Blog

  • पंजाबः शुभकरन की मौ+त को लेकर अकाली दल ने आप सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

    चंडीगढ़ः खनौरी बॉर्डर पर बीते दिन शुभकरन की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं इस मामले को लेकर आज किसानों ने जालंधर-दिल्ली हाईवे 3 घंटों के जाम किया था। दूसरी ओर इस मामले को लेकर सीएम भगवंत मान ने भी बीते दिन दुख प्रगट किया था। वहीं आज शिरोमणि अकाली दल के नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने प्रेस वार्ता करते आप सरकार पर गंभीर आरोप लगाए है। उन्होंने कहा कि खनौरी बार्डर पर हुई शुभकरन सिंह की मौत के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान को जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि 13 फरवरी को बार्डर पर जो हालात बने थे, उसी समय इस बात की आशंका थी कि कोई बड़ी घटना हो सकती है।

    उन्होंने आप सरकार पर आरोप लगाए हुए कहा कि उन्होंने किसानों के वकील होने का दिखावा करके उन्हें गुमराह करने की कोशिश की है जबकि सच्चाई यह है कि भगवंत मान ने ही यह संकट पैदा किया है। वे किसानों की मदद करने में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को उन किसानों के हितों की रक्षा करने में विफल रहने पर शर्म आनी चाहिए जिन्होंने उन्हें वोट दिया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक में किसानों के वकील बनकर किसानों को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि बैठकों में भगवंत मान ने किसानों के पक्ष में स्पष्ट रुख अपनाने से इनकार कर दिया, जिसके कारण बातचीत टूट गई।

  • पंजाबः आप नेता को मिली जान से मारने की धमकी

    लुधियानाः पंजाब के जगराओं से बड़ी खबर सामने आई है। जहां आप पार्टी के युवा नेता गोपी शर्मा को जान से मारने की धमकी मिली है। गोपी शर्मा ने कहा कि वह पंजाब गौ सेवा कमीशन के सदस्य के साथ-साथ आप पंजाब के यूथ विंग के जॉइंट सचिव भी है।इस मामले को लेकर आप नेता ने पुलिस को लिखित शिकायत दे दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने एमपीएच मनिंद्रवीर सिंह को शिकायत दे दी है। पुलिस को दी शिकायत में आप नेता ने कहा है कि उसकी पत्नी ने अपने वार्ड में पार्षद का चुनाव रविंदर सभ्रवाल उर्फ फीना की पत्नी के खिलाफ लड़ा था।

    जिसके बाद में ही फीना का परिवार उससे रंजिश रखने लगा है। कुछ समय पहले उसकी फीना के साथ नगर कौंसिल में तू-तू मै मै हो गई। जिसमें फीना की सच्चाई सामने आने पर वह कार्यकारी प्रधान से कमरे से भाग निकला था। गोपी के मुताबिक बीते कल उसको दोस्तों के जरिए सरेआम मैसेज भेज कर जान से मारने की धमकियां दी गई। लिखित शिकायत में शर्मा ने लिखा कि रविंदर सभ्रवाल का भाई उसके बेटा जब भी कभी उसे रास्ते में मिलते है। तो अपने पास रखे पिस्तौल पर हाथ रखकर उसको आंखें दिखा कर जानबूझ कर झगड़ा करने को उकसाते है। शर्मा के मुताबिक उसे और उसके परिवार को जान का खतरा है।

    शर्मा ने कहा वह आम आदमी पार्टी का नेता होने के कारण पार्टी के काम से बाहर आता जाता रहता है। उसे डर है कि फीना अपने परिवार के साथ मिलकर उस पर कभी भी रास्ते में जानलेवा हमला करवा सकता है। जिसको लेकर उन्होंने पुलिस कार्रवाई को लेकर पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। शर्मा ने कहा अक्सर ही रविंदर सभ्रवाल का राजनीतिक पार्टीयो में आना जाना लगा रहता है। वह कपड़ों की तरह पार्टी बदलते रहते है। पंजाब में जिस पार्टी की सरकार बनती है वह उस पार्टी में छलांग मारने में देर नही लगाते। चाहे वह पार्टी उसे मुंह ना लगाए, लेकिन वह उस पार्टी के हर समारोह में आगे होकर बैठ जाते है।

    गोपी के मुताबिक, मौजूदा समय में वार्ड नंबर 13 में रविंदर सभ्रवाल की पत्नी कांग्रेस पार्टी से चुनाव जीत कर पार्षद बनी थी। लेकिन आप की सरकार आने पर फीना विधायक सरबजीत कौर मानुके के साथ नजर आते है। जहां तक कि अपनी ही पार्टी के कौंसिल प्रधान को कुर्सी से उतारने के लिये कई बार साजिश रची थी। इस से पहले फीना ने अकाली दल का दामन भी पकड़ा था। जिसके चलते सुखबीर बादल ने उन्हें सरोपा डाल कर पार्टी में शामिल किया था। लेकिन जब कांग्रेस की सरकार बनी तो वह फिर कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

  • पंजाबः अमृतपाल सिंह की माता ने शुरू की भूख हड़ताल, देखें वीडियो

    अमृतसरः वारिस पंजाब दे के मुखी अमृतपाल सिंह डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। जहां अमृतपाल सिंह और उसके साथियों ने भूखहड़ताल शुरू की हुई है। वहीं अमृतपाल सिंह को पंजाब की जेल में ट्रांसफर करने की मांग को लेकर अमृतपाल सिंह के परिवार वालों ने सिख संगठनों के साथ मिलकर आज से सचखंड श्री हरिमंदर साहिब के बाहर भूख हड़ताल शुरू कर दी है, हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक भी विफल रही है। अमृतपाल की मां बलविंदर कौर का कहना है कि उनके बेटे (अमृतपाल) ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। इसलिए उन्होंने भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है और यह तब तक जारी रहेगी जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।

    वहीं पत्रकारों से बात करते हुए अमृतपाल सिंह की माता ने कहा कि वे पंजाब सरकार और केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे अत्याचार के विरोध में भूख हड़ताल पर हैं। उनका कहना है कि अगर उनके बच्चे जेलों में भूखे रह सकते हैं तो हम बाहर आकर उनका समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसे कई मामले हैं जिनमें एनएसए के मामले दर्ज किए गए हैं, लेकिन उन्हें पंजाब के अंदर और पंजाब की जेलों में रखा जाता रहा है। लेकिन अमृतपाल सिंह को जानबूझकर डिब्रूगढ़ जेल में रखा गया है ताकि हम उनसे मिल न सकें।

    उन्होंने कहा कि अमृतपाल सिंह का जो ऑडियो सामने आया है, इसमें साफ कहा गया है कि जेल में बंद सिंहों की तबीयत ज्यादा खराब है और उनकी तबीयत का भी कुछ पता नहीं लग रहा है। उन्होंने कहा कि इसलिए प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए। अमृतपाल सिंह की माता ने कहा कि अगर उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि जब तक अमृतपाल सिंह और उनके साथियों को पंजाब की जेल में ना लाया गया तो यह प्रदर्शन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह तब तक भूख हड़ताल खत्म नहीं करेंगे, तब तक जेल में बंद अमृतपाल सिंह और उनके साथी भूख हड़ताल खत्म नहीं कर लेते। 

  • ट्रक में ड्राइवर ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, मामला दर्ज

    शिमलाः हिमाचल के शिमला में इंसानियत शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां 16 वर्षीय किशोरी के साथ व्यक्ति ने दुष्कर्म किया है। आरोप है कि ट्रक ड्राइवर ने नाबालिग को अपने ही ट्रक में खींचा और उससे 2 बार रेप किया। इसकी जानकारी परिजनों को तब हुई जब लड़की के पेट में दर्द हुआ। मां ने पुलिस थाने में केस दर्ज करा दिया है। पुलिस थाना रामपुर में दर्ज शिकायत के अनुसार, पिछले साल अगस्त में बिलासपुर निवासी युवक विशाल अपना ट्रक लेकर रामपुर आया है। वह ट्रक चलाता है, और राज्य के अलग-अलग जिलों में सफर करता है। जब वह रामपुर आया तो उसके संपर्क में नाबालिग आई।

    अगस्त 2023 में उसने रामपुर के खोपरी में नाबालिग के साथ पहली बार रेप किया। लड़की ने बदनामी के डर के कारण घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। इसके बाद आरोपी ने राचोली इलाके में ट्रक खड़ा कर नाबालिग के साथ दूसरी बार रेप किया। नाबालिग की मां के अनुसार तब से इस घटना के बारे में किसी को पता नहीं चला। बीते बुधवार को जब लड़की और उसकी मां रामपुर बाजार आए तो लड़की के पेट में दर्द उठा। उसने अपनी मां को बताया। मां ने अपने स्तर पर लड़की से पूछताछ की। पहले लड़की आनाकानी करती रही। लेकिन, जोर-जबरदस्ती करने पर उसने मां को आपबीती सुना दी।

    लड़की ने मां को यह भी बताया कि 5 से 6 महीने से उसे पीरियड्स नहीं आ रहे हैं। इसके बाद मां ने जांच कराई और लड़की को प्रेगनेंट पाया। तब मां ने रामपुर थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता नाबालिग है और उसका मेडिकल करवाया जा रहा है। जल्द आरोपी को भी गिरफ्तार कर दिया जाएगा। इसके लिए धरपकड़ शुरू हो गई है।

  • X से पोस्ट हटाने के मामले में आया बड़ा बयान

    नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने एलन मस्क के सोशल मीडिया प्लेटफार्म X से कुछ अकाउंट और पोस्ट को हटाने के लिए कहा है। एक्स ने यह दावा अपने ग्लोबल गवर्नेंस अफेयर्स अकाउंट के जरिए किया है। प्लेटफार्म ने कहा कि हम इससे सहमत नहीं हैं, ये पोस्ट और अकाउंट सिर्फ भारत में नहीं दिखेंगे। इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि इनमें से अधिकतर अकाउंट किसानों के चल रहे विरोध प्रदर्शन के समर्थन में ट्वीट कर रहे थे। इस महीने की शुरुआत में, गृह मंत्रालय ने फेसबुक और इंस्टाग्राम को भी सैकड़ों अकाउंट और लिंक ब्लॉक करने का आदेश दिया था।

    दरअसल, ‘भारत सरकार ने एग्जीक्यूटिव ऑर्डर्स जारी किए हैं, जिसमें एक्स से कुछ अकाउंट और पोस्ट पर कार्रवाई करने को कहा है। ऐसा न करने पर जुर्माना और जेल हो सकती है। आदेशों के अनुपालन में, हम इसे केवल भारत में ब्लॉक कर रहे हैं; हालांकि, हम इन कार्रवाइयों से असहमत हैं और मानते हैं कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सभी को मिलनी चाहिए। भारत सरकार के ब्लॉकिंग ऑर्डर्स को चुनौती देने वाली एक रिट अपील अभी पेंडिंग है। हमने अपनी पॉलिसीज के अनुसार प्रभावित यूजर्स को इन कार्रवाइयों की सूचना भी दी है।

    कानूनी प्रतिबंधों के कारण, हम एग्जीक्यूटिव ऑर्डर्स को पब्लिश करने में असमर्थ हैं, लेकिन हमारा मानना ​​है कि पारदर्शिता के लिए उन्हें सार्वजनिक करना आवश्यक है।’ इससे पहले 2021 में भी किसानों के विरोध के दौरान प्लेटफॉर्म और भारत सरकार के बीच तनाव देखने को मिला था। केंद्र ने कंपनी को कथित “खालिस्तान” लिंक के लिए लगभग 1,200 अकाउंट को हटाने के लिए कहा था। 250 जर्नलिस्ट के अकाउंट भी हटाने को कहा था।

  • पूर्व राज्यपाल के घर और दफ्तर पर CBI की छापेमारी 

    नई दिल्लीः जम्मू-कश्मीर के कीरू हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई ने वीरवार सुबह पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के दिल्ली स्थित आवास और दफ्तर की तलाशी ली। इसके अलावा केंद्रीय एजेंसी ने जम्मू-कश्मीर में भी 30 ठिकानों पर छापा डाला। यह मामला किश्तवाड़ में चिनाब नदी पर प्रस्तावित कीरू हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के लिए 2019 में 2200 करोड़ रुपये के सिविल वर्क का कॉन्ट्रैक्ट देने में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ा है।

    बता दें कि सत्यपाल मलिक ने आरोप लगाया था कि उन्हें राज्य का गवर्नर रहते (तब जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश नहीं बना था) परियोजना से संबंधित दो फाइलों को मंजूरी देने के लिए 300 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश की गई थी। बता दें कि वह 23 अगस्त, 2018 से 30 अक्टूबर, 2019 तक जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल थे। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पिछले महीने भी इस केस में चल रही जांच के सिलसिले में दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में लगभग 8 स्थानों पर छापा मारा था।

    सीबीआई ने पिछले महीने अपनी रेड में 21 लाख रुपये (लगभग) से अधिक की नकदी के अलावा डिजिटल उपकरण, कंप्यूटर, संपत्ति दस्तावेज बरामद किए थे। केंद्रीय एजेंसी ने चिनाब वैली पावर प्रोजेक्ट्स (प्राइवेट) लिमिटेड के पूर्व अध्यक्ष नवीन कुमार चौधरी, पूर्व अधिकारियों एमएस बाबू, एमके मित्तल और अरुण कुमार मिश्रा और पटेल इंजीनियरिंग लिमिटेड के खिलाफ मामला दर्ज किया था। चौधरी 1994-बैच के जम्मू-कश्मीर-कैडर (अब एजीएमयूटी कैडर) के आईएएस अधिकारी हैं।

    यह आरोप है कि कीरू जलविद्युत परियोजना से संबंधित सिविल कार्यों के आवंटन में, ई-टेंडरिंग के संबंध में दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया गया। यह भी आरोप लगाया गया कि सीवीपीपीपीएल की 47वीं बोर्ड बैठक में निर्णय लिया गया था कि रिवर्स ऑक्शनिंग के साथ ई-टेंडरिंग के माध्यम फिर से क्रॉन्ट्रैक्ट आवंटित किया जाएगा। लेकिन चल रही निविदा प्रक्रिया को रद्द करने के बाद, इसे लागू नहीं किया गया और सीवीपीपीपीएल की 48वीं बोर्ड बैठक में पिछली मीटिंग के निर्णय को उलट दिया गया।

  • संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक हुई शुरू, मीटिंग के बाद तय होगी अगली रणनीति

    चंडीगढ़ः संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से किसान आंदोलन को लेकर कुछ देर में चंडीगढ़ में एक मीटिंग की शुरू होने जा रही है। जिसमें देशभर के 100 से ज्यादा किसान नेता पहुंचे हैं। चंडीगढ़ में होने जा रही मीटिंग पहले दिल्ली में होनी थी, लेकिन बाद में इसका वेन्यू बदला गया है। मीटिंग में हनन मौला, राकेश टिकैत, सत्यवान, बलबीर सिंह राजेवाल, प्रेम सिंह भंगू, बूटा सिंह, मनजीत सिंह धनेर, जोगिंदर सिंह उगराहां, सुखदेव सिंह कोकरी और बड़े नेताओं ने भाग लिया है। इस दौरान किसान संघर्ष को लेकर रणनीति बनाई जाएगी। मीटिंग के बाद किसान नेताओं की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी।

    इसमें वह अपनी भविष्य की रणनीति काे साफ करेंगे। वहीं, मीटिंग में शामिल होने के लिए किसान नेता पहुंचने लगे हैं। इसमें किसान आंदोलन के हर बिंदु पर विचार किया जाएगा। इसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। हालांकि, अभी तक संयुक्त किसान मोर्चा सीधे तौर पर संघर्ष में शामिल नहीं हुआ है। जबकि, किसान नेताओं का कहना है कि किसानों को खरीद की गारंटी का कानून बनाना चाहिए। संयुक्त किसान मोर्चे की मांगों में 23 फसलों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी के अलावा, किसानों की कर्जमाफी, किसानों के लिए पेंशन, नकली खाद और बीज बेचने वालों के लिए सख्त सजा, लखीमपुर खीरी के किसानों के साथ इंसाफ जैसी मांगें शामिल हैं।

  • सड़कों पर क्रिकेट खेलते दिखे सचिन तेंदुलकर, देखें वीडियो

    जम्मूः भारतीय क्रिकेट टीम में वैसे तो बहुत से खिलाड़ी खेलने के लिए आए और रिटायर भी हुए। मगर कुछ खिलाड़ियों ने इस तरह का प्रदर्शन किया कि वो जीवन भर के लिए क्रिकेट फैंस के दिल में बस गए। ऐसे खिलाड़ी भले ही क्यों ना क्रिकेट टीम से रिटायर हो गए हो, मगर आज भी उनके फैंस उनकी प्रशंसा करना नहीं छोड़ते है और उनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। ऐसे ही एक खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर हैं जिन्हें दुनिया क्रिकेट का भगवान कहकर पुकारती है। सचिन तेंदुलकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। आइए आपको बताते हैं कि वीडियो में क्या नजर आ रहा है।

    सचिन तेंदुलकर के कश्मीर दौरे के वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहे हैं। अभी उनका एक नया वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि कुछ स्थानीय लोग सड़क पर क्रिकेट खेल रहे हैं। उन्हें देखकर सचिन तेंदुलकर से रुका नहीं गया और अपनी गाड़ी से उतरकर उन्होंने उनसे पूछा, ‘हम खेलें?’ इसके बाद एक शख्स ने उन्हें बैट पकड़ा दिया और फिर क्या, क्रिकेट शुरू हो गया। सचिन तेंदुलकर ने इस दौरान कई शॉट खेले। आखिरी बॉल को उन्होंने बेट की हत्थी से खेला मगर कोई उन्हें आउट नहीं कर पाया। वीडियो गुलमर्ग का बताया जा रहा है।

    इस वीडियो को माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर सचिन तेंदुलकर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से शेयर किया है। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘क्रिकेट और कश्मीर: स्वर्ग में एक मैच।’ इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दूसरे हैंडल से भी काफी शेयर किया जा रहा है। वीडियो देखने के बाद एक यूजर ने लिखा- भगवान स्वर्ग में क्रिकेट खेल रहे हैं। दूसरे यूजर ने लिखा- वाह सचिन पाजी, तुस्सी ग्रेट हो। एक अन्य यूजर ने लिखा- उनको बस बैट से दूर नहीं रखा जा सकता है।

  • Hiranandani Group के मुख्यालय और कई दफ्तरों पर ED की छापेमारी

    मुंबईः ईडी की टीम ने वीरवार यानी आज मुंबई में हीरानंदानी ग्रुप के मुख्य कार्यालयों और अन्य ठिकानों पर छापा मारा। केंद्रीय एजेंसी ने बिजनेस समूह के खिलाफ यह कार्रवाई फेमा (Foreign Exchange Management Act, 1999) से संबंधित नियमों के उल्लंघन के मामले में की गई।

  • पुलिस और बदमाश में चली गोलियां, बदमाश सहित SHO घायल, देखें वीडियो

    कोतवालीः हरिद्वार कोतवाली क्षेत्र के चमगादड़ टापू पर विगत 8 दिसंबर को एक 6 साल के मासूम बच्चे की निमर्म हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी की देर रात चमगादड़ टापू पर पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। जिसमे पैर में गोली लगने के कारण आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही मुठभेड़ में एक पुलिस (एसएचओ) दरोगा भी घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर आला अधिकारी पहुंचे और घायल आरोपी और दरोगा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उनका इलाज किया जा रहा है।

    घायल बदमाश प्रदीप की पुलिस करीब ढाई महीने से 6 साल के बच्चे की हत्या के मामले में तलाश कर रही थी। पुलिस को शक है कि बच्चे के साथ कुकर्म करने के बाद मामला खुल जाने के डर से प्रदीप नें बच्चे की हत्या की। देर रात हरकी पौड़ी के पास चमगादड़ टापू पर पुलिस नें आरोपी प्रदीप को घेर लिया खुद को घिरा देख प्रदीप में पुलिस टीम पर तमंचे से फायर किये फायरिंग में पवन नाम का एक दरोगा भी घायल हो गया। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल का कहना है कि 6 साल की मासूम की हत्या के मामले में पुलिस जांच कर रही थी।

    पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमें एक संदिग्ध पर शक था। जब पुलिस द्वारा इसे पकड़ने का प्रयास किया गया तो आरोपी द्वारा पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया गया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और इसमें हमारा एक जवान भी घायल हुआ। जिन्हें जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। हमारे द्वारा आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।