Blog

  • राजकीय महाविद्यालय ऊना में बने स्ट्रांग रूम का किया औचक निरीक्षण

    राजकीय महाविद्यालय ऊना में बने स्ट्रांग रूम का किया औचक निरीक्षण

    हर मतगणना कक्ष में स्थापित होंगे 14-14 टेबल 

    ऊना/सुशील पंडित: जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राघव शर्मा ने वीरवार को राजकीय महाविद्यालय ऊना में हरोली, कुटलैहड व ऊना विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम मशीनों के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम का औचक निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 

    उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय ऊना में हरोली, कुटलैहड़ व ऊना विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना तीन कमरों में की जाएगी। जिसके लिए प्रत्येक कक्ष में मतगणना के लिए 14-14 टेबल लगाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि परिसर के भीतर किसी को भी आने की अनुमति नहीं है। स्ट्रांग रूम में 24 घंटे सुरक्षा प्रदान करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बलों सहित हिमाचल पुलिस के जवान सुरक्षा पर तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

    इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि कॉलेज परिसर में ही मीडिया केंद्र भी बनाया जाएगा। इस अवसर पर एडीसी ऊना डॉ अमित कुमार शर्मा, एसडीएम ऊना डॉ निधि पटेल, हरोली विकास शर्मा तथा बंगाणा योगराज धीमान सहित निर्वाचन तहसीलदार सुमन कपूर उपस्थित रहे।

  • देहलां में विश्व रोगानुरोधी जागरूकता सप्ताह के तहत जिला स्तरीय जागरूकता शिविर आयोजित

    देहलां में विश्व रोगानुरोधी जागरूकता सप्ताह के तहत जिला स्तरीय जागरूकता शिविर आयोजित

    ऊना/सुशील पंडित: स्वास्थ्य विभाग द्वारा वीरवार को जिला ऊना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देहलां में विश्व रोगानुरोधी जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत जिला स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देहलां के चिकित्सा प्रभारी डॉ सुनील कुमार ने की।

    इस अवसर जन शिक्षा एवम् सूचना अधिकारी शारदा सारस्वत ने बताया कि प्रतिवर्ष 18 से 24 नवंबर तक विश्व रोगाणुरोधी जागरूकता सप्ताह मनाया जाता है। इस सप्ताह को मनाने का उद्देश्य वैश्विक रोगाणुरोधी प्रतिरोध के बारे में जागरूकता बढ़ाना और दवा प्रतिरोधी संक्रमणों से बचने के लिए सभी को जागरूक करना है। इसके अलावा लोगों का एंटीबायोटिक के बारे में जागरूक करना और एंटीबायोटिक रेसिस्टेंस को रोकना है। उन्होंने बताया कि जब हमारे शरीर में किसी तरह के बैक्टीरिया या वायरस का हमला होता है तो इससे लड़ने के लिए एंटीबायोटिक्स का ही प्रयोग करते हैं। एंटीबायोटिक रेसिस्टेंस की स्थिति में रोग पैदा करने वाला बैक्टीरिया या वायरस इलाज के प्रति अधिक प्रतिरोधी हो जाता है। यानी मरीज को दी जाने वाली दवाएं कम असर दार होने लगती हैं। उन्होंने बताया कि चिकित्सक कि सलाह के बिना कोई भी एंटीबायोटिक न लें।

    इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य शिक्षक गोपाल कृष्ण, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक प्रवीन कुमार, दर्शन कौर, कुलबीर कौर बीसीसी समन्वयक कंचन माला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देहलां की समस्त आशा वर्कर्स, सीएचओ, स्वास्थ्य कार्यकत्र्ता सहित पीएचसी स्टाफ उपस्थित रहा।

  • आईईसी यूनिवर्सिटी ने मनाया विश्व फार्मेसी सप्ताह

    आईईसी यूनिवर्सिटी ने मनाया विश्व फार्मेसी सप्ताह

    बददी/सचिन बैंसल: कालूझींडा स्तिथ आईईसी यूनिवर्सिटी में विश्व फार्मेसी सप्ताह के अवसर पर चार दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पहले दिन आईईसी विश्वविद्यालय ने मोहित गुप्ता फाउंडेशन के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जिसमें 70 यूनिट से अधिक रक्त एकत्र किया गया। इस दिन छात्रों द्वारा फार्मेसी विभाग के गलियारे में फार्मेसी पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
    कार्यक्रम के दुसरे दिन छात्रों द्वारा पोस्टर प्रेजेंटेशन और मॉडल प्रेजेंटेशन के साथ बीबीएन क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाल कर सभी को स्वस्थ रहने के सन्देश दिया। वहीं कार्यक्रम के तीसरे दिन छात्रों ने स्पोर्ट्स इवेंट और फन गेम्स का आयोजन किया, जिसमें लेमन रेस प्रतियोगिता थ्री लेग रेस प्रतियोगिता, जलेबी रेस प्रतियोगिता, रस्साकशी प्रतियोगिता, बैलून ब्लोइंग प्रतियोगिता, अंताक्षरी आदि प्रतियोगिताओं में खूब उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इस दिन आईईसी यूनिवर्सिटी के बोटेनिक गार्डन में विभिन्न प्रकार के नए हर्बल पौधे भी लगाए गए। आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर शमीम अहमद ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए सभी को बधाई दी और छात्रों को और अधिक लग्न के साथ काम करते रहने के लिए प्रेरित किया।
    इस अवसर पर छात्रों को प्रेरित करने के लिए एबट हेल्थकेयर के डायरेक्टर ऑपरेशन्स राकेश सैनी, हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड के एचआर हेड देवेश तोमर, एनरोज फार्मा के क्वालिटी हेड तरुण महाजन, मोहित गुप्ता फाउंडेशन से मोहित गुप्ता, चंडीगढ़ पुलिस से युधवीर सिंह, ग्लेनमार्क फार्मास्युटिकल्स से राहुल सैनी, उद्यमी व ‘मोहित गुप्ता फाउंडेशन’ की सह-संस्थापक मिस्टी गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रही।
  • बददी यूनिवर्सिटी के छात्रों ने किया क्योरटेक ग्रुप का भृमण

    बददी यूनिवर्सिटी के छात्रों ने किया क्योरटेक ग्रुप का भृमण

    बी फार्मा एम् फार्मा के विद्यार्थी कभी बेरोजगार नहीं हो सकते सुमित सिंगला 

    बी व एम फार्मा के विद्यार्थी देश का भविष्य 

    बददी/सचिन बैंसल: बददी के मलकु माजरा स्तिथ बददी यूनिवर्सिटी के  बी फार्मा के फर्स्ट सेमेस्टर  के 55 विद्यार्थियों ने क्यूरटेक ग्रुप में दौरा किया।  इस अवसर पर बद्दी यूनिवर्सिटी की एसिस्टेंट प्रोफेसर अनुपमा कुमारी विशेष तौर पर उपस्तिथ रही। इस मौके पर क्यूरटेक ग्रुप के क्वालिटी एश्योरेंस हेड अमित राजपूत, प्रोडक्शन हेड तपस विशवास, क्वालिटी कण्ट्रोल हेड तरसेम, मैंटीनैंस हेड मुनीश कुमार ने अपना तुजुर्बा सभी विद्यार्थियों के साथ साँझा किया। विद्यार्थियों को क्यूरटेक ग्रुप की टीम की तरफ से प्रोडक्शन, क्वॉलिटी एश्योरेंस, क्वालिटी कण्ट्रोल, पैकिंग व सभी मशीनी कार्यों के बारे में ट्रेनिंग दी गयी।

    इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रैक्टिकल कार्य को सीखने में बहुत उत्साह दिखाया। इस अवसर पर बद्दी विश्व विद्यालय कि असिस्टेंट प्रोफेसर अनुपमा ने क्यूरटेक ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमित सिंगला का आभार जताया। क्यूरटेक ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमित सिंगला ने इस अवसर पर कहा की आने वाले समय में यह विद्यार्थी फार्मा हब के भविष्य हैं। उन्होंने कहा की भविष्य में सभी अलग अलग कोर्सेज जैसे इलेक्ट्रिकल, सिविल मैकेनिकल से ज्यादा बी फार्मा विद्यार्थियों की भर्ती के जॉब प्लेसमेंट में अधिक अवसर होंगे।

    उन्होंने विद्यार्थियों से अपना अनुभव सांझा करते हुए कहा की आप पूरी लगन के साथ अपने लक्ष्य की और बड़े उसे पाना मुश्किल नहीं है। उन्होंने कहा की बी फार्मा व् एम् फार्मा का विद्यार्थी कभी बेरोजगार नहीं रह सकता पर उसमे कार्य करने के लिए प्रोत्साहन होना जरूरी है। उन्होंने कहा की बद्दी विवि व् क्यूरटेक ग्रुप की और से बी फार्मा के विद्यार्थियों के लिए समय समय पर सेमिनार लगाते रहे हैं। दौरा करने आए विद्यार्थियों में शिखा, मनीष,  अंकित, शुभम, श्वेता, पल्लवी, सिमरन, अर्पिता, अनिकेत, रुचि, गुरजीत, नम्रता, श्रुति, रक्षा, अमिता, दिव्य, ज्योति, तान्या, दिया, महक, नंदिता, पूजा, कृतिका, रजनी, देवी, कबू, सौरभ, सिद्धि, रीतिका, शिल्पा, नन्ही, शबनम, प्रीति, रेनू, बेबो, रानी, प्रभा, ममता, शीनू, रीनू, रेनू, गार्गी गुलशन शामिल हैं।

  • दर्दनाक घटनाः 13 वर्षीय युवक ने 3 साल की बच्ची से किया घिनौना काम

    दर्दनाक घटनाः 13 वर्षीय युवक ने 3 साल की बच्ची से किया घिनौना काम

    हाफिजाबादः पाकिस्तान में गांव संधुवा तरार से शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां 13 वर्षीय नौजवान ने गांव की ही एक 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म करने की कोशिश की। पुलिस ने इस घटना के आरोप में युवक को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों के अनुसार गांव वासी अबदुल्ल रहमान ने पुलिस को शिकायत दी कि उसकी तीन साल की भतीजी को आरोपी अपने घर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की गई।

    जब कुछ समय बाद भतीजी घर वापस न आई तो मैंने बच्ची के पिता के साथ मिलकर बच्ची की तलाश करनी शुरू कर दी, जिस दौरान उसके एक घर के अंदर रोने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद हमारे वहां पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार होने में सफल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बच्ची को गांव भट्टी के अस्पताल में दाखिल करवाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। 

  • विकट परिस्थितियों में सहायता के लिए तैयार रहना चाहिए

    विकट परिस्थितियों में सहायता के लिए तैयार रहना चाहिए

    रावमा पाठशाला घरेड में एनएसएस शिविर हुआ संपन्न

    समापन समारोह की अध्यक्षता एस.एम.सी प्रधान सुमन देवी ने की


    बददी/सचिन बैंसल:
    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घरेड में राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय कैंप समाप्त हो गया समापन समारोह की मुख्य अतिथि स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुमन देवी थी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित करके हुई। निशा और कृष्णा ने वंदे मातरम स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कृष्णा देवी ने एन.एस.एस गीत, अर्जुन और उसके साथियों ने एनएसएस भाषण, भावना देवी ने हम होंगे कामयाब देश भक्ति गीत गाया। रोहित और उसके साथियों ने हरियाणवी गिद्दा, नेहा और उसकी सहेलियों ने युगल गीत संस्कार और नशा मुक्ति पर नृत्य गुलशन और निखिल द्वारा पेश किया गया। पंजाबी गिददा मोनिका और उसकी सहेलियों ने प्रस्तुत किया।  मंच का संचालन मीनाक्षी और संस्कार द्वारा किया गया।

    एनएसएस प्रभारी सीमा देवी इतिहास प्रवक्ता ने सभी स्वयंसेवकों को स्मृति चिन्ह दिए और अपने संबोधन में सभी बच्चों का एनएसएस के सात दिवसीय शिविर में अनुशासन का पालन और कार्य में बढ़ चढक़र कार्य करने की सराहना की और सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।  प्रधानाचार्य सीमा चौहान ने भी एनएसएस सदस्यों और समस्त अध्यापक गणों का सहयोग के लिए धन्यवाद किया। समापन समारोह की मुख्य अतिथि एसएमसी प्रधान सुमन देवी ने कहा कि सेवा के दौरान हम लोगों की न्याय युक्त आशाओं को पूरा करते हैं, और उन्हें खुशियां पहुंचाते हैं । सेवा के दौरान हम लेने की आशा का सर्वथा त्याग करते हैं। शरीर के नाते ,परिवार के नाते ,देश और मित्रता के नाते अपना कर्तव्य समझकर सेवा कर स्वयं भी खुशी होते हैं, और जिस मानव की हम सेवा करते हैं वो भी खुश होता है। सेवा से हम प्रसन्नता और खुशी का अनुभव करते हैं। यदि धन का सामर्थ्य ना भी हो तो दूसरों के दुख से दुखी हो, और दूसरे के सुख में हम सुखी हो जाएं, यह सेवा हम बिना रुपए पैसे के बिना बल के बिना सामग्री के कर सकते हैं, उनके लिए हम प्रार्थना करें।

    दरअसल सेवा एक हृदय का भाव है और अगर यह भाव हृदय में उपस्थित हो तो बाकी साधन अपने आप ही हम अपने सामर्थ्य के अनुसार सेवा में लगा देते हैं। चाहे तन से सेवा करनी हो, मन से सेवा हो ,धन की सेवा हो, या समय देकर सेवा करनी पड़े बाकी सारे साधन वस्तुएं हमारे हृदय की भावना पर निर्भर होते हैं। सेवा करने की भावना, सेवा के लिए संबंध ,हमारे जीवन को प्रसन्नता और खुशियों से भरता है। हमारी इस भावना से मन में हमें शांति , खुशियां और आत्मविश्वास को बढ़ाने में मदद मिलती है। सेवा करने की भावना से हम अपने पास उपस्थित वस्तु का सदुपयोग कर पाते हैं उन्हें जरूरतमंद तक पहुंचाते हैं और प्रसन्नता का अनुभव करते हैं।

    उन्होने कहा कि हर इंसान को सेवा के विभिन्न तरीके सीखने चाहिए। हम अपने परिवार के बड़े बुजुर्गों की आज्ञा का पालन कर उनकी भी सेवा कर सकते हैं। किसी जरूरतमंद की तन, मन, धन से सेवा कर भी उसकी मदद कर सकते हैं ,जो हमारे जीवन में खुशियो की तरंगों का संचार करती है। महेंद्र लाल ने मुख्य अतिथि सुमन देवी का स्वागत किया अमर लाल शास्त्री ने एनएसएस शिविर के अनुभवों के माध्यम से अवगत कराया कि हर समय निस्वार्थ में विकट परिस्थितियों में सहायता करने के लिए तैयार रहना चाहिए अंत में एनएसएस के सह प्रभारी करण ठाकुर ने सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।

  • पंजाबः पुलिस की बड़ी लापरवाही, थाने से हथियार गायब, मुंशी सस्पेंड

    पंजाबः पुलिस की बड़ी लापरवाही, थाने से हथियार गायब, मुंशी सस्पेंड

    बठिंडा : जिले के दयालपुरा थाने से पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस थाने से 10 से अधिक लाइसेंस हथियार गायब हो गए हैं। गन कल्चर पर सख्ती किए जाने को लेकर लोगों ने यह हथियार थाने में जमा करवाए थे। गायब हुए हथियार को लेकर थाने में मौजूद मुंशी को इस घटना का मास्टरमांइड बताया जा रहा है। इस घटना से पुलिस के भी हाथ-पांव फूल गए हैं।

    इस मामले की जानकारी मिलते ही अधिकारियों से सख्ती से कार्रवाई करते हुए तुरंत मुंशी संदीप सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर लोगों में रोष पाया जा रहा है। थाने में हुई इस घटना को लेकर कई सवाल भी खड़े हो गए हैं। थाने में इस तरह के हथियारों का गायब होना बड़ी चिंता कारण है। 

    बता दें पंजाब पुलिस द्वारा राज्य में बंदूक कल्चर खत्म कर अमन-शांति तथा आपसी भाईचारा बरकरार रखने के लिए सोशल मीडिया पर भड़काऊ भाषण देने तथा हथियारों के साथ अपनी फोटो व वीडियो डालने पर पाबंधी लगाई हुई है। इसके साथ ही ऐसा करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़े कदम उठाने भी शुरू कर दिए हैं। इसी को लेकर कई लोगों के हथियार थानों में जमा करवाए गए है। लेकिन अब थाने से हथियार गायब होने के लेकर बड़े सवाल खड़े होने शुरू हो गए है।

  • अयोध्याः इस दिन होगा राम मंदिर का उद्घाटन

    अयोध्याः इस दिन होगा राम मंदिर का उद्घाटन

    अयोध्याः अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य लगभग 50 फीसदी पूरा हो गया है। इसी के साथ वह तारीख भी आ गई है जब रामलला अपने गर्भगृह में विराजेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि 14 जनवरी 2024 यानी मकरसंक्रांति के दिन रामलला अपने विग्रह में विराजेंगे और मंदिर कपट आम जनता के लिए खोल दिए जायेंगे। इस ऐतिहासिक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अयोध्या में मौजूद रहेंगे।

    मंगलवार को ट्रस्ट की तरफ से मीडिया को बुलाकर के मंदिर निर्माण की प्रगति के बारे में बताया गया। ट्रस्ट के प्रोजेक्ट मैनेजर जगदीश आपडे ने बताया कि मंदिर निर्माण का काम पिछले 2 साल से चल रहा है। और अगले 2 साल के अंदर मंदिर का काम पूरा हो जाएगा। हालांकि गर्भगृह का निर्माण दो तीन महीने के अंदर हो जाएगा। जिसके बाद श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि मंदिर के अन्य हिस्से का निर्माण कार्य चलता रहेगा।

    ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि 14 जनवरी 2024 को मकर संक्रांति के दिन राम मंदिर का उद्घाटन प्रस्तावित है। उस दिन सूर्य देव उत्तरायण होंगे, जिसे शुभ कार्यों के लिए सर्वोत्तम माना जाता है। इसी दिन रामलला गर्भगृह में विराजमान हो जाएंगे। पीएम नरेंद्र मोदी इस खास मौके के साक्षी होंगे। इसी दिन से मंदिर के गर्भगृह को आम जनता के दर्शनों के लिए खोल दिया जाएगा। जबकि मंदिर के बाकी हिस्से का काम चलता रहेगा।

    चंपत राय ने बताया कि मंदिर की हाइट 161 फीट होगा, उसमें 394 खंभे होंगे और हर खंभे पर 16 मूर्तियां रामायण से जुड़ी बनेंगी। मंदिर के निर्माण में लोहे की सरिया का कहीं भी प्रयोग नहीं किया गया है। ज्यादा से ज्यादा कॉपर का प्रयोग किया जा रहा है। अभी तक मंदिर का 50% काम पूरा हो चुका है। ग्राउंड लेवल 17 फीट ऊपर है और खुदाई स्थल से 60 फीट ऊपर है।

    चंपत राय ने बताया कि राम नवमी के दिन सूर्य की रोशनी सीधे भगवान रामलला के मस्तक पर पड़ेगी। इसके लिए अंतरिक्ष से टेलीस्कोपिक विधि तैयारी की जा रही है। निर्माण कार्य से जुड़ी एजेंसियां इस दिशा में काम कर रही हैं।

  • अब यहां लावारिस सूटकेस से मिले लाश के टुकड़े, ऐसे हुआ खुलासा

    अब यहां लावारिस सूटकेस से मिले लाश के टुकड़े, ऐसे हुआ खुलासा

    फरीदाबादः दिल्ली के श्रद्धा मर्डर केस की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि आज यानि वीरवार को एनसीआर क्षेत्र फरीदाबाद में अरावली के जंगलों में एक लावारिस सूटकेस मिला। सूटकेस को जब खोला गया तो अंदर लाश के टुकड़े बंद थे। मानव अंग देखने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर तफ्तीश में जुट गई है।

    गौरतलब है कि, फरीदाबाद से सटे दिल्ली के महरौली इलाके में इसी तरह श्रद्धा वॉकर की हत्या की गई थी। श्रद्धा के लिव इन पार्टनर आफताब अमीन पूनावाला वाला ने उसकी हत्या के बाद शव को 35 टुकड़ों में काटकर मेहरौली के जंगलों में फेंक दिया था। हालांकि, इस हत्याकांड का खुलासा 6 महीने बाद हुआ। जब श्रद्धा के पिता ने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई थी। पुलिस जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ा परत दर परत राज खुलने लगे।

  • पंजाबः रिश्वत लेते राजस्व कानूनगो गिरफ्तार

    पंजाबः रिश्वत लेते राजस्व कानूनगो गिरफ्तार

    तरनतारनः सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम के तहत विजीलेंस की टीम ने वीरवार को तरनतारन जिले के थाठी सोहल सर्कल में तैनात राजस्व कानूनगो ओम प्रकाश को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि कानूनगो को जिला तरनतारन के गांव झाबल निवासी भलविंदर सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त राजस्व अधिकारी अपने रिश्तेदार की सीमांकन रिपोर्ट देने के बदले में उससे 25,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था और सौदा 10,000 रुपये में तय हुआ था।

    विजिलेंस की टीम ने उसकी शिकायत की जांच के बाद जाल बिछाया और आरोपी को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा। उन्होंने कहा कि उक्त आरोपियों के खिलाफ सतर्कता ब्यूरो के अमृतसर थाने में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।