली थी। इसके इलावा उसने गाँव घुद्दा के गुरदास सिंह से उसके गांव की नंबरदारी दिलाने के बदले 2,50,000 रुपए की रिश्वत ली थी। जांच के दौरान हुए खुलासे के आधार पर विजीलैंस ने उक्त मामले में आइपीसी की 120-बी की एक और धारा जोड़ दी थी और मौजूदा केस में विधायक अमित रत्न को भी नामज़द करके 22- 02- 2023 को उसे शंभू से गिरफ्तार कर लिया गया था। दोनों मुलजिम न्यायिक हिरासत में और जेल में है। इस मामले की आगे जांच जारी है।

  • पंजाबः दरबार साहिब में लड़की को रोकने के मामले का CCTV फुटेज में आया सच सामने

    पंजाबः दरबार साहिब में लड़की को रोकने के मामले का CCTV फुटेज में आया सच सामने

    अमृतसरः दरबार साहिब में युवती को जाने से रोकने के मामले में एक वीडियो सोमवार को वायरल हुआ था। जिसके बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव ने घटना पर माफी मांगी और कहा कि महिला के चेहरे पर चित्रित झंडा तिरंगा नहीं था। वहीं आज एसजीपीसी के द्वारा इस मामले को लेकर सीसीटीवी फुटेज जारी किया गया है और दावा किया है कि सेवादार ने उसे प्रोटोकाल का पालन करने के लिए कहा था। लेकिन वह चिंतित हो गई और अपने परिवार को वापस आने के लिए कहा। कुछ ही मिनटों में वह फिर आई और सेवादार से बहस करने लग गई।

    बता दें कि इस मामले को लेकर आज सुबह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के महासचिव गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा था कि यह एक सिख तीर्थस्थल है। प्रत्येक धार्मिक स्थल की अपनी मर्यादा होती है … हम सभी का स्वागत करते हैं … यदि कोई अधिकारी दुर्व्यवहार करता है तो हम क्षमा चाहते हैं … उसके चेहरे पर लगा झंडा हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं था क्योंकि उसमें अशोक चक्र नहीं था। यह एक राजनीतिक झंडा हो सकता था। बताया जा रहा है कि सेवादार सर्बजीत सिंह का भी ट्रांसफर कर दिया गया है। 

    गौरतलब है कि इस मामले में आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी करते हुए युवती को बाहर निकालने वाले सेवादार सर्बजीत सिंह को 5 लाख का इनाम देने की घोषणा की थी। आतंकी पन्नू ने कहा कि पंजाब भारत का हिस्सा नहीं है, यह संदेश स्वर्ण मंदिर से आ गया है। सेवादार सर्बजीत सिंह को 5 लाख रुपए का भेंट की घोषणा की गई। यह वे सिख है, जिसने ऐलान कर दिया है कि पंजाब भारत का हिस्सा नहीं है। वे तिरंगा जिस भारतीय हुकूमत ने 1984 में स्वर्ण मंदिर के ऊपर चढ़ाया था, अब वे गोल्डन टेंपल के अंदर नहीं आ सकता।

  • पंजाबः बस स्टैंड के पास होटल में बदमाशों ने की तोड़फोड़, मैनेजर और सफाई कर्मचारी को पीटा, देखें वीडियो

    पंजाबः बस स्टैंड के पास होटल में बदमाशों ने की तोड़फोड़, मैनेजर और सफाई कर्मचारी को पीटा, देखें वीडियो

    लुधियानाः बस स्टैंड के पास एक होटल में बदमाशों द्वारा तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक उक्त बदमाशों ने होटल के मैनेजर और सफाई कर्मचारियों पर भी हमला किया। इस दौरान हमलावरों ने तेजधार हथियारों से उन पर कई वार किए। बचाव में उन्होंने शोर मचाया तो उक्त हमलावार मौके से फरार हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने 3 लोगों को नामजद कर 4 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में 2 लोगों को पकड़ लिया है। मामले की जानकारी देते हुए घायल अशोक ने बताया कि वह होटल में सफाई कर्मचारी है। यादी नाम का युवक और उसके साथी हमेशा होटल पर जबरदस्ती खाना खाते हैं और बीयर पीते हैं। एक दिन पहले ही मैनेजर ने उन्हें खाना खाने से मना किया था। बीती रात करीब 12 बजे के पास होटल मैनेजर अमित के पास यादी का फोन आया और गाली गलौज करने लगा।

    कुछ देर बाद वह अपने साथियों के साथ होटल पर आया और शीशे तोड़ दिए। उन्होंने तेजधार हथियारों से अशोक पर हमला कर दिया। इस दौरान बीच बचाव करने आए मैनेजर अमित पर भी उन्होंने हमला कर घायल कर दिया। बचाव में शोर मचाए जाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। हमले की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। थाना डिवीजन नंबर 5 की पुलिस ने शिकायत के आधार पर अजय कुमार उर्फ यादी, संदीप तंवर और सुशील भगत सहित 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया। मौके पर ही पुलिस ने अजय और संदीप को गिरफ्तार किया। आरोपी से पुलिस को 2 मोबाइल भी बरामद किए है।

  • प्रयोजन पालक देखभाल योजना के तहत 187 बच्चों को 93.97 लाख रूपये का दिया गया वित्तीय लाभ 

    प्रयोजन पालक देखभाल योजना के तहत 187 बच्चों को 93.97 लाख रूपये का दिया गया वित्तीय लाभ 

    ऊना/सुशील पंडित : जिला ऊना में वित्त वर्ष 2022-23 के दौरान प्रयोजन पालक देखभाल योजना के तहत 187 बच्चों को 93 लाख 97 हजार चार सौ अठारह रुपए के वित्तीय लाभ प्रदान किए गए हैं तथा चालू वित्त वर्ष की प्रथम छमाही के दौरान 192 बच्चों को 50 लाख 83 हजार 651 रुपए का वित्तीय लाभ प्रदान किया जाएगा। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने प्रयोजन पालक देखभाल योजना के तहत आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

    अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में अनाथ बच्चों के संपत्ति से संबंधित मालिकाना हक की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने बताया कि गत 2 वर्षों के दौरान जिला ऊना में कुल 221 अनाथ बच्चों को चिन्हित किया गया था जिनमें से 40 अनाथ बच्चों के मालिकाना संपत्ति संबंधी मालिकाना हक उनके नाम स्थानांतरित किए जा चुके हैं जबकि 80 अनाथ बच्चों के संपत्ति के मालिकाना हक उनके दादा दादी या नाना नानी के पास सुरक्षित हैं। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जिला ऊना में 84 बच्चे प्रयोजन पालक देखभाल योजना का लाभ प्राप्त कर अपनी 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं जिनमें से 39 लड़के तथा 45 लड़कियां शामिल हैं।

    उन्होंने बताया कि प्रयोजन पालक देखभाल योजना के प्रत्येक बच्चे को सरकार की ओर से 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक 4500 रूपये प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि प्रायोजन पालक देखभाल योजना के अंतर्गत विधवा तलाकशुदा तथा परित्यक्त महिलाओं के बच्चों, विस्तृत परिवारों में रह रहे अनाथ बच्चों, गंभीर व लाइलाज बीमारी से ग्रस्त माता-पिता के बच्चों, वित्तीय तथा शारीरिक रूप से अक्षम माता-पिता के बच्चों, पीएम केयर योजना के लाभार्थी बच्चों, के अलावा प्राकृतिक आपदा के प्रभावितों, बाल मजदूरों, एचआईवी एड्स प्रभावित बच्चों तथा दिव्यांग बच्चों को भी इस योजना का लाभ दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ पाने के लिए व्यक्ति को जिला बाल संरक्षण अधिकारी कार्यालय में आवेदन करना होगा।

  • बिना शादी के मां बनेगी यह फेमस अभिनेत्री!

    बिना शादी के मां बनेगी यह फेमस अभिनेत्री!

    मुबंईः इलियाना डिक्रूज बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में से एक हैं। उनका फैन बेस बहुत बड़ा है। अपने काम के अलावा वह अपनी पर्सनल लाइफ के लिए भी जानी जाती हैं। अब उनकी एक पोस्ट ने सबका ध्यान खींचा है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस बात का ऐलान किया है कि वह मां बनने वाली हैं। कुछ दिनों पहले अफवाह थी कि इलियाना, कैटरीना कैफ के भाई सेबेस्टियन को डेट कर रही हैं। करण ने ‘कॉफी विद करण सीजन 7’ में इस पर कमेंट किया था। लेकिन इलियाना ने अब तक उनसे शादी नहीं की है। इसके बाद जब इलियाना ने अपनी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया तो उनके फैंस हैरान रह गए।

    इलियाना ने हाल ही अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो तस्वीरें पोस्ट कीं। पहली फोटो में बच्चे के कपड़े नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी फोटो में ‘मामा’ शब्द के साथ एक चेन नजर आ रही है। उन्होंने फोटो पोस्ट करते हुए लिखा- ‘जल्द ही आ रहा है… मेरी नन्ही जान मैं तुमसे मिलने का इंतजार नहीं कर सकती।’ लेकिन इस पोस्ट को शेयर करते हुए इलियाना ने अपने बच्चे के पिता की पहचान गुप्त रखी है। इलियाना का ये पोस्ट वायरल हो गया है। फैंस ये जानने के लिए बेताब हैं कि उनके गर्भ में पल रहे बच्चे का पिता कौन है। अब उनके पोस्ट पर कमेंट कर उनके फैंस, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के उनके दोस्त उन्हें बधाई दे रहे हैं।

  • द हंस फाउंडेशन द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

    द हंस फाउंडेशन द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन

    बद्दी/ सचिन बैसल: हाउसिंग बोर्ड फेस दो चककां रोड  बद्दी स्थित हेलपेज इंडिया डे केअर सेंटर में मंगलवार को द हंस फाउंडेशन ब्लाक नालागढ़ की मोबाइल मेडिकल  यूनिट 4 की टीम  के द्वारा बद्दी के सीनियर सिटीजनस के लिए विशेष निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सेंटर की प्रभारी निशा शर्मा ने बताया कि इस शिविर में बजुर्ग लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई व साथ ही उनके बी पी व शुगर के टेस्ट भी किए गए।  इस स्वास्थ्य शिविर में 30 से अधिक लोग शामिल हुए। यह शिविर मोबाइल  मेडिकल यूनिट 4 जिसमें मेडिकल अधिकारी डॉ तरुण वर्मा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी रिंचन शर्मा,  फार्मासिस्ट अंकित,  लैब टेक्नीशियन नरेंदर सिंह व पायलट अरुण कुमार द्वारा आयोजित किया गया।  प्रभारी ने बताया कि इस सेंटर द्वारा अभी तक तीस हजार से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच की जा चुकी है। भविष्य में इस तरह के और शिविर लगाने की भी योजना है।