Blog

  • Punjab News: इस इलाके में टूटी नहर, खेतों में पानी घुसने से डूबी फसलें, देखें वीडियो

    Punjab News: इस इलाके में टूटी नहर, खेतों में पानी घुसने से डूबी फसलें, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः जिले के गांव आसल से गुजरने वाली मायान वाला नहर एक बार फिर टूटने से किसानों के लिए बड़ी चिंता बन गई है। नहर में दरार आने से कई एकड़ में खड़ी फसल पानी में डूब गई है। कई किसानों ने बताया कि ठेके पर ली गई ज़मीन भी पानी की लपेट में आ गई है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

    उन्होंने कहा कि नहर विभाग को कई बार शिकायत की गई, लेकिन विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया। आज जब नहर टूटी तो घटनास्थल पर पहुंचे एसडीओ मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे और किसी भी तरह की मदद नहीं की। लोगों ने स्वयं मिट्टी के भर-भर के ढेर लगा दिए।

    वहीं मौके पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के नेता सुखराज गोरा ने कहा कि इसमें कोई दोराय नहीं कि सरकार काम नहीं कर रही, लेकिन निचले स्तर के कुछ अधिकारी सरकार को ठप करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ मुख्यमंत्री को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और इन्हीं अधिकारियों की जेबों से किसानों का हुआ नुकसान भरवाया जाना चाहिए।

  • श्री राम मंदिर के बाद अब इस मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी, जांच के आदेश, देखेें वीडियो

    श्री राम मंदिर के बाद अब इस मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी, जांच के आदेश, देखेें वीडियो

    बद्रीनाथः श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बाद अब श्री बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे में कथित हेराफेरी के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जिसकों लेकर लोगों में हड़कंप मच गया है।

    काल भैरव सेना के अध्यक्ष संजीव खत्री ने आरोप लगाया है कि श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष के निजी सहायक के रूप में कार्यरत एक कर्मचारी ने मंदिर में आए चढ़ावे में हेराफेरी की है। उन्होंने दावा किया कि कथित घटना सुबह करीब 8 से 8:30 बजे के बीच हुई और उस समय की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जानी चाहिए। उनका ये दावा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

    आपको बता दें इससे पहले श्री राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में प्रशासन ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस आरोपियों के घरों में बुलडोजर की भी कार्रवाई की जा रही है।

    इन आरोपों के बाद श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने जांच के आदेश दिए हैं। समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए आंतरिक जांच समिति गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यदि जांच में कोई भी कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    हेमंत द्विवेदी ने इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे दावों का खंडन करते कहा कि जिस कर्मचारी को उनका निजी सचिव बताया जा रहा है, वह उनका निजी सचिव नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति मंदिर समिति का नियमित सरकारी कर्मचारी है और पहले भी समिति के तीन अध्यक्षों के साथ वैयक्तिक सहायक के रूप में कार्य कर चुका है।

    वहीं बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि वायरल आरोपों के बाद मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई गई। हालांकि उपलब्ध फुटेज में अपेक्षित स्पष्टता नहीं मिल सकी। मामले की पूरी जानकारी समिति अध्यक्ष को दे दी गई है और उनके निर्देश पर संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।

    मंदिर समिति ने अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को फैलाने से बचा जाए। समिति का कहना है कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े विश्वविख्यात श्री बद्रीनाथ धाम से संबंधित है, इसलिए तथ्यों के सामने आने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

     

  • सूरज सिनेमा की पार्किंग से 6 लाख की हेरोइन सहित तस्कर और साथी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    सूरज सिनेमा की पार्किंग से 6 लाख की हेरोइन सहित तस्कर और साथी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूलाः पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 30 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी से की गई पूछताछ में ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ, जिसके आधार पर पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मुख्य सप्लायर सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अदालत ने दोनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

    एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज के अनुसार एंटी नारकोटिक सेल को 2 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर निवासी तुषार कौशिक सेक्टर-1 स्थित सूरज सिनेमा की पार्किंग में हेरोइन की सप्लाई देने आने वाला है। सूचना को पुख्ता मानते हुए इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंचकर तुषार कौशिक को काबू किया। उसकी तलाशी के दौरान जेब से 30 ग्राम हेरोइन, मोबाइल फोन और 420 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद हीरोइन की बाजार में कीमत करीब 6 लाख रुपए है। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-7 पंचकूला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

    डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह: पूछताछ के दौरान आरोपी तुषार कौशिक ने खुलासा किया कि बरामद हेरोइन उसने हिमाचल प्रदेश निवासी हर्षित शर्मा के कहने पर खरीदी थी। इस खुलासे के बाद पुलिस ने हर्षित शर्मा को भी मामले में गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान एक अन्य युवक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। आरोपियों से पूछताछ के दौरान ड्रग सप्लाई चेन से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए हर पहलू पर कार्रवाई जारी रहेगी।

  • पति को नींद की गोलियां खिलाकर मारा, बाथरूम में दफनाया शव, कहा- शराब पीकर मारता था

    पति को नींद की गोलियां खिलाकर मारा, बाथरूम में दफनाया शव, कहा- शराब पीकर मारता था

    आगराः आगरा में एक महिला ने पति की हत्या कर देने का मामला सामने आया है। पत्नी ने पति को मारकर उसका शव बाथरूम में दफना दिया। आजकल ऐसे मामले बहुत आ रहे है, जिसमें पत्नी अपने पति को मौत के घाट उतार देती है। हाल ही में केतन और सिया मर्डर केस भी सुर्खियां में रहा है। जिसमें सिया ने अपने मंगेतर को पहाड़ी से धक्का मारकर मार दिया था।

    जानकारी के अनुसार आगरा में महिला ने पति को मारकर उसका शव बाथरूम में दफना दिया। ऊपर से फर्श बनवा दी कि किसी को पता न चल सके। महिला के हौसला इतना बुलंद था कि वह उसी बाथरूम में रोजाना नहाती रही। इस दौरान 45 दिनों तक पुलिस और घरवालों को गुमराह किया। जांच के दौरान महिला पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज देखती रही और रोने का नाटक करती रही, लेकिन उसके व्यवहार से जेठ को शक हो गया था। जिसके बाद महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर फर्श तोड़ा जहां से पति का कंकाल बरामद हुआ।

    महिला ने पुलिस को बताया कि पति शराब पीकर मारपीट करता था, इसलिए उसने खीर में 18 से ज्यादा नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिलाईं, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने जेठ को फोन कर राजस्थान से बुलाया और दोनों बच्चों और सास को घर से भेज दिया।

    फिर शव को कमरे से खींचकर बाथरूम में ले जाकर गड्ढा खोदकर दफना दिया। इसके बाद जेठ को बताया कि पति उससे झगड़ा कर 5 हजार रुपए लेकर चला गया है। फिर वह खुद भी राजस्थान चली गई। आठ दिन बाद लौटकर उसने मजदूर बुलवाए और बाथरूम का फर्श बनवा दिया। सुरेंद्र शर्मा मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे। वे आगरा में पत्नी, बच्चों और मां के साथ रहते थे।

    मृतक के दो बच्चे भी है। बड़े भाई अनिल शर्मा ने बताया कि सुरेंद्र और रूबी के बीच अनबन रहती थी। 18 मई की सुबह 9-10 बजे रूबी का उनके पास फोन आया था। वह कह रही थी कि घर में पुलिस का कोई केस बन गया है, आप मम्मी और दोनों बच्चों को यहां से ले जाओ। मैंने उससे पूरी बात पूछी, लेकिन उसने कुछ बताया नहीं, बस तीनों को ले जाने के लिए कहा।

    इसके बाद 19 मई की शाम को रूबी ने फिर मुझे फोन किया। कहा कि यहां मेरा मन नहीं लग रहा, मुझे भी बच्चों के पास ले जाओ। 19 मई को मैं आगरा पहुंचा और रूबी को राजस्थान लेकर आया। रूबी और उसके दोनों बच्चे लगभग 7–8 दिन उसके घर पर रहे।

    7–8 दिनों तक सुरेंद्र का पता नहीं चला तो 26 मई को मैंने भाई सुरेंद्र शर्मा की गुमशुदगी दर्ज कराई। रूबी पूरे परिवार और पुलिस को गुमराह करती रही। वह पुलिस के साथ पति की खोजबीन करती थी और बीच-बीच में रोने भी लगती थी। इस पर मुझे रूबी पर शक होने लगा।

  • Jalandhar News: राजन कोहली के घर पुलिस और एक्साइज विभाग की रेड, भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, देखें वीडियो

    Jalandhar News: राजन कोहली के घर पुलिस और एक्साइज विभाग की रेड, भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: भार्गव कैंप और गांधी कैंप में स्थित घरों में पुलिस और एक्साइज डिपार्टमेंट ने रेड की। इस दौरान पुलिस और एक्साइज विभाग की टीम को हिमाचल मार्का सहित अवैध शराब मिली। हालांकि तस्कर मौके से भाग निकला। आरोपी की पहचान राजन कोहली के रूप में हुई है। वहीं दूसरी ओर गांधी कैंप में थाना 2 की एसएचओ अनु ने शीला नामक व्यक्ति के घर पर रेड की। इस दौरान घर से भारी मात्रा में शराब बरामद की। हैरानी की बात यह हैकि भार्गव कैंप में पुलिस और एक्साइज विभाग की टीम की मौजूदगी में ग्राहक शराब लेने पहुंच रहे थे। एक्साइड इंस्पेक्टर जसपाल सिंह ने बताया कि उनको बस्ती एरिया में अवैध शराब बिकने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद उन्होंने भार्गव कैंप पुलिस के साथ रेड की।

    इससे पहले ही तस्कर भाग निकला। जब घर की तलाशी ली तो अंदर से ढाई पेटी शराब मिली। इसमें एक पेटी हिमाचल की शराब थी। एक्साइज इंस्पेक्टर ने बताया कि शराब को जब्त कर पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया गया है। भार्गव कैंप पुलिस का कहना है आरोपी के खिलाफ पहले भी थाने में पर्चे हैं। कई बार ये पकड़ा जा चुका है लेकिन बार-बार शराब का धंधा शुरू कर देता है। आरोपी की पहचान हो गई है। उसे पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है। जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा।

    थाना 2 की एसएचओ अनु ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर गांधी कैंप में शीला नामक व्यक्ति के घर पर एक्साइज विभाग की टीम के साथ रेड की गई। इस दौरान घर से अलग-अलग ब्रांड की भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। जांच में सामने आया है कि शीला पर पहले भी कई मामले दर्ज है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि जब पुलिस और एक्साइज डिपार्टमेंट की कार्रवाई चल रही थी तो मौके पर कई ग्राहक शराब लेने के लिए पहुंचे। ग्राहकों ने नाम न बताते हुए कहा कि वह रोज यहां पर शराब लेने के लिए आते हैं और एक पव्वा 60 रुपए में मिलता है। हालांकि पुलिस ने ग्राहकों को लौटा दिया। पुलिस ने रेड के बाद घर को सील कर दिया है।

  • Punjab News: 4 दिनों तक 13 जिलों में अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी

    Punjab News: 4 दिनों तक 13 जिलों में अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी

    मोहालीः पंजाब में शनिवार 4 जुलाई से मौसम एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ केंद्र के अनुसार अगले 4 दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और कई स्थानों पर बारिश की संभावना बनी रहेगी। कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर लोगों को उमस और गर्मी से राहत देगा। शुक्रवार को राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना रहा।

    राज्य में सबसे अधिक 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान गुरदासपुर में दर्ज किया गया। शुक्रवार को बारिश की कमी से पारा चढ़ गया। हालांकि, आज गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने शनिवार को 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है। छह जुलाई से चार दिन के लिए भारी बारिश का भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को राज्य में मुख्य रूप से मौसम शुष्क बना रहा। कुछ जगहों पर ही हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हुई। शनिवार को पंजाब के 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

    इन जिलों में पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण पश्चिम मानसून के पंजाब के बाकी हिस्सों में अगले चार से पांच दिन में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। फाजिल्का 38.0 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। न्यूनतम तापमान में भी 2.7 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जो फिलहाल सामान्य के करीब है।

     

  • Jalandhar News: बोलैरो चालक ने एक्टिवा में मारी टक्कर, साइलेंट अटैक से हुआ हादसा, देखें वीडियो

    Jalandhar News: बोलैरो चालक ने एक्टिवा में मारी टक्कर, साइलेंट अटैक से हुआ हादसा, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: काला सिंघा रोड पर देर रात सड़क हादसा हो गया। दरअसल, तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप गाड़ी ने सड़क किनारे खड़ी एक्टिवा को टक्कर मार दी। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस की शुरुआती जांच और चश्मदीदों के मुताबिक, बोलेरो चालक को अचानक साइलेंट अटैक (दिल का दौरा) आने के कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अचेत चालक को सीपीआर (CPR) दिया और एम्बुलेंस न मिलने पर अपनी गाड़ी में अस्पताल पहुंचाया। वहीं, हादसे के वक्त गाड़ी में सवार एक महिला मौके से फरार हो गई।

    प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों के अनुसार, दुबई कॉलोनी की गली के बाहर एक एक्टिवा खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बलेरो पिकअप गाड़ी सीधे आकर एक्टिवा में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा पूरी तरह गाड़ी के नीचे दबकर चकनाचूर हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे के समय एक्टिवा पर कोई सवार नहीं था और पास में कुर्सियां व मंजी (चारपाई) लगाकर बैठे लोग भी बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस के अनुसार, बोलेरो चालक गुरु नानक कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है जो अक्सर इसी इलाके में गाड़ी खड़ी करता था।

    आशंका जताई जा रही है कि अचानक तबीयत बिगड़ने या साइलेंट अटैक आने की वजह से वह गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा। चश्मदीदों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद गाड़ी में सवार एक महिला, जो शायद चालक की जानकार थी, डर के मारे मौके से भाग निकली। घटना की सूचना मिलते ही डिवीजन नंबर 5 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि गाड़ी के अंदर ही फंसे चालक की हालत बेहद गंभीर थी और उसकी सांसें थम रही थीं। पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर ही उसे सीपीआर (CPR) देना शुरू किया। काफी कोशिशों के बाद भी जब सरकारी एम्बुलेंस का नंबर नहीं लगा, तो पुलिस समय गंवाए बिना अचेत ड्राइवर को अपनी ही सरकारी गाड़ी में डालकर नजदीकी अस्पताल के लिए रवाना हुई। पुलिस मामले की आगामी तफ्तीश में जुट गई है और गाड़ी को साइड करवाकर रास्ता साफ कराया जा रहा है।

  • Jalandhar से सासंद चन्नी को दिल्ली से आया फोन, जल्द पार्टी ले सकती है फैसला

    Jalandhar से सासंद चन्नी को दिल्ली से आया फोन, जल्द पार्टी ले सकती है फैसला

    मोहालीः पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में गुटबाजी देखने को मिली। दरअसल, पार्टी से नाराज चल रहे चन्नी ने कल मोरिंडा में स्थित घर में 50 से ज्यादा नेता इकट्‌ठे कर हाईकमान का फैसला रिजेक्ट कर दिया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए चन्नी गुट ने कहा कि एक सप्ताह के बाद वह हाईकमान से मुलाकात करेंगे और अपना विरोध दर्ज कराएंगे। सूत्रों के मुताबिक चन्नी की नाराज़गी और उनकी अगुवाई में पार्टी नेताओं की बैठक की खबरें मिलने के बाद कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने चन्नी को फोन कर कोई बड़ा फैसला ना लेने की सलाह दी है।

    नेता ने चन्नी को भरोसा दिलाया है कि 7 जुलाई को राहुल गांधी विदेश से लौट रहे हैं। उनके आने के बाद उनकी राहुल गांधी से बैठक करवाई जाएगी। बताया जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में पंजाब कांग्रेस मामलों के इंचार्ज भूपेश बघेल भी चंडीगढ़ आ सकते हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि यह पहले से तय था कि इस बैठक में चन्नी की तरफ से पार्टी छोड़ने या बगावती रुख़ संबंधी कोई फैसला नहीं लिया जाएगा। केवल विरोधी पार्टियों ने ही इसे तूल दिया। चन्नी के घर हुई बैठक सिर्फ पार्टी हाईकमान पर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा थी।

    यही कारण है कि इतने नेता अपने समर्थन के बावजूद चन्नी ने कोई सख्त ऐलान नहीं किया और न ही पार्टी नेतृत्व या पार्टी के खिलाफ खुले तौर पर कुछ कहा। दिल्ली से फोन आने की बात से चन्नी दबाव बनाने में कामयाब दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक बैठक में अधिकांश नेताओं ने अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की अध्यक्षता को कांग्रेस के लिए खतरे की घंटी बताया। पूर्व विधायक मदन लाल तो यहां तक कह दिए कि राजा वडिंग अध्यक्षता के लायक नहीं हैं। पूर्व विधायक दर्शन सिंह बराड़ ने कहा कि वे वडिंग की अध्यक्षता में काम नहीं करेंगे। पूर्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ ने कहा कि नीचे के स्तर पर लोग चन्नी को पसंद करते हैं। जानकारी के अनुसार बैठक में फैसला लिया गया कि चन्नी की हाईकमान से मुलाकात होने के बाद फिर एक बार बैठक की जाएगी।

  • आज का राशिफल, 4 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 4 जुलाई 2026

    आज पुरानी बातों को नए सिरे से देखने का दिन है, और साथ ही नई शुरुआत को थोड़े शाही अंदाज में मनाने का भी। जिन राशियों का लग्न या भाग्य भाव शुक्र के इस बदलाव से छू रहा है, उनके लिए आज का दिन यादगार बनने वाला है। पूजा-पाठ और शुभ कामों के लिए मुहूर्त बढ़िया है, बस बुध वक्री की वजह से नए कॉन्ट्रैक्ट, बड़ी शॉपिंग या हड़बड़ी में लिए फैसलों से थोड़ा बचकर चलें। ऐसे में आइए जानते हैं चंद्र और लग्न के हिसाब से कैसा रहेगा आपका आज का दिन।

    मेष राशि: आज का दिन आपके लिए तरक्की और नई उपलब्धियों के संकेत लेकर आया है। आपकी मेहनत आखिरकार रंग दिखाने लगी है और रुके हुए कामों में भी गति आती नजर आएगी। यदि कोई सरकारी कार्य लंबे समय से अटका हुआ था, तो आज उसके पूरे होने की खुशखबरी मिल सकती है। कार्यक्षेत्र में किसी सहकर्मी की बात मन को थोड़ी खटक सकती है, लेकिन दूसरों की राय से अपने आत्मविश्वास को कमजोर न होने दें। जमीन-जायदाद से जुड़े मामलों में सावधानी बरतें और दस्तावेज़ों की अच्छी तरह जांच कर लें। स्वास्थ्य भी आपका ध्यान मांग सकता है, इसलिए लापरवाही से बचें।

    वृष राशिः आज का दिन आपके चेहरे पर मुस्कान और मन में उत्साह लेकर आने वाला है। आप हर काम सोच-समझकर करेंगे और यही समझदारी आपको सफलता दिलाएगी। परिवार के किसी सदस्य को लेकर जो चिंता आपके मन में थी, वह धीरे-धीरे समाप्त होती दिखाई दे रही है। व्यापार के सिलसिले में यात्रा का योग बन सकता है और यह यात्रा भविष्य में लाभदायक साबित हो सकती है। विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से राहत मिलेगी और उनका मन फिर से पढ़ाई में लगने लगेगा। दिनभर ऊर्जा और सकारात्मकता आपके साथ बनी रहेगी।

    मिथुन राशि : आज आपको छोटी-सी लापरवाही से भी बचना होगा, क्योंकि यही सावधानी आपको बड़ी परेशानी से बचा सकती है। यदि पिताजी के साथ किसी बात को लेकर मतभेद चल रहा था, तो आज बातचीत के माध्यम से रिश्तों में फिर से मधुरता लौट सकती है। संतान की ओर से कोई सुखद समाचार सुनने को मिल सकता है, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। वाहन चलाते समय विशेष सावधानी रखें। कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों की बातों को गंभीरता से लें, क्योंकि आज की गई समझदारी भविष्य में आपके लिए नए अवसरों के द्वार खोल सकती है।

    कर्क राशि: आज खुशियां आपके दरवाजे पर दस्तक दे सकती हैं। परिवार के साथ बिताया गया समय आपके मन को सुकून देगा और पुरानी चिंताएं धीरे-धीरे दूर होती जाएंगी। बच्चों के साथ हंसी-मजाक और मस्ती के पल आपके दिन को खास बना देंगे। जीवनसाथी को करियर में कोई बड़ी उपलब्धि या प्रमोशन मिल सकता है, जिससे पूरे घर में उत्साह का माहौल रहेगा। मेहनत आपको अपेक्षा से अधिक करनी पड़ सकती है, लेकिन धैर्य रखें क्योंकि सफलता आपकी ओर बढ़ रही है।

    सिंह राशि: आज आपके साहस और आत्मविश्वास की चमक दूर तक दिखाई देगी। लोग आपकी क्षमता को पहचानेंगे, लेकिन काम निकालने के लिए थोड़ा नरम व्यवहार अपनाना भी जरूरी होगा। अनजान लोगों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करने से बचें। पारिवारिक मामलों को लेकर कुछ चिंता हो सकती है, लेकिन आपकी समझदारी हर समस्या का समाधान निकाल लेगी। संतान से किया गया कोई वादा आज पूरा करना पड़ सकता है और उनकी खुशी देखकर आपका मन भी प्रसन्न हो जाएगा।

    कन्या राशि: आज भाग्य आपके प्रयासों का साथ देने के लिए तैयार दिखाई दे रहा है। कार्यक्षेत्र में किसी सहकर्मी के साथ हल्की नोकझोंक हो सकती है, लेकिन स्थिति जल्दी ही सामान्य हो जाएगी। विदेश में पढ़ाई का सपना देखने वाले विद्यार्थियों को कोई उत्साहजनक समाचार मिल सकता है। परिवार में पुरानी नाराजगियां दूर होंगी और रिश्तों में फिर से मिठास घुलेगी। नए वाहन की खरीदारी को लेकर चर्चा आगे बढ़ सकती है और मन में उत्साह बना रहेगा।

    तुला राशिः आज आपको फिजूलखर्ची और दिखावे से दूरी बनाकर रखने की आवश्यकता है। कोई सरकारी मामला या लेन-देन से जुड़ा विवाद थोड़ा तनाव दे सकता है, इसलिए हर कदम सोच-समझकर उठाएं। संतान के भविष्य और शिक्षा को लेकर आप किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह ले सकते हैं। अपने लिए कुछ नई चीजें खरीदने का मन भी बन सकता है। घर में किसी प्रिय अतिथि के आगमन से वातावरण में रौनक और खुशी दोनों बढ़ जाएंगी।

    वृश्चिक राशिः आज का दिन आपके लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं रहेगा। कोई महत्वपूर्ण काम पूरा हो सकता है और उसकी खुशी में आप अपने प्रियजनों के साथ उत्सव का माहौल भी बना सकते हैं। व्यापार में साझेदारी लाभ का कारण बन सकती है और नई योजनाएं आपके कारोबार को नई दिशा दे सकती हैं। नए वाहन की खरीदारी का विचार भी मन में आ सकता है। कुल मिलाकर आज का दिन उपलब्धियों और संतोष से भरा रहेगा।

    धनु राशिः आज आर्थिक मामलों में सुखद संकेत मिल रहे हैं। आय के नए स्रोत खुल सकते हैं और व्यापार में भी प्रगति के अवसर दिखाई दे रहे हैं। यदि कोई सरकारी कार्य लंबे समय से रुका हुआ था, तो उसके पूरे होने की संभावना है। संतान के उज्ज्वल भविष्य को लेकर आप कोई महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं। यात्रा के दौरान कोई ऐसी जानकारी मिल सकती है, जो आने वाले समय में आपके लिए लाभ का कारण बनेगी।

    मकर राशिः आज का दिन आपके लिए कई सकारात्मक परिणाम लेकर आया है। हालांकि जीवनसाथी के साथ किसी छोटी बात को लेकर मतभेद हो सकता है, लेकिन समझदारी से स्थिति संभल जाएगी। परिवार के किसी सदस्य की सेहत को लेकर थोड़ी भागदौड़ करनी पड़ सकती है। कार्यक्षेत्र में जिम्मेदारियां बढ़ेंगी और आपको अतिरिक्त मेहनत भी करनी पड़ सकती है। अच्छी बात यह है कि आपकी आर्थिक स्थिति धीरे-धीरे मजबूत होती दिखाई दे रही है।

    कुंभ राशिः आज का दिन सेवा, सहयोग और अच्छे कर्मों के नाम रहेगा। किसी जरूरतमंद की मदद करके आपको आत्मिक संतोष मिलेगा। कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ किसी विषय पर मतभेद हो सकता है, लेकिन संयम बनाए रखना आपके हित में रहेगा। घर में मेहमानों की चहल-पहल से माहौल खुशनुमा रहेगा। माता जी आपको कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप सकती हैं और आप उसे सफलता से निभाने में सक्षम रहेंगे।

    मीन राशिः आज आपको अपने खर्चों पर थोड़ा नियंत्रण रखने की जरूरत होगी, क्योंकि बढ़ते खर्च आपकी चिंताओं को बढ़ा सकते हैं। स्वास्थ्य भी आपका ध्यान मांग सकता है, इसलिए आराम और दिनचर्या का विशेष ख्याल रखें। विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के नए अवसर खुल सकते हैं। संतान की ओर से कोई गर्व करने वाली खबर मिल सकती है। कार्यक्षेत्र में यदि कोई पुरानी गलती सामने आती है, तो विनम्रता और समझदारी से स्थिति संभालना ही आपके लिए सबसे अच्छा रहेगा। राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों से मुलाकात हो सकती है, जो भविष्य में लाभदायक साबित होगी।

  • नलकूप/ट्यूबवेल के पानी की होगी मुफ्त वैज्ञानिक जांच: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

    नलकूप/ट्यूबवेल के पानी की होगी मुफ्त वैज्ञानिक जांच: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

     कहा- पानी की रिपोर्ट के आधार पर फसल चयन’ की व्यवस्था बनेगी

    चंडीगढ़ः हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में किसानों के नलकूपों/ट्यूबवेलों के पानी की गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए, ताकि किसानों को उनके खेत और पानी की गुणवत्ता के अनुरूप समय पर वैज्ञानिक सलाह उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी नलकूपों के पानी की गुणवत्ता की जांच करवाएगी और इस पूरी प्रक्रिया को किसान हित में सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाएगा।

    मुख्यमंत्री शुक्रवार को चंडीगढ़ में राज्य सरकार की बजट घोषणाओं, मुख्यमंत्री घोषणाओं तथा संकल्प पत्र-2024 की प्रतिबद्धताओं की समीक्षा के लिए आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की योजनाओं एवं परियोजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।

    बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार,डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर की प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार, कृषि विभाग के महानिदेशक राजनारायण कौशिक, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेन्द्र बढ़खालसा, मुख्यमंत्री के ओएसडी एवं स्वर्ण जयंती हरियाणा राजकोषीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

    नलकूप /ट्यूबवेल के पानी की मुफ्त जांच, ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल से जुड़ेगी पूरी व्यवस्था
     मुख्यमंत्री ने बैठक में निर्देश दिए कि किसानों के नलकूपों के पानी के नमूनों की मुफ्त जांच सुनिश्चित की जाए तथा किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने पानी के नमूने परीक्षण हेतु संबंधित प्रयोगशालाओं में जमा कराने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि इस पूरी व्यवस्था को ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल से जोड़ा जाए, ताकि प्रत्येक नमूने का रिकॉर्ड, उसकी जांच रिपोर्ट और उससे संबंधित कृषि परामर्श डिजिटल रूप से उपलब्ध हो सके।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि नलकूपों के पानी की जांच में कार्बोनेट, बाइकार्बोनेट, कैल्शियम, मैग्नीशियम, सोडियम, क्लोराइड सहित अन्य आवश्यक रासायनिक तत्वों और जल गुणवत्ता मानकों का परीक्षण किया जाए।

     प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावापात्र किसानों को प्रोत्साहन राशि
    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए बजट 2026-27 में की गई घोषणाओं के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किसानों को सहायता उपलब्ध कराने, प्रमाणन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा इस क्षेत्र में संस्थागत ढांचा विकसित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। बैठक में इस संबंध में विभिन्न प्रावधानों, व्यवस्थाओं और क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि एपीडा (APEDA) से प्रमाणित अथवा प्राकृतिक/जैविक खेती अपनाने वाले किसानों को 10,000 रुपये प्रति एकड़ प्रति वर्ष की दर से प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया जाए, ताकि पात्र किसानों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार इसका लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना से संबंधित पात्रता, आवेदन, प्रमाणन, सत्यापन तथा अनुदान वितरण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए।

    उन्होंने कृषि विभाग के स्वामित्व वाली लगभग 800 एकड़ भूमि पर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भूमि का उपयोग प्राकृतिक/जैविक खेती के लिए करने संबंधी व्यवस्था को आगे बढ़ाया जाए, ताकि इच्छुक किसानों को इस दिशा में प्रोत्साहित किया जा सके।

    मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि प्राकृतिक खेती को व्यवहारिक रूप से मजबूत बनाने के लिए किसानों को आवश्यक आधारभूत सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों को देसी गाय खरीदने के लिए 30,000 रुपये  तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जाए, ताकि किसान गो-आधारित प्राकृतिक खेती के लिए जरूरी संसाधन जुटा सकें। प्राकृतिक खेती से संबंधित प्रमाणन, प्रोत्साहन, प्रशिक्षण, भूमि उपयोग, विपणन और उत्पादों की बिक्री जैसे सभी पहलुओं को एकीकृत दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया जाए, ताकि किसानों को उत्पादन से लेकर बाजार तक बेहतर व्यवस्था मिल सके।

     फॉस्फोरस युक्त जैविक खाद (PROM) को बढ़ावा देने पर जोर
    बैठक में मुख्यमंत्री ने फॉस्फोरस युक्त जैविक खाद  के उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि मृदा स्वास्थ्य सुधार, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को मजबूत आधार देने के लिए ऐसी जैविक खादों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फॉस्फोरस युक्त जैविक खाद  सहित अन्य जैविक खादों के उपयोग, उपलब्धता और लाभों के बारे में जागरूक किया जाए तथा इन्हें प्राकृतिक एवं जैविक खेती से जुड़े कार्यक्रमों के साथ प्रभावी रूप से जोड़ा जाए।

     गन्ना उत्पादन बढ़ानेप्रोत्साहन राशि और आधुनिक तकनीक पर जोर
    सैनी ने बैठक में गन्ना उत्पादन को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से गन्ना क्षेत्र से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गन्ने की अधिक पैदावार के लिए दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए, ताकि किसान उन्नत तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों को राहत देने और लागत कम करने के लिए शुगरकेन हार्वेस्टर उपलब्ध कराने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएं।

    मुख्यमंत्री ने टिश्यू कल्चर के माध्यम से गन्ने की उत्पादकता और गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इस तकनीक के विस्तार से किसानों को बेहतर किस्म, अधिक उत्पादन और बेहतर आय सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गन्ने से संबंधित सभी योजनाओं, प्रोत्साहन प्रावधानों, आधुनिक तकनीकों और यंत्रीकरण को समन्वित दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया जाए, ताकि प्रदेश में गन्ना उत्पादन को नई गति मिल सके।

    कपास की फसल को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी उपलब्ध कराने के निर्देश
    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में कपास की फसल को बढ़ावा देने के लिए किसानों को आवश्यक सहायता और सब्सिडी उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।

     कृषि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे : मुख्यमंत्री
    मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट घोषणाओं, मुख्यमंत्री घोषणाओं तथा संकल्प पत्र में किए गए प्रत्येक वादे को निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचना चाहिए और विभाग सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करे।