Blog

  • Punjab News: पुरानी रंजिश को लेकर चली ईंटें, 4 लोग घायल, देखें CCTV

    Punjab News: पुरानी रंजिश को लेकर चली ईंटें, 4 लोग घायल, देखें CCTV

    फिरोजपुरः पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच झड़प हो गई। एक गुट ने दूसरे गुट के घर पर ईंटे फेंकीं, जिससे चार लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि कैसे एक गुट दूसरे गुट के घर पर ईंटें फेंक रहा है।

    जनरल सप्लाई डिपार्टमेंट में काम करने वाले लवप्रीत सिंह ड्यूटी पर थे, तभी उनके विरोधी विक्की और उसके साथी वहां पहुंचे और उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद जब वे अपने घर लौटे तो विरोधी गुट ने फिर से उन पर हमला कर दिया। लड़ाई इतनी बढ़ गई कि एक गुट ने दूसरे गुट के घर पर ईंटें फेंकनी और तोड़-फोड़ करनी शुरू कर दी। इस घटना में चार लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों ने न्याय की मांग की है और पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रही है।

    पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर रही है और दावा किया जा रहा है कि सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान की जाएगी। पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • Punjab News: युवक ने होटल में लगाया फंदा, आरोप- आत्महत्या नहीं हत्या है, देखें वीडियो

    Punjab News: युवक ने होटल में लगाया फंदा, आरोप- आत्महत्या नहीं हत्या है, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः शहर के एक मशहूर होटल-रेस्तरां में एक युवक का शव पंखे से लटका हुआ मिला। युवक ने कुछ घंटे पहले ही एक कमरा बुक किया था और वहीं रुका हुआ था। इसके बाद एक लड़की उससे मिलने आई। लड़की के जाने के बाद जब होटल के कर्मचारी सफाई करने गए तो युवक का शव पंखे से लटका हुआ मिला। होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी।

    पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजपुर के सिविल अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान मच्छीवाड़ा गांव के रहने वाले कुलवंत सिंह के तौर पर हुई है। वह शादीशुदा था। पुलिस सीसीटीवी के जरिये मृतक की महिला मित्र का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस घटना की जांच हत्या या आत्महत्या के तौर पर की जा रही है।

    पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक होटल के मालिक ने कैंट पुलिस स्टेशन को सूचना दी कि होटल के एक कमरे में युवक का शव लटका हुआ है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। ​​होटल के कर्मचारियों ने बताया कि कुछ घंटे पहले युवक ने होटल में कमरा बुक किया था और वहीं रुका था, लेकिन कुछ देर बाद एक महिला भी कमरे में आई थी; हालांकि, कुछ समय रुकने के बाद वह युवती चली गई। जब होटल के कर्मचारी सफाई के लिए कमरे का दरवाजा खटखटाने गए तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलने पर युवक का शव पंखे से लटका हुआ मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सबूत इकट्ठा किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है।

    मृतक कुलवंत सिंह के परिवार का कहना है कि उन्हें इसके पीछे कोई बड़ी साजिश लग रही है। उनका मानना ​​है कि उनके बेटे की हत्या हुई है, न कि उसने आत्महत्या की है। उन्होंने पुलिस से न्याय की मांग की है और कहा है कि उस लड़की को जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि ये साफ हो सके कि उनके बेटे की हत्या हुई है या आत्महत्या की।

  • बड़ा हादसाः पटरी से उतरे ट्रेन के 6 डिब्बे, 53 ट्रेनें प्रभावित

    बड़ा हादसाः पटरी से उतरे ट्रेन के 6 डिब्बे, 53 ट्रेनें प्रभावित

    नई दिल्लीः दिल्ली मंडल के गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार को बड़ा रेल हादसा हो गया, जब एक मालगाड़ी के 6 लदे हुए डिब्बे पटरी से उतर गए। दुर्घटना साहिबाबाद से नई दिल्ली की ओर लगभग एक किलोमीटर पहले हुई, जिसके चलते इस व्यस्त रेल मार्ग पर रेल यातायात प्रभावित हो गया। हादसे के बाद रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बहाली कार्य शुरू कर दिया गया। उत्तर रेलवे के अनुसार घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही डीआरएम, एडीआरएम और रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

    रेलवे की टीमें ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त करने और यातायात सामान्य करने में जुटी हैं। हादसे का असर रेल संचालन पर भी पड़ा है। रेलवे के अनुसार, कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें 24 ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है और उन्हें दिल्ली-नई दिल्ली के वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है। इसके अलावा 16 पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं, जबकि 5 पैसेंजर ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है।

    वहीं 8 ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर नियंत्रित (रेगुलेट) किया गया है। इनमें आनंद विहार आने वाली कुछ ट्रेनें भी शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांच लें। फिलहाल ट्रैक बहाली का काम तेजी से जारी है। वहीं, सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन को साहिबाबाद-दिल्ली सराय रोहिल्ला मार्ग से डायवर्ट कर चलाया गया, ताकि यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने में सुविधा हो सके। रेलवे प्रशासन का कहना है कि प्रभावित रेलखंड पर बहाली का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है और स्थिति सामान्य होते ही नियमित रेल सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी।

  • किसान महापंचायत से पहले शंभू बॉर्डर सील, सीमा पर भारी फोर्स, देखें वीडियो

    किसान महापंचायत से पहले शंभू बॉर्डर सील, सीमा पर भारी फोर्स, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः किसान महापंचायत से पहले मंगलवार को हरियाणा पुलिस ने पंजाब-हरियाणा के शंभू अंतरराज्यीय बॉर्डर को सील कर दिया है। सीमा पर बैरिकेड, सीमेंट ब्लॉक और भारी पुलिस बल तैनात कर किसानों की आवाजाही रोक दी गई। जिससे किसानों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग और चंडीगढ़-राजपुरा मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ, जिससे राहगीर परेशान है।

    आपको बता दें भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में दिल्ली के किसान घाट पर रैली करेंगे। लेकिन किसानों को शंभू बॉर्डर पर ही रोक दिया गया। देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले आयोजित एक दिवसीय महापंचायत में शामिल होने के लिए पंजाब के विभिन्न जिलों से किसान बसों और अन्य वाहनों से दिल्ली के लिए रवाना हुए। किसान नेताओं के अनुसार बड़ी संख्या में किसानों ने सोमवार रात गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब की सराय में विश्राम किया। मंगलवार सुबह वहां से काफिला शंभू बॉर्डर की ओर बढ़ा।

    किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने आरोप लगाया कि किसान शांतिपूर्ण ढंग से दिल्ली जाना चाहते हैं, लेकिन हरियाणा सरकार उन्हें शंभू बॉर्डर पर रोक रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को पूरी तरह रद्द किया जाना चाहिए तथा किसानों और आम लोगों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। पंढेर ने कहा कि शंभू बॉर्डर पर पहुंचने के बाद अन्य किसान नेताओं से चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

    वहीं भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता तेजवीर सिंह ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार ने बिना पूर्व सूचना के अंतरराज्यीय सीमा बंद कर दी, जिससे किसानों के साथ-साथ आम यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ बैरिकेड पंजाब की सीमा के भीतर लगाए गए हैं और इस पर पंजाब सरकार को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।

    सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रमुख गुरनाम सिंह चढ़ूनी को कुरुक्षेत्र में उस समय हिरासत में ले लिया गया था, जब वह महापंचायत में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे थे। उधर, पंजाब पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने इससे अधिक जानकारी देने से इनकार किया।

  • Jalandhar News: दुकान के ताले तोड़कर नगदी और सामान लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: दुकान के ताले तोड़कर नगदी और सामान लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: शहर की घास मंडी चौक के पास स्थित कुमार स्वीट शाप के ताले तोड़कर चोर गल्ले से नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी का पता दुकान मालिक को सुबह दुकान खोलने पहुंचने तब चला। दुकानदार ने चोरी की शिकायत थाना-5 की पुलिस को दी और सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
    कुमार स्वीट शाप के मालिक राजेश शर्मा ने बताया कि वह पिछले कई सालों से घास मंडी चौक में दुकान को चला रहे हैं।

    वह रोजाना की तरह बीती रात करीब 10 बजे दुकान को बंद करके घर चले गए थे और सुबह करीब साढ़े 8 बजे दुकान पर काम करने वाला युवक की दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो उसने दुकान के शटर पर लगे ताले टूटे देख उसे सूचित किया। वह दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दुकान का ग़ल्ला नीचे जमीन पर गिरा हुआ था और सामान बिखरा हुआ था। चोर दुकान के गल्ले के अंदर पड़ी करीब 25-30 हजार की नकदी सहित सामान चोरी कर ले जा चुके थे।

    चोरी की वारदात के बाद दुकान पर मौजूद मार्केट के लोगों ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनके इलाके में गश्त बढ़ायी जाए ताकि चोर लुटेरों के मन में खौफ बना रहे और वारदातें कम हो। वहीं थाना-5 के जांच अधिकारी एएसआई बलविंदर कुमार ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि घास मंडी चौक के पास स्थित दुकान के चोर ताले तोड़कर नक़दी और सामान चोरी करके ले गए हैं, जिसके बाद वह टीम सहित मौके पर पहुँचे हैं। वह घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रहे हैं ताकि चोरों के बारे में पता चल सके।

     

  • Punjab News: विवादों में घिरा BVM School, टीचर पर लगे छात्र को लैब में बंद करके मारपीट के आरोप, केस दर्ज, देखें वीडियो

    Punjab News: विवादों में घिरा BVM School, टीचर पर लगे छात्र को लैब में बंद करके मारपीट के आरोप, केस दर्ज, देखें वीडियो

    लुधियानाः बीवीएम स्कूल, उधम सिंह नगर में शिक्षक द्वारा 9वीं कक्षा के छात्र के साथ पिटाई का मामला सामने आया है। जहां आरोपी टीचर ने 13 वर्षीय छात्र को स्कूल की लैब में ले जाकर बंद कर दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट इतनी खतरनाक थी कि घर पहुंचने पर बच्चे के पेशाब (यूरिन) में खून आने लगा, जिसके बाद परिजनों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें शिक्षक की करतूत साफ नजर आ रही है। शिकायत मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने आरोपी शिक्षक अनिल कुमार अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

    सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि शिक्षक बच्चे को गर्दन से पकड़कर खींचते हुए लैब के अंदर लेकर आता है। अंदर लाते ही शिक्षक बिना किसी तरस के छात्र को एक के बाद एक लगातार 5-6 थप्पड़ जड़ देता है। इसके बाद शिक्षक बच्चे को खींचकर कमरे के दूसरे कोने में ले जाता है और दोबारा मारपीट शुरू कर देता है। बच्चा खुद को बचाने की कोशिश करता है तो आरोपी उसे नीचे दबा देता है और फिर थप्पड़ बरसाता है।

    पिता रूपेश बंसल द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार,घटना 17 जुलाई की है। जब उनका 13 वर्षीय बेटा प्रांशु बंसल स्कूल से घर लौटा तो वह काफी डरा-सहमा था और उसकी हालत बिगड़ रही थी। बच्चे ने रोते हुए बताया कि स्कूल के टीचर अनिल कुमार अग्रवाल ने उसे लैब में बंद करके बहुत बुरी तरह पीटा। मारपीट के बाद आरोपी टीचर ने धमकी दी थी कि अगर इस बारे में किसी को भी बताया तो जान से मार देगा।

    घर पहुंचने के कुछ समय बाद जब बच्चे को यूरिन आया, तो उसमें खून आ रहा था। अंदरूनी चोटों और गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे तुरंत लुधियाना के सिविल अस्पताल लेकर भागे, जहां उसका इलाज चल रहा है। BNS और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट में FIR दर्ज थाना डिवीजन नंबर-8, आरोपी शिक्षक अनिल कुमार अग्रवाल (निवासी हैबोवाल कलां में BNS की धारा 115(2), 126(2) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट (JJ Act) की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है जिसकी जांच एएसआई बलदेव सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

  • कॉकरोच पार्टी का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू: आज फिर करेंगे संसद मार्च

    कॉकरोच पार्टी का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू: आज फिर करेंगे संसद मार्च

    नई दिल्लीः कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP का फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू हो गया है। CJP का संसद मार्च के बाद दिल्ली पुलिस ने सोमवार शाम 5 बजे जंतर-मंतर खाली करवा दिया था।

    प्रदर्शनकारी और अभिजीत दीपके 6 घंटे बाद फिर लौट आए। सोमवार रात 11 बजे तक भारी तादाद में लोग जमा हो गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान दीपके ने कहा कि मंगलवार को भी संसद मार्च करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होने तक आंदोलन जारी रहेगा और जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे।

    प्रदर्शनकारी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत तीन मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। सोमवार को दीपके समेत CJP समर्थकों ने संसद तक मार्च किया था। पिछले 14 साल में पहली बार प्रदर्शनकारियों की भीड़ संसद के दरवाजे तक पहुंची है। इससे पहले 2012 में निर्भया कांड के विरोध में इस इलाके में बड़े स्तर पर प्रदर्शन हुआ था।

    आपको बता दें सोमवार को दिनभर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच जबरदस्त टकराव हुआ। इस टकराव में कई छात्रों के साथ दिल्ली पुलिस के जवान भी घायल हुए। दिल्ली पुलिस ने सोमवार रात को जंतर-मंतर को खाली करा दिया। इसके बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका और सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि केरल हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए।

  • सपाट शुरुआत के साथ खुला शेयर बाजार, इन स्टॉक्स में तेज उतार-चढ़ाव

    सपाट शुरुआत के साथ खुला शेयर बाजार, इन स्टॉक्स में तेज उतार-चढ़ाव

    नई दिल्लीः भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखने को मिल रही है। आज दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स और एनएससी निफ्टी लाल निशान पर खुले। सेंसेक्स 58.89 अंक गिरकर 77,649.63 पर आ गया; निफ्टी 22.45 अंक गिरकर 24,216.05 पर पहुंचा। मंगलवार को सेंसेक्स की 30 में से 21 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में खुले और बाकी की सभी 9 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले। जबकि, निफ्टी 50 की 50 में से 36 कंपनियों के शेयर तेजी के साथ हरे निशान में खुले और 13 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले, जबकि 1 कंपनी का शेयर बिना किसी गिरावट के खुला।

    सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर आज सबसे ज्यादा 0.75 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले। जबकि, देश के सबसे बड़े प्राइवेट सेक्टर के बैंक एचडीएफसी बैंक के शेयर आज सबसे ज्यादा 1.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले।

    बताते चलें कि सोमवार को भी एचडीएफसी बैंक के शेयर सबसे बड़ी गिरावट के साथ खुले थे। सेंसेक्स के बाकी शेयरों में आज टेक महिंद्रा के शेयर 0.72 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.70 प्रतिशत, टाटा स्टील 0.64 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा बैंक 0.64 प्रतिशत, इंडिगो 0.50 प्रतिशत, एचसीएल टेक 0.43 प्रतिशत, एलएंडटी 0.40 प्रतिशत, टीसीएस 0.35 प्रतिशत, भारती एयरटेल 0.29 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 0.25 प्रतिशत, एसबीआई 0.23 प्रतिशत, एनटीपीसी 0.22 प्रतिशत, आईटीसी 0.21 प्रतिशत, इन्फोसिस 0.21 प्रतिशत, बीईएल 0.21 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.15 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.11 प्रतिशत, पावर ग्रिड 0.10 प्रतिशत, ट्रेंट 0.09 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 0.06 प्रतिशत की तेजी के साथ खुले।

    वहीं दूसरी तरफ, सोमवार को एटरनल के शेयरों ने 0.61 प्रतिशत, सन फार्मा 0.47 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 0.43 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.24 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 0.19 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 0.15 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 0.11 प्रतिशत और टाइटन के शेयरों ने 0.10 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार शुरू किया।

  • Jalandhar News: 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप, देखें वीडियो

    Jalandhar News: 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: नूरमहल के मॉडल टाउन इलाके में एक 35 वर्षीय शादीशुदा महिला द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया। मृतका के मायके परिवार ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनकी बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे तंग आकर उसने मौत को गले लगा लिया।

    घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के भाई जय चंद निवासी गुरु रविदास नगर बूटा मंडी जालंधर अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी सबसे छोटी बहन सरबजीत कौर की शादी साल 2012 में बलविंदर कुमार निवासी मॉडल टाउन नूरमहल के साथ पूरे रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे हुए। जय चंद और पीड़ित परिवार का आरोप है कि सरबजीत कौर अपनी शादीशुदा जिंदगी में खुश नहीं थी। काफी समय से उसका अपने ससुराल वालों के साथ किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था।

    आरोप है कि पति बलविंदर कुमार, ससुर अमरजीत, सास जगीरों और ननद नीलो उसे लगातार कथित रूप से प्रताड़ित और परेशान करते आ रहे थे। मायके परिवार का कहना है कि इसी रोज-रोज के क्लेश और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर सरबजीत कौर ने मानसिक तनाव में आकर फांसी लगा ली और अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के भाई और मायके पक्ष के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

     

     

     

  • बारिश को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, सभी स्कूल बंद

    बारिश को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट, सभी स्कूल बंद

    शिमलाः हिमाचल प्रदेश में अगले 2 दिन मौसम को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग (IMD) ने आज 20 जुलाई और कल 21 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बहुत भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, मलबा आने, निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में अचानक वृद्धि और फ्लैश फ्लड का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में संभावित प्राकृतिक आपदा और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आनी और निरमंड उपमंडलों के सभी सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों को मंगलवार, 21 जुलाई को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

    प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम सामान्य होने तक सतर्कता बरती जाएगी। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुराग चन्द्र शर्मा ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 तथा 34(एम) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह आदेश जारी किए हैं। आदेश के दायरे में सरकारी और निजी स्कूलों के अलावा डाइट, आंगनवाड़ी केंद्र, महाविद्यालय, आइटीआइ, पालिटेक्निक, इंजीनियरिंग तथा फार्मेसी कॉलेज भी शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार यह निर्णय आनी और निरमंड के उपमंडल अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है।

    लगातार हो रही वर्षा, भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम आवश्यक माना गया। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों और अधिकारियों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि रेड अलर्ट के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के समीप न जाएं और मौसम विभाग तथा जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने कहा कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।