Blog

  • पंजाब: दिल दहलाने वाली घटना, बेरहम बाप ने की बेटी की हत्या, देखें वीडियो

    पंजाब: दिल दहलाने वाली घटना, बेरहम बाप ने की बेटी की हत्या, देखें वीडियो

    बाइक से शव बांध पूरे गांव में घसीटा, फिर रेलवे लाइनों पर फेंका

    अमृतसरः जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के थाना जंडियाला के अंतर्गत एक गांव में बेरहम बाप ने अपनी 16 साल की बेटी की बेदर्दी से हत्या कर दी। मामला ऑनर कीलिंग का है। आरोपी पिता ने बेटी की बेहरमी से हत्या करने के बाद शव को मोटरसाइकिल के पीछे बांधकर पूरे गांव में घुमाया। इसके बाद लाश को रेलवे लाइन पर फेंक दिया। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

    घटना ब्यास रोड पर स्थित टांगरा के गांव मुच्छल की है। जानकारी के अनुसार बेटी दो दिनों से घर से लापता थी। इस दौरान परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। मगर गुरुवार की दोपहर अचानक ही वह घर लौट आई। खफा पिता ने तेजधार हथियार से बेटी का कत्ल कर दिया और शव को मोटरसाइकिल के पीछे बांध कर पूरे गांव में घुमाया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस घटना के बाद से ही ग्रामीणों में दहशत है। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

    मृतक लड़की की मां ने बताया कि दो दिन घर से गायब रहने के बाद आज (गुरुवार) को जैसे ही वह घर लौटी तो उसके पति ने बाल पकड़ कर लड़की को घसीटा और बाहर ले गया। उसे भी पता नहीं चला कि वह बेटी को कहां ले गया। जीआरपी थाना प्रभारी बलबीर सिंह घुम्मन ने बताया कि मुच्छल गांव के निहंग दलबीर सिंह ने यह दिल दहला देने वाले हत्याकांड को अंजाम दिया। तरसिक्का थाने में केस दर्ज किया गया है। तरसिक्का थाना प्रभारी अवतार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरु कर दी गई है। आरोपी पिता के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

  • पंजाबः इस मशहूर यूनिवर्सिटी में हुआ हंगामा, सड़कों पर उतरे स्टूडेंट्स ने रखी ये मांग

    पंजाबः इस मशहूर यूनिवर्सिटी में हुआ हंगामा, सड़कों पर उतरे स्टूडेंट्स ने रखी ये मांग

    अमृतसर: गुरू  नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर में देर रात विवाद होने की खबर आई है। जानकारी मिली है कि GNDU के सिक्योरिटी कर्मी ने लॉ विभाग के छात्रा के थप्पड़ मार दिया। इस मामले के बाद यूनिवर्सिटी में विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद सभी होस्टलों के स्टूडेंट्स ने मुख्य गेट पर धरना लगा दिया। इस दौरान स्टूडेंट्स सिक्योरिटी गार्ड को सस्पेंड करने की मांग कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार छात्रा ने आरोप लगाए हैं कि सिक्योरिटी गार्ड ने उसे गेट पर रोका तथा आई कार्ड दिखाने को कहा था।

    जब उसने आई कार्ड दिखाया तो आई कार्ड एक्सपायर होने पर सिक्योरिटी गार्ड के साथ दोनों की बहस हो गई। जब उसने मोबाइल पर उससे नए पहचान पत्र की सॉफ्ट कॉपी दिखाई तो छात्र का आरोप है कि इस दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने उसे थप्पड़ मारा और उसका मोबाईल भी छीन लिया। छात्रा ने अन्य विद्यार्थियों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद होस्टल के सभी विद्यार्थी भारी संख्या में मुख्य गेट पर इकट्ठे हो गए। बताया जा रहा है कि स्टूडेंट्स द्वारा इसकी शिकायत लिखित रूप से वाइस चांसलर की कार्यालय में भी दी गई है। मिली जानकारी के मुताबिक लेकिन अब स्टूडेंट्स सिक्योरिटी गार्ड को सस्पेंड करने की मांग को लेकर अड़े हुए है।

  • पंजाबः सुबह-सुबह कार सवार युवक नाका तोड़कर पुलिस कर्मी की SLR छीनकर हुए फरार

    पंजाबः सुबह-सुबह कार सवार युवक नाका तोड़कर पुलिस कर्मी की SLR छीनकर हुए फरार

    पुलिस ने हाईअलर्ट कर शहर किया सील

    बठिंडा: जिले में सुबह-सुबह बड़ी खबर सामने आई है। जहां अलसुबह करीब 3:30 बजे स्कोडा कार सवार अज्ञात लोगों ने थाना कैंट के पास लगा नाका तोड़कर पुलिसकर्मी पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इस दौरान कार सवार युवक मौके पर खड़े मुलाजिम से उसकी एसएलआर छीन कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार सवार युवक वारदात को अंजाम देने के बाद बठिंडा सिटी की तरफ भाग गए। सूचना मिलने के बाद बठिंडा पुलिस ने सारे शहर को सील कर स्कोडा कार युवकों  की तलाश शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक अभी तक आरोपियों का कुछ पता नहीं चल पाया है। 

    जानकारी के अनुसार थाना कैंट पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्कोडा कार चंडीगढ़ से बठिंडा तरफ आ रही है, जिसमें संदिग्ध लोग बैठे हैं । थाना कैंट पुलिस ने सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर दी, जब स्कोडा कार थाना कैंट के पास लगे नाके के पास पहुंची तो कार को रुकने का इशारा किया लेकिन कार रोकने की बजाए नाका तोड़कर पुलिसकर्मियों के ऊपर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद कार में सवार बदमाशों ने बाहर निकाल कर पुलिसकर्मी से उसकी एसएलआर छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद तुरंत मामले की जानकारी पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी गई। वहीं बठिंडा पुलिस को अलर्ट पर कर दिया गया।

  • पंजाबः कैबिनेट में बदलाव की तैयारी, इस हल्के से बन सकते है 2 नए मंत्री

    पंजाबः कैबिनेट में बदलाव की तैयारी, इस हल्के से बन सकते है 2 नए मंत्री

    चंडीगढ़ः पंजाब में आप पार्टी की सरकार में एक बार फिर से कैबिनेट में बदलाव की चर्चा शुरू हो गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब में सीएम भगवंत मान की कैबिनेट में 2 और नए चेहरे शामिल किए जा सकते है। सूत्रों के अनुसार वह दो चेहरे मालवा और माझा इलाक़े से हो सकते है। चर्चा यह भी है कि 2 नए चेहरों के बदले में 2 पुराने चेहरों को कैबिनेट से हटाया जा सकता है। हालांकि हटाये जाने वाले ये चेहरे कौन से हैं इस बारे में अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं है, लेकिन लाल चंद कटारूचक्क को लेकर हटाने की कुछ चर्चाएं चल रही हैं।

    कहा जा रहा है कि उन्हें कैबिनेट से हटाया जा सकता है लेकिन इस बारे में अभी किसी ने भी कोई पुष्टि नहीं की है। बताया जा रहा है कि पंजाब कैबिनेट में बदलाव को लेकर सीएम मान की तरफ़ से हाल ही में दिल्ली में पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के साथ चर्चा की गई है। दिल्ली से हरी झंडी मिलने के बाद अब बदलाव को लेकर अंतिम रूप दिए जाने की तैयारी है। ऐसे में सरकार दो नए चेहरो को कैबिनेट में शामिल कर सकती है।

  • डबल मर्डरः पड़ोसी राज्य में जालंधर के 2 भाइयों की चाकू मारकर हत्या, हुई मौत, देखें वीडियो

    डबल मर्डरः पड़ोसी राज्य में जालंधर के 2 भाइयों की चाकू मारकर हत्या, हुई मौत, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: पंजाब के पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ से बड़ी खबर सामने आई है। जहां युवकों ने जालंधर जिले के 2 भाइयों की हत्या कर दी। हमलावारों ने दोनों को सोलन के नालागढ़ में बीच सड़क पर चाकू से गोद-गोद कर मार डाला। इस डबल मर्डर की वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। हैरानी की बात तो यह है कि जब हमलावर चाकू से गोद-गोद कर सड़क के किनारे दोनों भाइयों को मार रहे थे, तब पास से लोग गुजर भी रहे थे, लेकिन किसी ने भी दोनों भाइयों को हमलावरों से छुड़ाने की कोशिश नहीं की। मर्डर की यह वारदात मौके पर खड़े किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में कैद की और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।

    मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जालंधर के उपमंडल नकोदर के तहत आने वाले गांव खीवा के 2 सगे भाई वरूण और कुणाल हैं। दोनों पर पंजाब से आए 3 हमलावरों ने नालागढ़-रामशहर मार्ग पर प्रीत कालोनी के पास तेजधार हथियारों से हमला किया। दोनों भाइयों को बुरी तरह से मारा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। नकोदर (जालंधर) के खीवा गांव निवासी सगे भाई वरूण और कुणाल नालागढ़ के वार्ड-6 में किराये के मकान में रहते थे। घटना को अंजाम देने वाले आरोपी भी नकोदर से आए थे।

    लोगों का कहना है कि तीनों हत्यारे नालागढ़ में पहुंचने के बाद दोनों भाइयों की रेकी भी कर रहे थे और उनके बारे में पूछ रहे थे। मृतक युवकों के मामा ने आरोप लगाया कि नकोदर का गौरव गिल कुछ दिनों से इन्हें जालंधर बुला रहा था, लेकिन जब वे नहीं गए तो वह अपने 2 दोस्तों को लेकर नालागढ़ आया। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है।दोनों भाइयों के शव पुलिस सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिए हैं। डीएसपी नालागढ़ फ़िरोज़ खान ने बताया कि 2 सगे भाइयों की हत्या करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। 

  • पंजाबः सुबह-सुबह प्लाइवुड के शोरूम में लगी भीषण आग 

    पंजाबः सुबह-सुबह प्लाइवुड के शोरूम में लगी भीषण आग 

    गुरदासपुर: जिले के कादरी मोहल्ले से बड़ी खबर सामने आई है। जहां आज सुबह मुख्य सड़क पर प्लाईवुड आदि समान बेचने वाले एक शोरूम को आग लग गई। देखते ही देखते आग ने शोरूम को तीनों मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना शोरूम के मालिक और दमकल विभाग को दी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंची। दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। आग इतनी ज्यादा फैल गई है कि आग पर काबू पाना मुश्किल लग रहा है। दुकान में प्लाईवुड-सनमाईका और ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने लाखों का सारा समान राख कर दिया है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। 

    दमकल विभाग ने 3 घंटे की कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पाया। वहीं दूसरी ओर मामले की जानकारी देते हुए शोरुम मालि जसवंत सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी कोटली शाहपुर ने बताया कि उन्हें करीब 5 बजे फोन आया कि उनके शोरुम में आग लगी हुई है। जब शोरुम मालिक ने आकर देखा तो उस समय आग काफी फैल चुकी थी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की 5 गाड़ियों ने 3 घंटे की कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान पीड़ित शोरुम मालिक ने बताया कि इस हादसे में उनका करीब 90 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया है। जसवंत सिंह ने सरकार से मांग की है कि इस घटना में हुए नुकसान को लेकर उसकी आर्थिक सहायता की जाए।

  • पंजाबः रैली के दौरान मंच पर बिगड़ी भाजपा प्रधान Sunil Kumar Jakhar की तबीयत, देखें वीडियो

    पंजाबः रैली के दौरान मंच पर बिगड़ी भाजपा प्रधान Sunil Kumar Jakhar की तबीयत, देखें वीडियो

    अबोहरः पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ की रैली के दौरान तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद पार्टी के कार्यकताओं ने तुरंत उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, देर रात फाजिल्का के अबोहर में रैली को संबोधित करते हुए जैसे ही उन्होंने स्पीच खत्म की, इसी दौरान उन्हें चक्कर आ गया। उन्हें मंच पर ही फस्ट एड दी गई। तुरंत बिना समय व्यर्थ किए उन्हें निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां उनकी हालत में अब सुधार है।

    भाजपा प्रधान बनने के बाद सुनील जाखड़ पहली बार अबोहर पहुंचे थे। वर्कर्स मीट के दौरान रात वह मंच से सभी भाजपा वर्करों और नेताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपनी स्पीच को खत्म करके भारत माता की जय का नारा लगाया ही था कि उन्हें चक्कर आ गया। उन्होंने स्टेज पर स्पीच देने के लिए लगाए गए डाइस को पकड़ अपने आप को संभाला। इतने में अन्य भाजपा वर्करों को भी समझ आ गया कि उनकी तबीयत बिगड़ गई है। चंद सेकेंड में सभी उनकी और भागे और उन्हें सहारा देकर कुर्सी पर बिठाया।

    बिगड़ती हालत देखकर सुनील जाखड़ को तुरंत निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। भाजपा नेताओं का कहना था कि रात के समय गर्मी काफी अधिक थी और वर्करों की गिनती अधिक होने के कारण उमस भी अधिक थी, जिसके चलते उनकी तबीयत बिगड़ी, लेकिन अब उनकी सेहत पूरी तरह से ठीक है। बता दें कि बीते कुछ दिनों से सुनील जाखड़ लगातार पंजाब दौरे पर हैं। रोजाना वह पंजाब के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाली वर्कर मीट पर पहुंच रहे हैं, ताकि आने वाले लोकसभा 2024, नगर निगम और नगर परिषद चुनाव के लिए वर्करों को इकट्‌ठा और मजबूत कर सकें।

  • आज का राशिफल, 11 अगस्त 2023

    आज का राशिफल, 11 अगस्त 2023

    आज अधिक श्रावण कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि और शुक्रवार का दिन है। आज दोपहर 3 बजकर 23 मिनट से शुरू होकर कल दोपहर 3 बजकर 22  मिनट तक हर्षण योग रहेगा। हर्ष का अर्थ होता है-खुशी। साथ ही आज का पूरा दिन, पूरी रात पार कर के कल सुबह 6 बजकर 2 मिनट तक मृगशिरा नक्षत्र रहेगा। जानिए कैसा रहेगा आपके लिए 11 अगस्त का दिन और किन उपायों से आप ये दिन बेहतर बना सकते हैं। 

    मेष राशिः आज के दिन आप ऊर्जावान रहेंगे। व्यापार से रिलेटेड नई योजनाएं बना सकते हैं, जिससे आपकी आय के स्रोत खुलेंगे। आपकी आर्थिक स्थिति में काफी सुधार होगा। निवेश करने के लिए अच्छा समय है यात्रा पर जाने के योग हैं। आप जीवनसाथी तथा बच्चों के साथ किसी मनपसंद जगह पर घूमने जाएंगे, जिससे आपकी उलझने दूर होगा। नौकरी करने वालों के लिए कार्यक्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। प्रतियोगी परीक्षा में बैठने वाले छात्रों को सफलता हासिल होगी। इस दौरान आप बेवजह के विवादों में न पड़ें और अपने गुस्से पर काबू रखें। 

    वृष राशिः आपके लिए आज का दिन खुशनुमा रहेगा। आपको कुछ नए लोगों से मिलने का अवसर मिलेगा। आपको कोई नया प्रोजेक्ट मिलने के योग हैं। जिससे आपके प्रगति के रास्ते खुलेंगे। आपके व्यवसाय में बेहतर बदलाव होने की संभावना है, जो आपके आर्थिक स्तर को बेहतर बनाएगा। आप बहुत आनंदित रहेंगे। पारिवारिक दृष्टि से आज का दिन ठीक-ठाक रहेगा। आपको माता-पिता से सहयोग मिलेगा। आपके विनम्रतापूर्ण व्यवहार से घर का माहौल पॉजिटिव रहेगा। आप अपने परिवार के साथ कहीं घूमने जा सकते हैं। अच्छे स्वास्थ्य के लिए हेल्दी लाइफ स्टाइल अपनाएं।

    मिथुन राशिः आज आपका दिन लकी रहेगा। आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। कार्यक्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। इस दौरान आप केवल भाग्य के भरोसे न बैठकर अच्छी मेहनत करेंगे। नौकरी में अच्छी सफलता मिलेगी। आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। कहीं मनोरंजक यात्रा होने की संभावना है। आपका मन आज धार्मिक क्रिया-कलापों में खूब लगेगा। पारिवारिक जीवन खुशियों से भरा रहेगा। संतान को तरक्की मिलने से घर में खुशी का माहौल रहेगा। व्यापारियों को आज धन लाभ के योग बन रहे हैं। शारीरिक फिटनेस का ध्यान रखें।

    कर्क राशिः आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आप परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिताएंगे। पारिवारिक वातावरण सुखद रहेगा। आपके व्यवसाय में लाभ मिलेगा। आय के साधन बढ़ेंगे। व्यापार से जुड़ी यात्रा फायदेमंद रहेगी। इस दौरान आप किसी से अपने व्यापार संबंधी सीक्रेट शेयर करने से बचें। अन्यथा कोई दूसरा फायदा उठा सकता है। कार्यक्षेत्र में आपको जल्द ही कोई नया प्रोजेक्ट मिलने की संभावना है। आपके प्रेम पूर्ण रवैये से दाम्पत्य जीवन में चल रही समस्याएं समाप्त होगी। आपके रिश्तों में प्रगाढ़ता आएगी। मन की शांति के लिए मेडिटेशन करें। 

    सिंह राशिः आज आपका हर काम सफलतापूर्वक संपन्न होगा। व्यावसायिक योजनाएं पूरी होंगी। कार्यस्थल पर आज ज्यादा काम होने की संभावना है। सहकर्मियों के बीच आपका प्रभाव बढ़ेगा। आपकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी। घर में कोई शुभ कार्य संपन्न होगा। आज आप अपने क्रोध और झुंझलाहट पर नियंत्रण रखें। आप कहीं बाहर घूमने जाएंगे। लवमेट्स के साथ आपके रिश्ते में विश्वास बढ़ेगा। आपका स्वास्थ्य अच्छा रहने वाला है। 

    कन्या राशिः आज आपका दिन लकी रहेगा। दाम्पत्य जीवन सुखमय रहेगा,जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा और आप दोनों के बीच आपसी रिश्ते और अच्छे होंगे। आप दोनों की रूचि धर्म-कर्म के कार्यों में बढ़ेगी। नई नौकरी मिलने की संभावना है। कार्यक्षेत्र में मेहनत के बल पर सफलता हासिल कर लेंगे। व्यापारी वर्ग को बड़े लाभ के योग हैं। नए साधनों से आय में वृद्धि होगी। जो अविवाहित हैं उनका विवाह तय हो सकता है। छात्रों को अध्यापकों से सहयोग मिलने से उनका मनोबल ऊंचा रहेगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें, बाहर का खाना अवाइड करें। 

    तुला राशिः आज आपका दिन बेहतर रहेगा। आपके द्वारा बनाई गई योजना कारगर साबित होगी। अच्छा धन अर्जित करने में सफल होंगे। किसी तरह का निवेश करने से पहले अपने बड़ों से सलाह अवश्य लेंगे। मल्टीनेशनल कंपनियों में काम करने वाले जातक अपने टीम के सदस्यों के साथ तालमेल बिठाने में धैर्य से काम लें तो अच्छे परिणाम मिलेंगे। किसी प्रोजेक्ट पर साथ काम करने से अच्छा अनुभव भी होगा। दाम्पत्य जीवन सुखमय रहेगा।  डिनर के लिए कहीं बाहर जा सकते हैं। आप अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। समय समय पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें।  

    वृश्चिक राशिः आज आपका दिन आनंद से भरा रहेगा। कार्यक्षेत्र में चीजें आपके अनुकूल रहेंगी। घर में किसी नए मेहमान के आने की संभावना है। व्यापार में लाभ होगा। आप किसी धार्मिक यात्रा पर जा सकते हैं। आपकी आर्थिक स्थिति में बड़े सुधार के योग हैं। आपके पारिवारिक जीवन में सौहार्द बना रहेगा। आप अपने जीवनसाथी के साथ तालमेल बनाकर चले, आपके लिए फायदेमंद रहेगा। आप अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें, कुछ समस्याएं होने पर डॉक्टर की सलाह लें। संतान पक्ष से कोई अच्छी खबर मिलेगी। जिससे परिवार में खुशी का माहौल रहेगा। 

    धनु राशिः आज का दिन आपके लिए उत्तम रहेगा। आप नौकरीपेशा हैं तो कार्यस्थल पर आपकी स्थिति पहले से बेहतर रहेगी। आपकी पदोन्नति के साथ आपका कार्यभार भी बढ़ेगा। आपको आमदनी के बेहतर अवसर मिलने के योग हैं। दांपत्य जीवन में खुशहाली आएगी। आर्थिक स्तिथि बेहतर बनाने के लिए बड़ों से सलाह ले तो अच्छा रहेगा। अविवाहित हैं तो रिश्ता पक्का होने की संभावना है। स्टूडेंट्स के लिए अच्छा दिन है। फाइनेंस और पब्लिक रिलेशन से जुड़े कार्यों में आपको सफलता मिलेगी। आपका पारिवारिक जीवन खुशहाल रहेगा। 

    मकर राशिः आपके लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। आपके व्यवसाय में विस्तार के साथ आय के स्रोत विकसित होंगे। मैनेजमेंट की पढ़ाई करने वाले छात्रों को आज कोई नई खबर मिल सकती है। जिससे उनका मनोबल ऊंचा होगा और आगे की पढ़ाई में सहयोग मिलेगा। आपका दाम्पत्य जीवन सुखमय रहेगा। परिवार में आपसी सहयोग की भावना रहेगी। सेहत संबंधी कोई समस्या है तो उससे छुटकारा मिलेगा व्यवस्थित दिनचर्या एवं पौष्टिक आहार का पालन करें। संतान को लेकर कोई खुशखबरी मिलेगी। किसी बड़ी कंपनी से नौकरी का ऑफर मिल सकता है। 

    कुंभ राशिः आज का दिन आपके लिए फायदेमंद रहेगा।  कार्यस्थल पर सहकर्मियों के साथ आपका अच्छा बर्ताव आपकी सफलता में सहायक होगा। पदोन्नति के योग बनेंगे। आप स्वयं को ऊर्जावान महसूस करेंगे। साझेदारी में व्यापार करने वालों को सफलता मिलेगी। निवेश से लाभ के योग बन रहें हैं। आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। लेखन से जुड़े लोगों को शुभ समाचार मिलेगा। किसी अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में शामिल होने का मौका मिलेगा। पारिवारिक माहौल खुशहाल रहेगा। जीवनसाथी की भावनाओं का ध्यान रखेंगे। लवमेट्स के साथ घूमने जाएंगे। 

    मीन राशिः आपके लिए दिन खास रहेगा। कार्यक्षेत्र में आप अपने अनुभव से अच्छी सफलता हासिल करेंगे। आपके कार्यों की प्रशंसा होगी। पदोन्नति के योग बनेंगे। संगीत की शिक्षा ले रहे छात्रों को नए अवसर मिलेंगे। आपको कहीं अपनी कला प्रदर्शन का मौका मिल सकता है। आपको जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा, परिवार के साथ कहीं यात्रा का प्लान भी बन सकता है। आप किसी सामाजिक उत्सव में भाग लेंगे। आप वहां कुछ नए लोगों से भी मिलेंगे। भागदौड़ से थकान हो सकती है। आपके पॉजिटिविटी बनी रहेगी। 

  • मेरी माटी मेरा देश के क्रियान्वयन में सभी कार्यकर्ताओं को भूमिका अदा करनी होगी: सत्ती

    मेरी माटी मेरा देश के क्रियान्वयन में सभी कार्यकर्ताओं को भूमिका अदा करनी होगी: सत्ती

    ऊना/ सुशील पंडित: भारतीय जनता पार्टी की ऊना मंडल की बैठक वीरवार को ऊना के पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल ने बैठक की अध्यक्षता की तो विधायक सतपाल सिंह सत्ती विशेष रूप से बैठक में उपस्थित हुए। इस मौके पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि पार्टी की महत्वपूर्ण योजना मेरी माटी मेरा देश के क्रियान्वयन में सभी कार्यकर्ताओं को भूमिका अदा करनी होगी। उन्होंने बताया कि मेरी माटी मेरा देश योजना के तहत 9 अगस्त से देशभर के प्रत्येक नगर और ग्राम से मिट्टी एकत्रित करने का अभियान शुरू किया गया है और इस मिट्टी को दिल्ली में बनने वाले अमृत वन के निर्माण में उपयोग किया जाएगा। जबकि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीजेपी द्वारा चलाए जाने वाले विशेष तिरंगा अभियान को लेकर भी दिशा निर्देश दिए गए।

    इस मौके पर विधायक सतपाल सत्ती ने कहा कि 14 अगस्त का दिन भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभाजन “विभीषिका स्मृति दिवस ” के रूप में मनाया जाएगा।14 अगस्त 1947 को हुए देश के बंटवारे को याद करते हुए एक काले दिवस के रूप में इसे हमेशा याद किया जाता रहेगा”। उन्होंने कहा कि देश के बंटवारे के संबंध में जनमानस तक हर जानकारी पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंडल स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन 14 अगस्त शाम को सभी कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर एकत्रित होंगे। जबकि 15 अगस्त को “राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हर घर में लहराने “का भी लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि” 16 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की पुण्यतिथि” के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में सुबह 10:00 बजे श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया जाएगा। वही 27 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात “कार्यक्रम का भी प्रसारण करते हुए कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के मन की बात को सुना जाएगा। जबकि “30 अगस्त को रक्षाबंधन “के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा भारतीय सेनाओं के वीर सैनिकों को राखी बांधकर यह पर्व मनाया जाएगा। 
    प्रदेश सचिव सुमित शर्मा, राजकुमार पठानिया, रमेश भडोलिया, सागर दत्त भारद्वाज ,बलवीर बग्गा,पहु लाल भारद्वाज, रामचंद्र ,विजय लमलेडा, हरभजन मान ,राजेश प्रभाकर, जगदेव जग्गा,सतीश बनगढ़, जिला परिषद अध्यक्ष नीलम कुमारी, रीना वासुदेवा, अनु ठाकुर ,बलबिंद्र कौर,ममता कश्यप,  पूर्व प्रधान कमला देवी, रेखा चौधरी ,इंदु बाला ,पुष्पा देवी ,उर्मिला चौधरी ,विनय शर्मा ,अनिल कुमार मोहित बेदी, जसविंदर मोनू, विकास शर्मा, चंदन कालिया बा बीडीसी के सभी सदस्य, जिला परिषद सदस्य ,भाजपा समर्थित प्रधान और उपप्रधान इस बैठक में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
  • हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान में तीज पर्व में मेहंदी, हेयरस्टाईल स्पर्धाओं का आयोजन किया

    हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान में तीज पर्व में मेहंदी, हेयरस्टाईल स्पर्धाओं का आयोजन किया

    ऊना/सुशील पंडित: हिमोत्कर्ष महिला मंच द्वारा संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान ऊना में तीज पर्व के उपलक्ष्य में मेहंदी व हेयरस्टाईल स्पर्घाओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान की ब्यूटी कल्चर,कटिंग टेलरिंग एवं फैशन डिजाईनिंग की छात्राओं ने मेहंदी व हेयरस्टाईल स्पर्घाओं में भाग लिया। छात्राओं ने आकर्षक ढंग से मेहंदी लगाई, वहीं आकर्षक अंदाज में हेयरस्टाईल बनाकर निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया। प्रतिस्पर्घाओंं में प्रथम,द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाली छात्राओं को शुक्रवार को तीज फेस्टिवल के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर हिमोत्कर्ष महिला मंच अध्यक्ष दीपशिखा कौशल, सचिव पूजा कपिला, प्रेस सचिव रमा कंवर, सदस्य रंजना जसवाल, अनीति सूद, मंजू मनकोटिया, मनीषी ठाकुर, सिम्मी चौधरी, उपप्रधानाचार्य रंजू बाला, मीना ठाकुर, निशा, सोनिया, कमला व छात्राएं उपस्थित रही।